योगी सरकार ने किया 24 घंटे बिजली देने का करार, वाराणसी में पहले ही दिन फेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
योगी सरकार ने शुक्रवार को लखनऊ में केंद्र से गुजरात की तर्ज पर शहरों और गांवों में 24 घंटे बिजली देने के लिए ‘पावर टू आल’ योजना के तहत करार किया। इधर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में करार के पहले ही दिन 24 घंटे बिजली देने का शेड्यूल ध्वस्त हो गया।
उधर करार हुआ तो इधर बिजली व्यवस्था में दरार आ गई। जैतपुरा के छोहरा और सिगरा चौराहे के समीप ट्रांसफार्मर में आग लग गई। मंडुवाडीह साहूपुरी और सारनाथ-गजोखर की लाइन सुबह 10 से 12 बजे ट्रिप हो गई। इसके अलावा मरम्मत की आड़ में बिजली की आवाजाही का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
कचहरी, सिगरा, महमूरगंज, चौकाघाट, मैदागिन, गोदौलिया के अलावा शहर में कटौती हुई। मरम्मत कार्यों के चलते सोनिया, औरंगाबाद आदि इलाकों में सूचना दो घंटे कटौती की दी गई लेकिन कटौती साढ़े तीन घंटे की हो गई। पन्नालाल पार्क और शंकुलधारा उपकेंद्र से सुबह दस बजे, बिजली गुल हो गई।
इसके चलते लोगों को सुबह दो घंटे कटौती झेलनी पड़ी। बिजली की आवाजाही सुबह से लेकर रात तक चलती रही। गरमी बढ़ने के साथ ही बिजली कटौती का सिलसिला शुरू हो गया है। लोगों का कहना है कि यह हाल अप्रैल में है तो मई और जून में क्या होगा।
उत्तरी और दक्षिणी इलाके में आज होगी दो घंटे की कटौती
नगरीय विद्युत वितरण खंड तृतीय के अधिशासी अभियंता मनोज गुप्ता के अनुसार विद्युत व्यवस्था सुधार के क्रम में शनिवार को मछोदरी, टाउनहाल, नीचीबाग, मैदागिन, रामघाट, चौकाघाट, लहुराबीर, राजादरवाजा, विश्वेश्वरगंज में 12 से 2 बजे तक कटौती की जाएगी।
पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के मुख्य अभियंता अश्वनी कुमार ने तरना, बड़ा लालपुर, दौलतपुर, लेढ़ुपुर, एमईएस, अर्दली बाजार, संकुल उपकेंद्र पहुंचे। वहां बिजली व्यवस्थाओं को देखा तो पोल खुल गई।
लाकबुक चेक किया तो पता चला रात के काम में दिन में और दिन के काम को रात में मरम्मत होना दर्शाया गया। इस दौरान जेई और एसडओ को डांटा और चेताया।
पावर टू आल योजना के तहत 25 सितंबर 2018 तक बिजली से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करा ली जाएंगी ताकि उस दिन से शहर और गांव में बराबर बिजली मिलेगी। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती है।