बठिंडा के मुल्तानिया रोड स्थित पिज्जा क्लब रेस्टोरेंट की पहली मंजिल पर वीरवार देर रात आग लग गई। इससे पार्टी हॉल का सामान जलकर राख हो गया। घटना में हजारों रुपये के नुकसान का अनुमान है। राहत की बात यह रही कि रेस्टोरेंट बंद होने से कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वीरवार रात करीब 12 बजे रेस्टोरेंट से धुआं निकलता देखा गया। आसपास के लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब 20 से 25 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है और जांच जारी है।