डिजिटल युग में साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के बीच खुद को तकनीकी रूप से जागरूक रखना बेहद जरूरी है। अनजान लिंक, फर्जी कॉल और ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के लिए सतर्कता बरतनी चाहिए। यह बात डीएसपी आनी राजीव मेहता ने शुक्रवार को शहीद डोला राम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नित्थर में आयोजित पुलिस पाठशाला के दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में डीएसपी राजीव मेहता ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशा निवारण के प्रति जागरूक किया। उन्होंने साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और अपनी निजी जानकारियां अनजान लोगों के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन सुरक्षा के लिए टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करना चाहिए। इससे सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल खातों की सुरक्षा मजबूत होती है। उन्होंने ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर स्लेवरी और डिजिटल अरेस्ट जैसी घटनाओं के बारे में भी विस्तार से बताया। विद्यार्थियों को समझाया कि किसी अनजान व्यक्ति के फोन या वीडियो कॉल पर डरकर पैसे ट्रांसफर न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित एजेंसियों को दें। डीएसपी ने विद्यार्थियों को बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करना चाहिए। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी की स्थिति में जल्द शिकायत करना महत्वपूर्ण है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। कार्यक्रम के दौरान डीएसपी राजीव मेहता ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में भी जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के साथ उसके सामाजिक जीवन को भी प्रभावित करता है। विद्यार्थियों को साथियों के दबाव यानी पीयर प्रेशर में आकर किसी भी गलत आदत को नहीं अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि गलत गतिविधियों के लिए दृढ़ता से 'ना' कहना सीखें और अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें। इस अवसर पर कार्यकारी प्रधानाचार्य देवेंद्र वर्मा, इतिहास प्रवक्ता राजेंद्र ठाकुर और डीपीई सतीश परमार सहित अन्य उपस्थित रहे।