सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को हमीरपुर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। प्रकाश पर्व के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए श्री आनंदपुर साहिब से विशेष रागी जत्था पहुंचा। जत्थे ने शब्द कीर्तन के माध्यम से संगत को निहाल किया। गुरुद्वारा साहिब में मौजूद श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ गुरु वाणी का श्रवण किया। रागी जत्थे की मधुर प्रस्तुतियों से गुरुद्वारा परिसर का वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया और गुरु चरणों में शीश नवाया। धार्मिक कार्यक्रमों के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया। संगत ने पंगत में बैठकर लंगर ग्रहण किया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं ने सेवा और भक्ति भाव के साथ अपनी भागीदारी निभाई।