त्योहारों के सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सोलन शहर में मिठाई की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिठाई की दुकानों की जांच की और वहां से पनीर, मिठाई तथा अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने मिठाई की दुकानों के गोदामों का भी जायजा लिया। टीम ने वहां रखी खाद्य सामग्री और तैयार की जा रही मिठाइयों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया गया। मिठाई तैयार करने वाले कर्मचारियों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। विभाग की टीम ने कर्मचारियों को खाद्य पदार्थ तैयार करते समय स्वच्छता मानकों का पालन करने और खाद्य सामग्री को उचित तरीके से रखने के लिए भी कहा। सहायक आयुक्त अतुल कायस्थ ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए विभाग की ओर से लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के समय अधिक से अधिक खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं, ताकि उनकी गुणवत्ता की जांच की जा सके। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना है। खाद्य सुरक्षा टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन करने और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य का ध्यान रखने के निर्देश दिए।