राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जागो संस्था की ओर से शुक्रवार से व्यवस्था परिवर्तन अभियान शुरू किया गया। अभियान की शुरुआत पीडब्ल्यूडी के पुराने रेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम से हुई। संस्था के अनुसार यह अभियान 23 जनवरी तक जारी रहेगा। अभियान के दौरान समाज, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाया जाएगा। संस्था के प्रधान देवेंद्र सिंह दहिया ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के कार्यों और उनके आदर्शों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री के कार्यकाल में देश ने अनेक महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना किया। उनके अनुसार शास्त्री के आदर्शों और विचारों से प्रेरणा लेकर देश में बेहतर व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े कई मुद्दों को चिह्नित किया गया है। जागो संस्था ने सामाजिक व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को भी अपने अभियान में शामिल किया है। संस्था की ओर से लिव-इन रिलेशन व्यवस्था को निरस्त करने, बिना व्यभिचार सिद्ध हुए विवाह विच्छेद पर रोक लगाने और बहुविवाह पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग रखी गई है। कार्यक्रम में सुरेंद्र असीजा, एडवोकेट प्रदीप जांगड़ा, प्रमोद बजाज, हरदीप सिंह, सेवा सिंह, अनिल चौधरी, भारत गोयल, राजेंद्र ठाकुर, यश तनेजा, अनिल कुमार और सन्नी बरेजा समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।