कल वाराणसी आएंगे उपराष्ट्रपति: राज्यपाल और मुख्यमंत्री करेंगे अगवानी, स्टेशन, घाट से लेकर मंदिर तक कड़ी निगहबानी
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू के दो दिवसीय काशी दौरे को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुट गई है। कैंट रेलवे स्टेशन पर 15 अप्रैल को विशेष ट्रेन से उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू पहुंचेंगे। राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अगवानी करेंगे।
विस्तार
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू शुक्रवार शाम वाराणसी आएंगे। उनकी अगवानी राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। राज्यपाल और मुख्यमंत्री शुक्रवार को वाराणसी पहुंचकर कैंट स्टेशन पर उप राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इसके बाद दो दिन तक उप राष्ट्रपति के कार्यक्रमों में साथ रहेंगे। इस दौरान वे सर्किट हाउस में प्रवास करेंगे।
उपराष्ट्रपति के दो दिवसीय काशी दौरे को देखते हुए पुलिस सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों में जुट गई है। कैंट रेलवे स्टेशन, बरेका गेस्ट हाउस, दशाश्वमेध घाट, काशी विश्वनाथ मंदिर सहित रूट पर पुलिस की कड़ी निगहबानी होगी। बाहर से आई फोर्स के साथ ही स्थानीय पुलिस के जवान सादे वेश में तैनात रहेंगे। बुधवार को पुलिस आयुक्त ने पुलिस अधिकारियों संग बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन किया।
कैंट रेलवे स्टेशन पर 15 अप्रैल को विशेष ट्रेन से उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा व्यवस्था को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ ही आरपीएफ, जीआरपी और कमिश्नरेट पुलिस मुस्तैद रहेगी। कैंट स्टेशन से बरेका गेस्ट हाउस के बीच जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
दूसरे जिलों से भी आएंगे पुलिसकर्मी
बरेका गेस्ट हाउस से दशाश्वमेध स्थित गंगा आरती और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन तक पुलिस कर्मी वर्दी और सादे वेश में होंगे। क्रूज से गंगा की लहरों पर सवार होकर उपराष्ट्रपति गंगा आरती देखने के बाद श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर जाएंगे। इसके साथ ही पड़ाव स्थित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति उपवन में भी उपराष्ट्रपति का आगमन होगा।
लिहाजा, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर खाका खींचा जा रहा है। आज शाम तक बाहर से कुछ अधिकारी भी शहर में आ जाएंगे। लगभग तीन सौ से अधिक पुलिसकर्मियों को गैर जनपद से बुलाया जा रहा है। पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां की जा रही है।