शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के बलिदान दिवस पर 22 नवंबर को सूरसदन प्रेक्षागृह में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन ऐ वतन तेरे लिए आयोजित किया जाएगा। दोपहर दो बजे होने वाले कार्यक्रम में देशभर के कवि राष्ट्रभक्ति की रचनाओं से शहीद को काव्यांजलि देंगे। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मुख्य अतिथि होंगे। शहीद के जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन भी किया जाएगा। कैप्टन शुभम फाउंडेशन और भारत विकास परिषद की ओर से आयोजित कार्यक्रम के आमंत्रण पत्र का विमोचन बृहस्पतिवार को संजय प्लेस स्थित एक रेस्तरां में किया गया। फाउंडेशन के संस्थापक और शहीद के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता ने बताया कि नई पीढ़ी को उनके साहस, समर्पण और बलिदान से परिचित कराने के लिए आयोजन किया जा रहा है। डॉ. केशवदत्त गुप्ता और डॉ. तरुण शर्मा ने बताया कि कवि सम्मेलन में जबलपुर के सुदीप भोला, भोपाल के पवन जैन, दिल्ली के प्रवीण शुक्ला, लखनऊ की डॉ. कविता तिवारी, इटावा के गौरव चौहान और इंदौर के एकाग्र शर्मा काव्य पाठ करेंगे। प्रमोद अग्रवाल और विनय सिंघल ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री में कैप्टन शुभम के जीवन, सैन्य सफर और बलिदान को दिखाया जाएगा। इस अवसर पर राजीव अग्रवाल, टीटू गोयल, धर्मगोपाल मित्तल, मुकेश मित्तल, तपन अग्रवाल, सीए विवेक अग्रवाल, उमेश बंसल और संजीव दौनेरिया मौजूद रहे।