शहर के हिसार रोड स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से 'पुलिस की पाठशाला' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए उन्हें साइबर अपराधों से बचने के महत्वपूर्ण नियम बताए। पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित ने छात्राओं को साइबर ठगी के मामलों में तत्काल रिपोर्टिंग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि यदि कोई साइबर फ्रॉड दो साल बाद रिपोर्ट किया जाता है, तो पैसे वापस मिलने की संभावना लगभग शून्य हो जाती है। इसके विपरीत, यदि ऐसी घटना की रिपोर्ट 2 घंटे के भीतर की जाती है, तो शत-प्रतिशत राशि वापस मिलने की संभावना रहती है। उन्होंने इस त्वरित कार्रवाई के लिए 1930 हेल्पलाइन नंबर का उल्लेख किया। उन्होंने छात्राओं को सोशल मीडिया के उपयोग के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी और कहा कि फोन के पीछे कौन है, यह मानकर न चलें कि वह व्यक्ति भला या अच्छा ही होगा। कार्यक्रम के दौरान साइबर थाना एसएचओ बाबू राम, ट्रैफिक एसएचओ ईस्ट अमर कटारिया, महिला थाना से पीएसआई भारती और नशा मुक्त भारत से एसआई मोहन ने भी छात्राओं को संबोधित किया। विद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुनीता अहलावत ने छात्राओं के बेहतर भविष्य के लिए उनकी जागरूकता को अत्यंत आवश्यक बताया। इस अवसर पर सिटी थाना से कार्यवाहक एसएचओ नरेंद्र, ट्रैफिक वेस्ट से एसएचओ रामकिशन, महिला शाखा से अनीता सहित अन्य पुलिसकर्मी, स्कूल स्टाफ और छात्राएं मौजूद रहीं।