एचआर पॉलिसी और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर रोजगार सेवकों ने शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उनके समर्थन में तकनीकी सहायक, कंप्यूटर ऑपरेटर और अपर कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य संवर्ग के कार्मिक भी आ गए। उन्होंने सीडीओ को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया। वीबी जी राम जी कार्मिक कल्याण संगठन के बैनर तले वीबी जी राम जी योजना में विभिन्न संवर्ग के कार्यरत कर्मी संयुक्त रूप से पहुंचे थे। ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा के जिलाध्यक्ष मनमोहन चाहर और अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी मनीष प्रभाकर ने बताया रोजगार सेवक 7788 रुपये मानदेय पर कार्य कर रहे हैं। उसे वर्तमान महंगाई को देखते हुए 24 हजार किया जाए। सेवा नियमावली में बदलाव कर एचआर पॉलिसी लागू की जाए। इसके साथ ही स्वयं और परिवार की सुरक्षा के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा दी जाए। इन्हें जल्द पूरा नहीं किया गया तो चल रहे कार्य बहिष्कार को अनिश्चिकालीन हड़ताल के रूप में बदल दिया जाएगा। इस दौरान शिवेंद्र सिंह राणा, सुशील निगम, वरुण कुमार, विनय रावत, प्रताप सिंह, कृष्णकांत शर्मा, देशराज सिंह, महेंद्र सिंह व अन्य शामिल रहे।