पंजाब सरकार की ओर से इनलिस्टमेंट और आउटसोर्स कर्मचारियों को दीवाली से पहले ज्वाइनिंग लेटर जारी न किए जाने के विरोध में सोमवार को ‘इनलिस्टमेंट-आउटसोर्स तालमेल कमेटी पंजाब’ के आह्वान पर कर्मचारियों ने तरनतारन के मुख्य चौक रौही पुल पर रोष प्रदर्शन करते हुए पंजाब सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि 15 अक्टूबर 2026 को कैबिनेट सब-कमेटी के चेयरमैन एवं वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के साथ हुई पैनल बैठक में सहमति बनने के बावजूद सरकार अपने वादे से पीछे हट रही है। कर्मचारियों को उम्मीद थी कि दीवाली से पहले उन्हें पंजाब राज्य आउटसोर्स पर्सनल (कॉन्ट्रैक्चुअल एंगेजमेंट में परिवर्तन) बिल-2026 के तहत ज्वाइनिंग लेटर जारी कर दिए जाएंगे, लेकिन संबंधित विभागों की ओर से अब तक आवश्यक पत्र जारी नहीं किए गए। कमेटी के नेताओं ने कहा कि जल सप्लाई एवं सैनिटेशन, राजस्व एवं पुनर्वास, मार्कफेड, कोऑपरेटिव बैंक, सहकारिता विभाग (वेरका), वेयरहाउस तथा पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल विंग समेत विभिन्न विभागों में इनलिस्टमेंट, आउटसोर्सिंग, कंपनियों, ठेकेदारों और सोसायटियों के माध्यम से कर्मचारी लंबे समय से सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों को लगातार टालने से कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने मांग की कि संबंधित विभागों के इनलिस्टमेंट और आउटसोर्स कर्मचारियों को वर्ष 2026 के संबंधित विधेयक के तहत बिना शर्त तत्काल ज्वाइनिंग लेटर जारी किए जाएं। इसके अलावा न्यूनतम मजदूरी कानून, 1948 में 15वीं भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों को शामिल करके वेतन निर्धारित किया जाए तथा कर्मचारियों को ईपीएफ और ईएसआई जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएं। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो 25 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के विधानसभा क्षेत्र धूरी में परिवारों और बच्चों सहित राज्यस्तरीय रोष रैली की जाएगी। नेताओं के अनुसार, इस रैली में डेढ़ लाख से अधिक कर्मचारियों के शामिल होने का दावा किया गया है। जल सप्लाई एवं सैनिटेशन कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन पंजाब के संबंधित जिला एवं ब्रांच के कर्मचारी भी इस रैली में भाग लेंगे। नेताओं ने स्पष्ट किया कि मांगों का समाधान होने तक संघर्ष जारी रखा जाएगा। इस मौके पर यूनियन के जिला प्रधान दिलबाग सिंह और गुरविंदर सिंह बाठ सहित अन्य कर्मचारी नेता मौजूद रहे।