स्वास्थ्य विभाग ने तंबाकू नियंत्रण कानून के सख्त पालन को सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाकर 34 चालान जारी किए। इनमें 27 चालान दुकानदारों और सात सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों के खिलाफ किए गए। सिविल सर्जन डॉ. भारती धवन के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला तंबाकू नियंत्रण अधिकारी डॉ. जगजोत कौर की देखरेख में टीम ने राम बाग, हुसैनपुरा, शरीफपुरा, बस स्टैंड, क्वींस रोड, कोर्ट रोड और मॉल रोड सहित विभिन्न क्षेत्रों में जांच की। जिला मास मीडिया एवं सूचना अधिकारी अमरदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुकानों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया।