अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव के लिए तैयारियां पूरी हो गई हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे ढालपुर स्थित रथ मैदान में भगवान रघुनाथ की भव्य रथयात्रा के साथ सात दिवसीय उत्सव का शुभारंभ होगा। 21 से 27 अक्तूबर तक चलने वाले इस ऐतिहासिक आयोजन में जिला भर के सैकड़ों देवी-देवता शामिल होंगे। उत्सव के दौरान कुल्लू की समृद्ध देव परंपरा और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। वहीं, कला केंद्र में सात दिन तक सांस्कृतिक संध्याएं सजेंगी, जिनमें देश-विदेश के कलाकार दर्शकों का मनोरंजन करेंगे। दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष एवं कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत में बताया कि उत्सव को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सांस्कृतिक संध्याओं में पंजाबी गायक सतिंदर सरताज और सलमान अली सहित कई कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा बॉलीवुड से जुड़े कार्यक्रम भी उत्सव का आकर्षण रहेंगे। विभिन्न देशों के सांस्कृतिक दलों और देशभर से आने वाले कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। उत्सव के दौरान ड्रोन शो समेत कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उत्तर भारत वॉलीबॉल प्रतियोगिता और ग्रामीण खेलकूद प्रतियोगिताएं भी होंगी। इन आयोजनों के माध्यम से कुल्लू दशहरा को धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव के साथ खेल गतिविधियों का प्रमुख मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विधायक सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि उत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन और पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं, देवलुओं और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर उपायुक्त कुल्लू अमित कुमार शर्मा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक एस. और जिला लोक संपर्क अधिकारी अनिल धीमान भी मौजूद रहे।