Varanasi Weather: अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी और लू का अलर्ट, कई जिलों में येलो व ऑरेंज वार्निंग; जानें अपडेट
Varanasi News: वाराणसी के लोग भीषण गर्मी और तपिश की मार झेल रहे हैं। सूरज उगते ही उसकी तपन भी शुरू हो जा रही है। सुबह आठ बजे ही प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा दिखा। जानवर भी छांव खोजते नजर आएं। इस बीच, माैसम विभाग ने वाराणसी में लूट का अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा और दिन के समय तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। इसे देखते हुए कई जिलों में येलो और ऑरेंज वार्निंग जारी की गई है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना जताई गई है। खासकर पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू चलने का खतरा बना हुआ है।
जारी पूर्वानुमान के मुताबिक 16 मई से 22 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में 20 मई के बाद कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि इससे गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है।
लू का अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें और जरूरी होने पर ही घर से निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। लगातार तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।
प्रदेश के कई जिलों में येलो वार्निंग जारी की गई है, जबकि कुछ इलाकों में अधिक गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑरेंज वार्निंग भी लागू की गई है। विभाग ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में लंबे समय तक रहने से बचने की अपील की है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना कम है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।