देहरादून पटेलनगर के हरभजवाला क्षेत्र में किराये के मकान में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से तीन महिलाओं और तीन पुरुषों को गिरफ्तार किया है। इनमें रैकेट का कथित सरगना भी शामिल है। छापे के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को रेस्क्यू किया। पुलिस के मुताबिक, नाबालिग को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था और बाद में उस पर गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। विरोध करने पर उसे कमरे में रोककर रखा गया था। पुलिस के अनुसार, एक अक्तूबर को मुखबिर से हरभजवाला स्थित नीलकंठ एन्क्लेव में देह व्यापार के संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने एक मकान में छापा मारा। यहां तीन महिलाएं और तीन पुरुष मिले। पुलिस ने मौके से 18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री व दवाइयां बरामद कीं।