मौसम अपडेट: गर्मी से आज भी राहत, नम पछुआ हवाओं से गिरा पारा, जानें कब तक रहेगा ऐसा मौसम
वाराणसी समेत पूर्वांचल के जिलों में करीब पंद्रह दिन से दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शुक्रवार से ही मौसम का मिजाज बदल गया है। नम पछुआ हवा चलने से गर्मी से राहत मिलने के साथ ही अब सिहरन बढ़ गई है। रविवार को भी धूप का असर भी कम लग रहा है। मौसम में बदलाव की वजह से ही तीन दिन में अधिकतम तापमान में भी पांच डिग्री की कमी दर्ज की गई है। मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक अभी दो-तीन दिन तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
मार्च का महीना चल रहा है और ऐसे समय में तापमान भी 35 के पार पहुंच गया था। पिछले एक सप्ताह से तापमान में उतार-चढ़ाव भी जारी है। इस बीच जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से पूर्वांचल में मौसम तेजी से बदला है।
वाराणसी में शुक्रवार को बूंदाबांदी होने के बाद शनिवार को भी दिन में बूंदाबांदी तो नहीं हुई लेकिन नम हवाएं चलती रही। बादल भी छाए रहे। यहीं कारण रहा कि गर्मी का अहसास भी कम रहा। रविवार को भी मौसम ठंडा बना हुआ है। हल्की ठंडी हवा चल रही है। हालांकि पिछले दिनों की तरह गर्मी का अहसास नहीं हो रहा है।
हालांकि पूर्वांचल के कई जिलों में हल्की से तेज बारिश भी हो रही है। तापमान में भी तेजी से उतार-चढ़ाव होने लगा है। 11 मार्च को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस था, जो शुक्रवार को मौसम के बदलने के बाद 12 मार्च को चार डिग्री कम होकर 32.5 डिग्री पहुंच गया। अब शनिवार को एक डिग्री की और कमी दर्ज की गई, अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री रिकार्ड किया गया। मौसम वैज्ञानिक एसएन पांडेय ने बताया कि आने वाले दो-तीन दिन तक मौसम ऐसे ही रहने की संभावना है।