राजकीय महाविद्यालय लडभड़ोल में सोमवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के तहत मेजर ध्यानचंद की स्मृति में विशेष खेल एवं फिटनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. मुनीष ठाकुर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत शपथ ग्रहण से हुई। डॉ. मुनीष ठाकुर ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को नियमित रूप से खेलकूद अपनाने और शारीरिक रूप से सक्रिय रहने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से नशे और अत्यधिक स्क्रीन टाइम से दूरी बनाकर मैदानी खेलों से जुड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नियमित खेलकूद न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य और अनुशासन के लिए भी महत्वपूर्ण है। इसके बाद खेल संयोजक सहायक प्रोफेसर संजीव कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों के लिए फिटनेस अभ्यास सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्र-छात्राओं ने स्ट्रेचिंग, पीटी, जंपिंग जैक और सहनशक्ति बढ़ाने वाले विभिन्न शारीरिक अभ्यास किए। कार्यक्रम के दौरान मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन और भारतीय हॉकी में उनके योगदान को भी याद किया गया। विद्यार्थियों को खेल भावना अपनाने और स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित किया गया।