उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन की जींद शाखा ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर रेलवे जंक्शन परिसर में धरना दिया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी करते हुए उनकी मांग जल्द पूरी करने की मांग की। शाखा सचिव सचिन ढुल और प्रधान नवीन पहल ने कहा कि रेलवे कर्मचारियों की कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन उन पर उचित कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) बहाल करने, रिक्त पदों को जल्द भरने और ठेकेदारी प्रथा बंद करने की मांग उठाई। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि न्यूनतम पेंशन को न्यूनतम वेतन के बराबर किया जाए और आठवें वेतन आयोग की रिपोर्ट जल्द प्रकाशित की जाए। महंगाई भत्ते की फ्रीज की गई तीन किस्तों का भुगतान भी किया जाए। लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर का अधिकतम ग्रेड पे 4600 रुपये करने की मांग भी रखी। पदाधिकारियों ने जींद जंक्शन पर नई वाशिंग लाइन का निर्माण करवाने और रेलवे लॉबी में लोको पायलट के खत्म किए गए पदों को दोबारा बहाल करने की मांग की। उन्होंने रेलवे ग्राउंड में रनिंग और बैडमिंटन ग्राउंड बनाने तथा रेलवे अस्पताल को सब डिविजनल अस्पताल का दर्जा देने की मांग भी उठाई। इसके अलावा रेलवे कर्मचारियों के क्वार्टरों के फर्श पर टाइल लगवाने और स्टेशन मास्टर कैडर के कर्मचारियों को हार्ड ड्यूटी व स्ट्रेस अलाउंस देने की मांग की गई। धरने में वीरेंद्र कौशिक, राजेश कुमार, जोगिंद्र ढांडा, रामप्रकाश, प्रदीप, नीरज, भीम, नवीन लाठर और संदीप मौजूद रहे।