महाराणा प्रताप चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष धीरेन्द्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार शाम उनका शव दुबग्गा इलाके में पड़ा मिला। वह शनिवार शाम पलासियो मॉल के पास से अपनी एसयूवी गाड़ी से लापता हो गए थे। उनकी पत्नी ने सुशांत गोल्फ सिटी थाने में अपहरण की एफआईआर दर्ज कराई थी। मूलरूप से उन्नाव के फतेहपुर चौरासी के राजेपुर के रहने वाले थे और मौजूदा समय में पीजीआई के वृंदावन योजना स्थित लवनेस्ट अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 302 में रहते थे। हत्या के मामले में उनके चालक की भूमिका संदिग्ध मिली है। एसटीएफ की टीम चालक व एक अन्य संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हत्या के पीछे लेनदेन व जमीन का विवाद सामने आया है। मामले पर थाना सुशांत गोल्फ सिटी के संबंध में पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने बयान दिया।