झज्जर। जिले के गांव दादरी तोए बस स्टैंड पर मंगलवार को एक अज्ञात वाहन चालक ने पैदल घर जा रहे एक व्यक्ति को टक्कर मार दी। इसके बाद नागरिक अस्पताल में उपचार के दौरान व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक दिनेश की उम्र करीब 33 वर्ष है, जो मेहनत-मजदूरी का काम करता था। उसका एक लड़का भी है। नागरिक अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। एफआईआर के अनुसार गांव दादरी तोए निवासी नरेश ने बताया कि वह पांच भाई और दो बहन हैं। उनके भाइयों में तीसरे नंबर पर दिनेश है। गत 17 नवंबर को दिनेश मजदूरी करके अपने घर जा रहा था। जब बस स्टैंड दादरी तोए पहुंचा तो एक तेज रफ्तार व लापरवाही से अज्ञात वाहन चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इससे उसके भाई दिनेश को काफी चोटें आई। इसके बाद दिनेश को इलाज के लिए निजी अस्पताल झज्जर लेकर गए, जहां उपचार करवार वह दिनेश को सरकारी अस्पताल में लेकर जाने लगे तो उसके भाई की तबीयत खराब हो गई। इस दौरान उन्होंने दिनेश को नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टर ने उसके भाई दिनेश को मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई संदीप ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद उपचार दौरान एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।