UP: रिंग सेरेमनी में हर्ष फायरिंग से युवक की मौत, अस्पताल ले जाने वाले युवक की तलाश तेज; CCTV खंगाल रही पुलिस
Varanasi News: वाराणसी के शिवपुर स्थित विश्वनाथ लॉन में रिंग सेरेमनी के दौरान हर्ष फायरिंग में सौरभ सेठ की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले राहुल सोनकर की तलाश की जा रही है। पुलिस पिस्टल और फायरिंग करने वाले की पहचान जुटा रही है।
विस्तार
वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित गिलट बाजार के विश्वनाथ लॉन में रिंग सेरेमनी के दौरान हर्ष फायरिंग में गोली लगने से हुई 22 वर्षीय सौरभ सेठ की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना के 11 दिन बाद शिवपुर पुलिस लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही कार्यक्रम आयोजकों और लॉन संचालक से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सौरभ सेठ को अस्पताल पहुंचाने वाले राहुल सोनकर की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि राहुल से पूछताछ के बाद घटना की कई अहम कड़ियां सामने आ सकती हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्टल किसकी थी, गोली किसने चलाई और किन परिस्थितियों में सौरभ को गोली लगी।
शिवपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि सौरभ को गोली लगने के बाद गिलट बाजार निवासी राहुल सोनकर उसे अस्पताल लेकर गया था। फिलहाल राहुल की तलाश की जा रही है। उसके बयान के आधार पर घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मृतक सौरभ सेठ के पिता पवन सेठ ने आरोप लगाया है कि गिलट बाजार के एक युवक की पिस्टल से चली गोली उनके बेटे को लगी थी। हालांकि, अब तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और तकनीकी जांच के आधार पर मामले की पड़ताल जारी है।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हर्ष फायरिंग किसने की और घटना के समय वहां क्या परिस्थितियां थीं। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।