पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर लोकल बस स्टैंड स्थित गुरुद्वारा साहिब पहुंचकर माथा टेका। उन्होंने गुरु चरणों में शीश नवाकर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की। जयराम ठाकुर ने कहा कि सिख धर्म के संस्थापक एवं प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने 'एक ओंकार' के संदेश के साथ सेवा, सच्चाई, समानता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने समाज को भेदभाव और ऊंच-नीच से ऊपर उठकर मानवता के रास्ते पर चलने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं बताती हैं कि सच्ची भक्ति मानव सेवा, परोपकार और सभी के प्रति प्रेम एवं सम्मान रखने में निहित है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि गुरु नानक देव जी के विचार और आदर्श आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं। उनकी शिक्षाएं आने वाली पीढ़ियों को भी मानवता, आपसी सद्भाव और समानता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करती रहेंगी।