कोटकपूरा शहर के मुक्तसर रोड पर सोमवार रात अज्ञात युवकों ने एसबीआई कस्टमर केयर कार्यालय के शटर को तोड़कर गल्ले में रखी करीब 20 से 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। वारदात को अंजाम देने वाले दो से तीन संदिग्ध युवकों की गतिविधियां कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। कार्यालय संचालक विवेक कुमार के मुताबिक, वारदात की जानकारी उन्हें इलाके के चौकीदार और पीसीआर टीम से मिली। शुरुआत में उन्हें लगा कि चोर शटर तोड़ने में नाकाम रहे हैं, लेकिन बाद में कार्यालय खोलने पर अंदर पड़ा पेचकस और गल्ले से गायब नकदी देखकर चोरी का पता चला। घटना के बाद उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी करने की मांग की है। साथ ही सर्दी के मौसम को देखते हुए रात की पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया है। थाना सिटी पुलिस मामले की जांच में जुटी है।