एक्शन में योगी सरकार, पीएम के संसदीय क्षेत्र का होगा कायाकल्प
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में राज्य सरकार से अपेक्षित सहयोग न मिलने के कारण लंबित विकास परियोजनाएं अब जल्द ही पूरा होंगी। सूबे के विधि न्याय, सूचना, खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री डा. नीलकंठ तिवारी ने शनिवार को जिले के अफसरों के साथ समीक्षा बैठक कर उनके पेच कसे।
कहा अफसर अपने काम करने का तरीका बदल लें। लोक निर्माण विभाग, सेतु निगम, नगर निगम, विद्युत सहित अन्य विभागीय अधिकारियों को और अपनी कार्य संस्कृति में बदलाव लाने का निर्देश दिया।
अत्यंत धीमी गति से हो रहे सामनेघाट एवं बलुवाघाट में गंगा नदी पर निर्माणाधीन पुल एवं मंडुवाडीह आरओबी के निर्माण कार्य को प्रत्येक दशा में 30 जून तक पूरा कराए जाने की अंतिम तिथि मुकर्रर की। निर्धारित तिथि तक कार्य पूरा नही हुआ तो अब जिम्मेदारी तय होगी।
कमिश्नर नितिन रमेश गोकर्ण को पुलों के निर्माण कार्य के प्रगति की साप्ताहिक समीक्षा करने को कहा। चौकाघाट उपरगामी सेतु को दिसम्बर 2018 तक हर हालत में पूरा कराने का निर्देश दिया।
मंडुवाडीह आरओबी निर्माण कार्य को जुलाई महीने में पूरा कराये जाने के सेतु निगम के अभियंता के अनुरोध को मंत्री ने खारिज करते हुए कहा कि 15 जून के बाद मानसून आ जाता है और कार्य बाधित हो जायेगा और विभाग को इस्टीमेट रिवाइज कराने का मौका मिल जाएगा।
इस्टीमेट रिवाइज कराने का खेल बंद करने की हिदायत देते हुए 30 जून तक कार्य पूरा कराये जाने का निर्देश दिया। चौकाघाट फ्लाईओवर निर्माण कार्य में बाधक बने अवैध निर्माणों को प्राथमिकता पर हटवाने का जिलाधिकारी को निर्देश दिया।
15 जून तक सड़कों को गड्डामुक्त करने का निर्देश
नगर क्षेत्र की सड़कों को 15 मई तक गड्ढामुक्त करने के लिए लोक निर्माण विभाग एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। वाराणसी शहर में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए विद्युत विभाग के अभियंता को निर्देशित किया।
भूमिगत वायरिंग अथवा विद्युत फाल्ट को दुरुस्त किये जाने के लिए यदि विशेष परिस्थिति में क्षेत्र विशेष में विद्युत कटौती करने की आवश्यकता पड़े तो इसकी सूचना क्षेत्र में डुग्गी पिटवाकर और अखबारों एवं मोबाइल मैसेज के माध्यम से उपभोक्ताओं को अवश्य दें।
डा. नीलकंठ तिवारी ने कोनिया घाट में बनने वाले दो लेन के सेतु निर्माण कार्य को भी शीघ्र शुरू कराये जाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने पर्यटकों एवं दर्शनार्थियों को गंगा दर्शन के उद्देश्य से राजघाट उस पार से सामनेघाट तक एक लेन का व्यू पुल बनाये जाने के लिए स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना तैयार करने कराने को कहा।
शहर में आईपीडीएस द्वारा भूमिगत वायरिंग के लिये बेतरतीब तरीके से सड़कों की की गई खुदाई पर गहरी नाराजगी जताते हुए विभागीय अभियंता से कहा कि मनमानी नहीं चलेगी। एक स्थल पर कार्य पूर्ण करने के बाद ही दूसरे कार्य स्थल पर सड़क की खुदाई करें।
विभागीय अभियंता द्वारा 50 किलोमीटर सड़क पर भूमिगत वायरिंग का कार्य पूर्ण कर लिये जाने की जानकारी दिये जाने पर मंत्री ने निर्देशित किया कि जिन स्थानों पर कार्य पूरा हो चुका है वहां पर पोल आदि का कार्य पूरा कराते हुए तत्काल् सड़क दुरुस्त की जाए।
मंत्री ने कड़े निर्देश दिए कि दो दिन के अंदर पोल प्राप्त कर लगवाएं और 30 मई तक कार्य पूरा कराकर सड़क को प्रत्येक दशा में दुरुस्त कराएं। कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को कार्यालय में बैठने की बजाए कार्यस्थल पर कार्यों का भौतिक स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि कार्यों को ठेकेदारों के भरोसे कत्तई न छोड़ा जाए।