विश्व होम्योपैथी दिवस: हेनिमैन को किया नमन...यूथ आइकॉन अवार्ड से सम्मानित हुए चिकित्सक, भविष्य पर विशेष चर्चा
World Homeopathy Day: वाराणसी में विश्व होम्योपैथी दिवस पर डॉ. सैमुअल हेनिमैन का 271वां जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में चिकित्सकों ने होम्योपैथी के महत्व पर चर्चा की। अशोक तिवारी समेत कई अतिथि शामिल हुए। विभिन्न विषयों पर व्याख्यान हुए और उत्कृष्ट चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
विस्तार
Varanasi News: विश्व होम्योपैथी दिवस के अवसर पर शुक्रवार की शाम पहड़ियां स्थित एक होटल में होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हेनिमैन का 271वां जन्मदिन समारोह धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। 'होम्योपैथी के माध्यम से सामंजस्य - सीमाओं से परे उपचार' थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में 150 से अधिक चिकित्सक और गणमान्य अतिथि शामिल हुए।
समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अध्यक्षता प्रेम नारायण सिंह (डायरेक्टर, इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन, बीएचयू) ने की। विशिष्ट अतिथियों में सदानंद गुप्ता, आरपी सिंह और रचना श्रीवास्तव की उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने हेनिमैन को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके विचारों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
पद्धति पर हुई चर्चा
मुख्य अतिथि अशोक तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने नगर निगम द्वारा कूड़ा निस्तारण शुल्क को लेकर होम्योपैथिक क्लीनिकों के लिए अलग श्रेणी बनाने की बात कही, ताकि उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ न पड़े।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रो. प्रेम नारायण सिंह ने कहा कि होम्योपैथी एक वैज्ञानिक, समग्र और प्रभावी चिकित्सा पद्धति है, जो प्राकृतिक रूप से रोगों का उपचार करती है और दवाओं के दुष्प्रभाव से मुक्त होती है। उन्होंने इसे जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं, एडीएम सदानंद गुप्ता ने लोगों में घटती प्रतिरोधक क्षमता पर चिंता जताते हुए संयमित जीवनशैली और होम्योपैथी को बेहतर विकल्प बताया।
विशिष्ट अतिथि आरपी सिंह ने प्रदेश में होम्योपैथिक कॉलेजों की कमी का मुद्दा उठाते हुए हर जिले में एक कॉलेज खोलने की मांग की। वहीं जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी रचना श्रीवास्तव ने 'सर्वजन हिताय–सर्वजन सुखाय' की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
विजेताओं को भी सम्मानित किया गया
कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञ व्याख्यान भी आयोजित किए गए। डॉ. राकेश कुमार गुप्ता ने 'स्नैपशॉट प्रिस्क्राइबिंग', डॉ. मधु गोस्वामी ने 'फ्लावर एनर्जी', डॉ. देवाशीष सिंह ने 'सार्वजनिक स्वास्थ्य में होम्योपैथी' तथा डॉ. पूजा गुप्ता ने 'ऑटिज़्म और होम्योपैथी' पर अपने विचार रखे, जिन्हें काफी सराहना मिली।
इस अवसर पर चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चिकित्सकों को 'चिकित्सा गौरव सेवा 2026' सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अलावा युवा चिकित्सकों को 'यूथ आइकॉन अवार्ड 2026' देकर प्रोत्साहित किया गया। साथ ही वर्ष 2025 में आयोजित होम्योपैथी टैलेंट हंट क्विज के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ वी.के. पांडेय ने किया, जबकि आयोजन सचिव डॉ अम्बरीष कुमार राय ने अतिथियों का स्वागत किया। अंत में डॉ मिथिलेश त्रिपाठी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। सांस्कृतिक प्रस्तुति में शुभम जायसवाल ने भजन प्रस्तुत किया, जिससे कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय हो उठा।