नोएडा में सिखों के प्रथम गुरु गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व मंगलवार को सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही गुरुद्वारे में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। संगत ने गुरु दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुद्वारे में शबद कीर्तन और गुरबाणी से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया। दरबार साहिब अमृतसर से पहुंचे रागी जत्थों ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। कथा के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए गुरु का अटूट लंगर भी चलाया गया। सेवा में संगत ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुद्वारे में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही।