अलग-अलग मामलों में अदालत से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान का एक पुराना इंटरव्यू इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस इंटरव्यू में आजम खान ने कुछ ऐसे खुलासे किए हैं, जिनकी चर्चा अब सियासी गलियारों से लेकर सोशल मीडिया तक हो रही है।
दरअसल, सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता और राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल के साथ बातचीत में आजम खान ने बताया था कि जेल शिफ्टिंग के दौरान उन्हें अपने एनकाउंटर का डर सताने लगा था। यहां तक कि इस दौरान उन्होंने अपने बेटे अब्दुल्ला से जो आखिरी बात कही थी, वो भी अब चर्चा का विषय बन गई है। कपिल सिब्बल ने आजम खान का ये इंटरव्यू उस समय लिया था जब वह सितंबर 2025 में करीब 23 महीने बाद जेल से बाहर आए थे। कपिल सिब्बल के सामने अपना दर्द बयां करते हुए आजम खान ने उस वक्त को याद किया जब रामपुर जेल से उनको सीतापुर जेल भेजा गया था। इसी दौरान आजम ने अपने एनकाउंटर का डर जताया था।