फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिरमौर में 11 से 14 अक्तूबर तक होगी राज्य स्तरीय अंडर-19 खेलकूद प्रतियोगिता, 12 जिलों की छात्राएं लेंगी हिस्सा

सिरमौर जिले में 11 से 14 अक्टूबर तक होने वाली अंडर-19 छात्राओं की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश के सभी 12 जिलों से अंडर-19 वर्ग की छात्राएं हिस्सा लेंगी। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उपनिदेशक स्कूल शिक्षा (माध्यमिक) जिला सिरमौर डॉ. मदन लाल ने आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपलब्ध विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली और प्रतियोगिता को सफल एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के लिए संबंधित अधिकारियों तथा स्कूल प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेश के 12 जिलों से पहुंचने वाली छात्राएं हॉकी, फुटबॉल समेत विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों और उनके साथ आने वाले दलों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत खिलाड़ियों के आवास, भोजन, खेल मैदान, स्वच्छता, पेयजल, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मानपुर देवड़ा में उपनिदेशक डॉ. मदन लाल की अध्यक्षता में प्रधानाचार्य अनिल नंगवाल, विद्यालय के समस्त स्टाफ और स्कूल प्रबंधन समिति के साथ संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों और विभिन्न टीमों को किसी भी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. मदन लाल ने संबंधित लोगों से आपसी समन्वय के साथ काम करने और सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उपनिदेशक ने स्कूल स्टाफ, स्कूल प्रबंधन समिति और स्थानीय लोगों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आने वाली छात्राओं और उनके साथ पहुंचने वाले दलों के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों से मिल-जुलकर काम करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की अपील की। बैठक एवं निरीक्षण के दौरान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पुरुवाला के प्रधानाचार्य विजय राघव और कार्यालय के सहकर्मी अशोक चौहान भी विशेष रूप से मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। अब 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर की अंडर-19 छात्राओं के बीच खेल मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें