वाराणसी: मजदूर की पीट-पीटकर हत्या में दो और आरोपी गिरफ्तार, चारों आरोपी जेल भेजे गए; सीजेएम कोर्ट में पेश
वाराणसी के चोलापुर में ईंट भट्ठा मजदूर रामजनम वनवासी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों आशीष वनवासी और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया। दोनों को कोर्ट ने जेल भेज दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है। मामले में भट्ठा मालिक समेत दो आरोपी पहले ही जेल जा चुके हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चोलापुर थाना क्षेत्र में ईंट भट्ठा मजदूर रामजनम वनवासी की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोलापुर पुलिस ने सोमवार को आशीष वनवासी और दीपक सिंह को वीर लोरिक इंटर कॉलेज चोलापुर के पास से पकड़ा। दोनों को सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है।
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चौबेपुर थाना क्षेत्र के हड़ियाडीह निवासी आशीष वनवासी और बरर्थरा खुर्द निवासी दीपक सिंह शामिल हैं। मामले में इससे पहले पुलिस ईंट भट्ठा मालिक अजय सिंह और विशाल सिंह को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों पहले से जेल में हैं।
पुलिस के अनुसार, चंदौली के धानापुर क्षेत्र के धराव गांव निवासी रामजनम वनवासी ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता था। आरोप है कि भट्ठे पर चोरी का आरोप लगाकर आरोपियों ने उसकी बेरहमी से पिटाई की। बताया गया कि रामजनम को पेड़ से बांधकर लाठी-डंडों से पीटा गया था। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौत हो गई।
आरोप है कि 21 अगस्त की रात रामजनम के शव को आरोपियों ने गांव से करीब पांच किलोमीटर पहले एक खेत में फेंक दिया और वहां से फरार हो गए। घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। मृतक की पत्नी सीता वनवासी की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई।
रामजनम अपने ससुराल चोलापुर थाना क्षेत्र के मोहाव गोसाईपुर स्थित बढ़की बारी में रहकर मजदूरी करता था। उसकी हत्या की घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया था।
पुलिस ने मामले में नामजद और वांछित आरोपियों की तलाश तेज कर दी थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपियों को वीर लोरिक इंटर कॉलेज के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल बाइक भी बरामद की है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।