नगर परिषद नाहन में कार्यकारी अधिकारी (ईओ) की कुर्सी खाली होने से कर्मचारियों की दिवाली फीकी पड़ने की आशंका बढ़ गई है। करीब 15 दिनों से ईओ की तैनाती नहीं होने के कारण कर्मचारियों को नवंबर माह का वेतन समय पर मिलने की चिंता सताने लगी है। गौर करने वाली बात यह है कि इससे पहले भी ईओ बीमारी के चलते लंबी छुट्टी पर रहे और अब उनका तबादला होने के बाद पद रिक्त हो गया है। त्योहार सिर पर हैं और एक नवंबर को रविवार का अवकाश होने के चलते कर्मचारियों की बेचैनी और बढ़ गई है। शनिवार को नगर परिषद के कर्मचारी प्रांगण में एकत्रित हुए और अध्यक्ष उपमा धीमान के समक्ष अपनी समस्या रखते हुए समय पर वेतन जारी करवाने की मांग उठाई। नगर परिषद कर्मचारी यूनियन के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह ने कहा कि ईओ का पद खाली होने से वेतन जारी करने सहित परिषद के अन्य कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का पूरा परिवार उनकी मासिक सेलरी पर निर्भर है। त्योहारों के समय घर की जरूरतों और खर्चों के बीच वेतन में देरी उनके लिए बड़ी परेशानी बन सकती है। एक नवंबर को रविवार का अवकाश है और इसके बाद त्योहारों का सीजन शुरू हो जाएगा। ऐसे में यदि जल्द ईओ की तैनाती नहीं हुई तो कर्मचारियों को आर्थिक मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। उधर, नगर परिषद अध्यक्ष उपमा धीमान ने बताया कि अक्तूबर माह में कार्यकारी अधिकारी का तबादला होने के बाद यह पद रिक्त हुआ है। इस बारे में मुख्यमंत्री, स्थानीय विधायक अजय सोलंकी और संबंधित विभाग को लिखित रूप से अवगत करवाकर जल्द नियुक्ति की मांग की गई है। उन्होंने कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनका वेतन और अन्य कामकाज प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। रिक्त पद पर जल्द तैनाती करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।