फिरोजपुर में फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने देर रात फिरोजपुर शहर के बस्ती टैंकां वाली और आसपास के क्षेत्रों में खाने-पीने की रेहड़ियों व दुकानों की अचानक चेकिंग की। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को फूड सेफ्टी एवं हाइजीन नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई। फूड सेफ्टी विभाग के इंस्पेक्टर अभिनव कुमार ने चेकिंग के दौरान दुकानदारों को खाना तैयार करते समय साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने, दस्ताने व साफ एप्रन पहनने तथा सिर ढकने के लिए कैप का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों को किसी भी प्रकार की गंदगी और दूषण से बचाने पर भी जोर दिया गया। विभाग ने खाद्य पदार्थों में अनधिकृत या हानिकारक रंगों का इस्तेमाल न करने तथा रंगीन चटनियों से परहेज करने की हिदायत दी। आइसक्रीम सहित अन्य खाद्य कारोबारियों को वैध फूड सेफ्टी लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन लेकर ही कारोबार करने को कहा गया। आइसक्रीम विक्रेताओं को कृत्रिम रूप से रंगी कैंडी और चेरी की जगह निर्धारित मानकों के अनुसार सुरक्षित व गुणवत्तापूर्ण सामग्री इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। टीम ने कुछ तंबाकू की दुकानों की भी जांच की, जहां संदिग्ध उत्पाद/पदार्थ मिले। विभाग ने कहा कि इनके संबंध में नियमों के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।