Air Pollution: वायु प्रदूषण फैलाने वाले 292 मामलों में वीडीए ने नहीं की कार्रवाई, 131 को दी गई चेतावनी
Varanasi News: वाराणसी जिले में वायु प्रदूषण फैलाने वाले 292 मामलों में वीडीए ने कार्रवाई नहीं की। हालांकि इन मामलों में नगर निगम की तरफ से प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।
विस्तार
वायु प्रदूषण के नियमों का उल्लंघन के मामले में वीडीए की कार्रवाई सुस्त है। अब तक 292 मामलों में कार्रवाई नहीं की गई है। सिर्फ 131 मामलों में चेतावनी देकर पल्ला झाड़ लिया गया। इन मामलों में नगर निगम की तरफ से प्रभावी कार्रवाई का अनुरोध किया गया था।
जुलाई में ही रिपोर्ट बनाकर भेजी गई थी। नगर निगम ने वायु प्रदूषण के नियमों के उल्लंघन से जुड़े 423 मामले चिह्नित किए थे। इसकी सूची वीडीए के पास भेजी गई थी। कहा गया था कि प्रभावी कार्रवाई से शहर की हवा की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है।
ज्यादातर निर्माण दिन में कराए जा रहे हैं। इनमें कंक्रीट, सीमेंट, लकड़ी, पत्थर और सिलिका सहित अन्य निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। बुलडोजर, डंपर की मदद से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ध्वस्तिकरण अभियान भी चल रहा है।
क्या बोले अधिकारी
जोनल अधिकारियों के जरिये से धूल उड़ने वाले स्थलों को चिह्नित करके वीडीए के पास भेजा जाता है। इसके लिए स्मार्ट सिटी 311 एप बनाए हैं। सविता यादव, अपर नगर आयुक्त, नगर आयुक्त
शहर में उड़ने वाली धूल को नियंत्रित करने के लिए निर्माणाधीन भवनों पर ग्रीन नेट (ग्रीन पर्दा) लगवाया जाता है। धूल वाले स्थलों पर पानी का छिडकाव कराया जाता है। पहली बार चेतावनी दी जाती है। इसके बाद कार्रवाई की जाती है। सभी मामलों में कार्रवाई की जा रही है। गुड़ाकेश शर्मा, अपर सचिव, वीडीए