गो सेवा आयोग के सदस्य अरुण पटियाल ने गुरपलाह-बाथड़ी स्थित गौशाला का निरीक्षण कर वहां गोवंश के लिए उपलब्ध करवाई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पशुओं के रखरखाव, चारे-पानी की उपलब्धता और स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। अरुण पटियाल ने गौशाला प्रबंधन समिति की ओर से गोवंश की देखभाल के लिए किए गए प्रबंधों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गोवंश की सेवा और संरक्षण समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि गौशालाओं में रह रहे पशुओं को समय पर पौष्टिक चारा, स्वच्छ पानी और उचित स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बेहतर देखभाल के लिए गौशाला प्रबंधन के प्रयासों की सराहना की। गौशाला निरीक्षण के बाद अरुण पटियाल अपने क्षेत्र के जोगी पंगा पहुंचे। यहां पंच भीष्म के पावन अवसर पर उन्होंने महंत श्री विष्णु देवानंद जी से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने धार्मिक परंपराओं के अनुसार प्रसाद ग्रहण किया और क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक परंपराएं समाज को सेवा, सद्भाव और आपसी भाईचारे का संदेश देती हैं। गोसेवा के साथ आध्यात्मिक मूल्यों और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना भी जरूरी है।