अंबाला सिटी। पंचायत भवन में वीरवार को आयोजित कष्ट निवारण समिति की बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पर हमला बोला। बेदी ने कांग्रेस के विधानसभा में प्रदर्शन पर पूछे गए प्रश्न पर कहा कि पूरे देश में कांग्रेस का राजनीतिक दिवालियापन साफ नजर आ रहा है। संसद हो या विधानसभा, कांग्रेस के नेता तय मर्यादाओं और नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संसद के अंदर इस तरह घूमते हैं जैसे किसी गार्डन में टहल रहे हों। वंदे मातरम के मुद्दे पर सोनिया गांधी के रवैये और राहुल गांधी की गतिविधियों ने यह साबित कर दिया है कि कांग्रेस का लोकतांत्रिक प्रणाली से विश्वास उठ चुका है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष में रहते हुए उन्होंने जो मर्यादाएं तय की थीं, कांग्रेस के नेता आज उन्हें तार-तार कर रहे हैं। उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में पिछले 50-55 सालों से कांग्रेस का वजूद खत्म है। ओडिशा में 40-42 साल, बिहार में 48 साल, उत्तर प्रदेश में 56 साल और गुजरात में 30 सालों से कांग्रेस सत्ता से बाहर है। दिल्ली में तो स्थिति यह है कि कांग्रेस का एक भी सांसद या विधायक नहीं है।