फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO: आगरा में टेढ़ी बगिया से बुद्धा पार्क तक गरजा बुलडोजर, अवैध निर्माण किए ध्वस्त

आगरा की सड़कों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए शनिवार को नगर निगम, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने टेढ़ी बगिया से कालिंदी विहार सौ फुटा रोड होते हुए बुद्धा पार्क तक व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे फुटपाथों और सार्वजनिक भूमि पर किए गए दर्जनों अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त करा दिया। दुकानों के आगे अवैध रूप से लगाए गए टिन शेड, विज्ञापन पट, बोर्ड और होर्डिंग भी कार्रवाई की जद में आए। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अवैध निर्माण हटाए जाने से क्षेत्र में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। नगर निगम प्रशासन की ओर से इस कार्रवाई की पहले ही तैयारी कर ली गई थी। गत दिवस नगर निगम की टीम ने संबंधित मार्ग पर मुनादी कराकर दुकानदारों और अतिक्रमण करने वालों को स्वयं अवैध कब्जे हटाने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद कई स्थानों पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया। शनिवार सुबह नगर निगम का ध्वस्तीकरण दस्ता, प्रशासनिक अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और अभियान शुरू कर दिया। टीम ने टेढ़ी बगिया से कार्रवाई शुरू करते हुए कालिंदी विहार सौ फुटा रोड और बुद्धा पार्क तक सड़क किनारे फुटपाथ पर किए गए अवैध निर्माणों को हटवाया। कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानों के आगे टिन शेड और अन्य अस्थायी निर्माण करने के अलावा सामान रखकर फुटपाथ पर कब्जा किया गया था। वहीं कुछ स्थानों पर स्थायी निर्माण और विज्ञापन संबंधी बोर्ड व होर्डिंग भी लगाए गए थे। टीम ने जेसीबी से इन सभी अवैध निर्माणों को ध्वस्त करा दिया। अभियान के दौरान कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करते हुए अधिकारियों के सामने अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई, लेकिन मौके पर मौजूद टास्कफोर्स और भारी पुलिस बल के चलते उनका विरोध सफल नहीं हो सका। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक रास्तों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संयुक्त अभियान के दौरान अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार, एसीपी हरीपर्वत बजरंग प्रसाद, अतिक्रमण प्रभारी डॉ. अजय कुमार सिंह, प्रवर्तन प्रभारी कर्नल राहुल गुप्ता सहित नगर निगम और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें