फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मंडी: नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी से 232 मरीजों को मिली नई जिंदगी की उम्मीद, निजी अस्पतालों से कम खर्च में उपचार

हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार की दिशा में नेरचौक मेडिकल कॉलेज ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। श्री लाल बहादुर शास्त्री राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नेरचौक में शुरू की गई रोबोटिक सर्जरी सुविधा मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है। 28.44 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित इस अत्याधुनिक तकनीक के माध्यम से अब तक 232 से अधिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं। इस सुविधा का लाभ मंडी, कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को मिल रहा है। अब कई मरीजों को आधुनिक सर्जरी के लिए बड़े शहरों के महंगे निजी अस्पतालों तक जाने की जरूरत नहीं पड़ रही है। सरकारी मेडिकल कॉलेज में ही अत्याधुनिक तकनीक से उपचार मिलने के कारण मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक राहत भी मिल रही है। प्रदेश सरकार की ओर से स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नेरचौक मेडिकल कॉलेज में शुरू की गई रोबोटिक सर्जरी सुविधा इसी प्रयास का महत्वपूर्ण हिस्सा मानी जा रही है। निजी अस्पतालों की तुलना में कम खर्च में उपचार उपलब्ध होने से आर्थिक रूप से कमजोर और सामान्य परिवारों के लिए भी आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं तक पहुंच आसान हो रही है। थुनाग क्षेत्र के लंबाथाच निवासी महेंद्र नाथ ने बताया कि उनकी पत्नी पिछले चार महीने से बीमार थीं। उन्होंने नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचार करवाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सर्जरी की सलाह दी। इसके बाद उनकी पत्नी का रोबोटिक तकनीक से ऑपरेशन किया गया। उन्होंने बताया कि सर्जरी सफल रही और अब उनकी पत्नी के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। महेंद्र नाथ ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि घर के नजदीक इतनी आधुनिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना उनके परिवार के लिए बड़ी राहत है। कुल्लू जिले के भुंतर निवासी धर्मवीर ने बताया कि वह काफी समय से बीमार थे। पहले उन्होंने कुल्लू अस्पताल में जांच करवाई, जहां चिकित्सकों ने सर्जरी के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज जाने की सलाह दी। नेरचौक में उनकी रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। धर्मवीर पेंटर का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि निजी अस्पतालों में महंगा उपचार करवाना उनके लिए मुश्किल था, लेकिन नेरचौक मेडिकल कॉलेज में कम खर्च में बेहतर उपचार मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली। बालीचौकी निवासी गीतानंद ने बताया कि उनकी पत्नी की तबीयत खराब होने पर नेरचौक मेडिकल कॉलेज में जांच करवाई गई थी। चिकित्सकों की सलाह पर उनकी पत्नी की रोबोटिक सर्जरी की गई। सर्जरी के बाद अब उनके स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले बेहतर उपचार के लिए दूर-दराज के बड़े अस्पतालों में जाने की चिंता रहती थी, लेकिन अब क्षेत्र में ही आधुनिक सुविधा उपलब्ध होने से मरीजों को काफी राहत मिल रही है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज में रोबोटिक सर्जरी सुविधा के माध्यम से 232 से अधिक सफल ऑपरेशन किए जा चुके हैं। यह सुविधा मंडी के अलावा कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों के लिए भी उपयोगी साबित हो रही है। सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में आधुनिक तकनीक का विस्तार मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ निजी अस्पतालों पर निर्भरता और उपचार के आर्थिक बोझ को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। नेरचौक मेडिकल कॉलेज की यह सुविधा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने और मरीजों को उनके नजदीक बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने की उम्मीद को मजबूत कर रही है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें