औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में पहली बार तीन दिवसीय रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक चलने वाले इस मेले में खेल प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, स्वास्थ्य जांच शिविर और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने की तैयारी है। मेले में हिमाचल और पंजाब के कलाकारों के साथ खिलाड़ी भी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। अंतिम दिन प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान प्रस्तुति देंगे। मेले का आगाज 28 नवंबर को सुबह नौ बजे नशे के खिलाफ जागरूकता वॉक से होगा। इसमें करीब 200 युवा और विद्यार्थी विशेष जैकेट पहनकर नशामुक्ति का संदेश देंगे। वॉक कमेटी कार्यालय पत्ती से साई रोड तक निकाली जाएगी। इसके बाद खेल प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। दोपहर 12 बजे हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल मेले का विधिवत शुभारंभ करेंगे। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने बताया कि राज्यपाल मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वे स्वयं सहायता समूहों, फूड कोर्ट और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनियों का अवलोकन करेंगे। मेले के दौरान जरूरतमंद लोगों को व्हीलचेयर, सुनने की मशीन और अन्य सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे। 28 नवंबर को मेले के पहले दिन वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, 200 मीटर दौड़, हाई जंप और लॉन्ग जंप जैसी प्रतियोगिताएं होंगी। शाम को पहली सांस्कृतिक संध्या में पारस बैंस, रिकी गौतम, आलोक कुमार और पंजाबी गायक कुलविंदर बिल्ला प्रस्तुति देंगे। 29 नवंबर को रंगोली, मटका फोड़, रस्साकशी, म्यूजिकल चेयर, मेहंदी, हेल्दी बेबी शो, फैंसी ड्रेस, जलेबी रेस और स्पून एंड लेमन रेस जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा स्कूल सोलो, इंटर स्कूल डिक्लेमेशन चैंपियनशिप और वरिष्ठ नागरिकों के लिए खेल प्रतियोगिताएं भी होंगी। मेले के अंतिम दिन 30 नवंबर को पत्ती से बरोटीवाला होते हुए अटल कुंज शिक्षा केंद्र तक एंटी ड्रग यूथ बाइक रैली निकाली जाएगी। इस दिन कुश्ती दंगल, कॉलेज सोलो और पारंपरिक परिधान फैशन प्रतियोगिता भी आयोजित होंगी। इसके बाद पुरस्कार वितरण, सम्मान समारोह और राइफल ड्रॉ होगा। तीन दिवसीय मेले की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में प्रदीप शर्मा, ममता भारद्वाज, निखिल कोटी और प्रसिद्ध पंजाबी गायक बब्बू मान प्रस्तुति देंगे। बब्बू मान की प्रस्तुति मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगी।