वाराणसी में ड्यूटी लगेगी कंप्यूटर से, स्थापित होगा पर्यटक पुलिस थाना
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नए साल में पुलिस महकमे में कागज रहित पारदर्शी कामकाज पर जोर होगा। इसके तहत अब जनवरी के पहले हफ्ते से जिले के सभी थाने में रोजाना नाइट आफीसर, डे अफसर, बैंक चेकिंग, संवेदनशील स्थानों पर पिकेट, फैंटम और रात्रिकालीन गश्त ड्यूटी कंप्यूटर से लगाई जाएगी।
इसका फायदा यह होगा कि अब अधिकारी अपने मातहतों की ड्यूटी कंप्यूटर पर क्लिक करते ही जान सकेंगे और अनियमितताओं पर अंकुश लग सकेगा।
एसएसपी नितिन तिवारी ने बताया कि पुलिस महकमे में पेपरलेस कामकाज की मुहिम शुरू की गई है। पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों की ड्यूटी अब एक सॉफ्टवेयर के माध्यम से लगाई जा रही है।
कौन पुलिसकर्मी बिना बताए गायब है इसका भी आसानी से पता चल जा रहा है। इसी तरह हर थाने के लिए भी ड्यूटी लगाने का सॉफ्टवेयर तैयार कर दिया गया है। नए साल में इसी के जरिये काम होगा।
इससे अब कांस्टेबलों की छुट्टी, उनका जन्मदिन और ड्यूटी विवरण सहित उनसे संबंधित सारी जानकारियां जुटाने में दिक्कतें नहीं आएंगी। जनवरी से सिपाहियों और दरोगाओं का तबादला भी ऑनलाइन तरीके से ही होगा।
सात और चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट, मिले हैं 50 लाख
इसके साथ ही नए साल की शुरुआत में ही आगरा की तरह एक उच्च सुविधायुक्त पर्यटक पुलिस थाने की स्थापना पर काम किया जा रहा है। इस थाने पर प्रशिक्षित पुलिसकर्मी तैनात होंगे। उन्हेें हिंदी के साथ ही अंग्रेजी सहित कुछ अन्य प्रमुख यूरोपीय भाषाओं का ज्ञान होगा।
पर्यटन पुलिस थाना के पुलिसकर्मी विदेशी नागरिकोें की मदद के साथ ही वीवीआईपी ड्यूटी में भी काम आएंगे। जल्द ही अपने पास उपलब्ध संसाधनों से इस कार्ययोजना को मूर्त रूप दिया जाएगा।
शहर के सात और चौराहों पर भी जल्द ही ट्रैफिक सिग्नल लाइट की व्यवस्था होगी। इसके साथ ही शहर भर में डिवाइडर पर जहां भी बेतरतीब तरीके से कट्स है वहां आवश्यकतानुसार डेलिनेटर और जर्सी बैरियर लगाए जाएंगे। इसके लिए मंडलायुक्त नितिन रमेश गोकर्ण ने अवस्थापना निधि से पुलिस महकमे को 50 लाख रुपया स्वीकृत किया है।
एसएसपी ने बताया कि अवस्थापना निधि से मिले 50 लाख रुपये से गिलट बाजार, भोजूबीर, सिगरा, साजन तिराहा, लंका चौराहा, लहरतारा सहित सात स्थानों पर ट्रैफिक सिग्नल लाइट की व्यवस्था की जाएगी।
इसके पहले रथयात्रा, मलदहिया, पुलिस लाइन और गिरजाघर चौराहा पर पहले से लगे ट्रैफिक सिग्नल लाइट को दुरुस्त कराया जा चुका है।
एसएसपी ने बताया कि इसके साथ ही साजन तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा चौराहा, मरी माई तिराहा, मलदहिया चौराहा, लंका चौराहा, लहरतारा चौराहा, पुलिस लाइन चौराहा, गिरजाघर चौराहा, गिलट बाजारा तिराहा, कचहरी चौराहा, गोदौलिया चौराहा, मैदागिन चौराहा, भोजूबीर तिराहा के सुंदरीकरण के संबंध में कारपोरेट सोशल रिस्पांसबिलिटी के तहत कवायद शुरू कर दी गई है।
जनवरी के पहले हफ्ते से काम होते दिखाई देने लगेगा। इस काम में वीडीए और आरईएस भी सहयोग करेंगे।