पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन, एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के वाइस चेयरमैन अनिल ठाकुर द्वारा आज पठानकोट जिला प्रबंधकीय परिसर में व्यापारियों के साथ विशेष रिव्यू मीटिंग की गई। मीटिंग के दौरान व्यापारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों, समस्याओं और शिकायतों पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। इस मौके पर व्यापारियों द्वारा अपने कारोबार से जुड़ी मुश्किलें और विभिन्न विभागों से संबंधित मामले प्रशासन और अधिकारियों के सामने रखे गए, जिनके समाधान के लिए मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। मीटिंग में डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी, शंकर शर्मा एस.डी.एम. धार-कम-सहायक कमिश्नर जनरल, धर्मिंदर शेरू सदस्य पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन, डॉ. अनिल भारद्वाज चेयरमैन ट्रेडर्स कमीशन जिला पठानकोट और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद थे। अनिल ठाकुर ने व्यापारियों द्वारा उठाए गए हर मुद्दे को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से उन मामलों की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी हासिल की। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि व्यापारियों की जायज समस्याओं का नियमों के अनुसार जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनिल ठाकुर ने बताया कि ग्रीवेंस पोर्टल पर व्यापारियों द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायतों में से कई शिकायतों का पहले ही निपटारा किया जा चुका है, जबकि जो शिकायतें अभी भी लंबित हैं, उन्हें भी जल्द हल करने के लिए संबंधित विभागों को जरूरी कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। कहा कि व्यापारियों की समस्याओं को सिर्फ मीटिंगों तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि शिकायतों के निपटारे की प्रगति की लगातार समीक्षा की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की मजबूती में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनसे संबंधित मामलों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान करना जरूरी है। डिप्टी कमिश्नर डॉ. पल्लवी ने भी व्यापारियों की समस्याओं को ध्यान से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रशासन की ओर से व्यापारियों को हर संभव सहयोग देने का भरोसा देते हुए कहा कि व्यापारियों द्वारा उठाए गए जायज मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर विचार किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि शिकायतों के निपटारे संबंधी व्यापारियों को समय पर जानकारी मुहैया करवाई जाए। वहीं, धर्मिंदर शेरू सदस्य पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन और डॉ. अनिल भारद्वाज, चेयरमैन ट्रेडर्स कमीशन जिला पठानकोट ने संयुक्त रूप से कहा कि ऐसी रिव्यू मीटिंगों का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना और समस्याओं का समाधान एक ही मंच पर सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायतों और मीटिंग के दौरान उठाए गए मुद्दों की लगातार निगरानी की जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि समस्याएं सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि उनका वास्तविक समाधान भी हो। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि अगले महीने भी इसी तरह की रिव्यू मीटिंग करवाई जाएगी, जिसमें आज की मीटिंग के दौरान उठाए गए मुद्दों, लंबित शिकायतों और उनके निपटारे की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।