UP: भंडारे में युवक पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर; मंदिर परिसर में मची अफरातफरी
Ballia News: बलिया के शाहपुर स्थित हनुमान मंदिर परिसर में भंडारे के दौरान विवाद में गोरधप्पा निवासी चंदन तिवारी पर कुछ युवकों ने चाकू से हमला कर दिया। सिर और हाथ में गंभीर चोट लगने पर उसे बांसडीह सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP News: बलिया के कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर स्थित राजा गांव-खरौनी मार्ग पर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे के दौरान शनिवार देर रात एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोरधप्पा निवासी चंदन तिवारी पुत्र तारकेश्वर तिवारी अपने कुछ दोस्तों के साथ हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर वहां मौजूद कुछ युवकों से उसका विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और विवाद मारपीट में बदल गया।
आरोप है कि विवाद के दौरान कुछ युवकों ने चंदन तिवारी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके सिर और हाथ पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। युवक को लहूलुहान अवस्था में देखकर मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। भंडारे में शामिल श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन चोटें गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी सक्रिय हो गई। कोतवाली पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक और उसके परिजनों से घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इस संबंध में कोतवाल राकेश सिंह ने बताया कि घायल युवक का बेहतर इलाज कराया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की तलाश के लिए टीम लगाई गई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।