नया नंगल स्थित एसएसआरवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर सोमेश शर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत पांचवें विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सरकारी शिवालिक फार्मेसी कॉलेज, नया नंगल के प्रिंसिपल जगदीप सिंह दुआ ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। विज्ञान मेले में स्कूल के एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विज्ञान से संबंधित 700 के करीब मॉडल तैयार कर प्रदर्शित किए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मॉडलों ने मेले में पहुंचे अतिथियों और दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। मुख्य अतिथि जगदीप सिंह दुआ ने स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर सोमेश शर्मा के साथ विभिन्न मॉडलों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों की प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के विचार बेहद सराहनीय हैं। विशेष रूप से एक विद्यार्थी द्वारा बाढ़ को रोकने के उपायों पर तैयार किया गया मॉडल काफी बेहतरीन था। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को और निखारने के लिए उन्हें अच्छे संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाना चाहिए, ताकि उन्हें नई तकनीकों और वैज्ञानिक गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके। इस मौके पर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर सोमेश शर्मा ने बताया कि विज्ञान मेले में एक हजार से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया और कड़ी मेहनत से 700 से ज्यादा विज्ञान आधारित मॉडल तैयार किए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और नई चीजें सीखने की रुचि को बढ़ावा देते हैं।