Varanasi Top News: बस एक क्लिक में पढ़ें- वाराणसी की वो खास खबरें, जो दिनभर रहीं सुर्खियों में
Varanasi Top News: वाराणसी जिले में शनिवार को कई खबरें चर्चा में बनी रहीं। इनमें मिर्जामुराद क्षेत्र के छोटी खजुरी स्थित नेशनल हाईवे पर हुए सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत के साथ ही कई बड़ी खबरें चर्चा में बनी रहीं।
विस्तार
मिर्जामुराद क्षेत्र के छोटी खजुरी स्थित नेशनल हाईवे पर शनिवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। प्रयागराज से वाराणसी जा रही कार उस समय हादसे का शिकार हो गई जब चालक को झपकी लग गई। तेज रफ्तार कार सड़क पर खड़े एक डंपर में घुस गई। हादसे में एक सैनिक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। सैनिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। दो की अस्पताल में मौत हुई है। वहीं, अन्य का इलाज ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
300 से ज्यादा तरीके से हो रही साइबर ठगी, एक्सपर्ट ने डिजिटल फ्रॉड से बचने की सिखाई तरकीब
साइबर सिक्योरिटी कोर्स के तहत वर्कशॉप में डीएवी पीजी कॉलेज में छात्र और छात्राओं को डिजिटल फ्रॉड से बचने की तरकीब सिखाई गई। कहा गया कि पुलिस के नाम से आने वाली कॉल से डरने की जरूरत नहीं है। पुलिस ऑनलाइन पूछताछ नहीं करती है। साइबर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह ने कहा कि साइबर ठगों से डरने की जरूरत नहीं है। टोल फ्री नंबर 1930 पर तत्काल सूचना दें। पिछले एक साल में 100 से ज्यादा ठगों, जालसाजों से 5.5 करोड़ रुपये वसूले गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
छात्रों ने वोट देने के लिए किया जागरूक, नृत्य, संगीत और नुक्कड़ नाटक से दिया संदेश
राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर शनिवार को नमो घाट पर चुनाव आयोग के निर्देश पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वोट जैसा कुछ नहीं, वोट जरूर डालेंगे हम पर आधारित थीम पर आयोजित हुए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
राम मंदिर व काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का मुहुर्त निकालने वाले पंडित को पद्मश्री
अयोध्या के श्रीराम मंदिर के शिलान्यास और रामलला के प्राण प्रतिष्ठा और काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का शुभ मुहुर्त निकालने वाले पंडित गणेश्वर शास्त्री द्रविड़ पदमश्री से सम्मानित किए जाएंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नामांकन का भी शुभ मुहूर्त निकाला था। वह लोकसभा चुनाव 2024 में प्रधानमंत्री के प्रस्तावकों में भी शामिल रहे थे। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
धमकी मामले में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज
मुकदमे में पैरवी पर धमकी समेत अन्य आरोपों में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज किया गया। मिर्जापुर के पड़री थाना क्षेत्र के सिधोरा निवासी किशन जायसवाल ने बताया कि चंद्र भूषण सिंह गैंग चलाता है। उसके खिलाफ मुकदमे की पैरवी में 10 जनवरी को कचहरी आया था। कचहरी से जब वह बाहर निकल रहा था तो चंद्र भूषण, शैलेंद्र सिंह अपने साथियों के साथ पिटाई की और मोबाइल छीन लिया।
नीलगाय की मौत मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार
चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद रेता व रामचंदीपुर सरहद के पास नीलगाय (घड़रोज) की मौत के मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि चंदौली के मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के सकूराबाद निवासी मोहम्मद मोनू अहमद, इम्तियाज अहमद व भावरकला निवासी मोहम्मद आमिर को घटनास्थल से गिरफ्तार किया गया।
राजगीर की बाइक पेड़ से टकराई, मौत
कटौना मैं बाइक सवार एक राजगीर शीशम के पेड़ से टकरा गया। अस्पताल ले जाए जाने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। फूलपुर थाना क्षेत्र के गजोखर गांव का रहने वाला राजगीर अनिल कुमार (36) बाइक से अपने घर जा रहा था। कटौना में उसकी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। गंभीर रूप से घायल अनिल को स्थानीय लोग पीएससी पिंडरा ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि अनिल के दो बच्चे हैं। हादसे की सूचना पाकर सिंधौरा थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। संवाद
हादसे में घायल बच्चे की पांचवें दिन मौत
लठिया में सड़क हादसे में घायल नौ वर्षीय जीवांश की उपचार के दौरान पांचवें दिन शनिवार को मौत हो गई। सूचना पाकर रोहनिया थाने की पुलिस ने बच्चे का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रयागराज में महाकुंभ में गंगा स्नान कर आंध्र प्रदेश के विशाखापटनम निवासी एक परिवार के 10 लोग गत 21 जनवरी को काशी से कार से वाराणसी जा रहे थे। शाम के समय लठिया पहुंचने पर हाईवे पर खड़े ट्रक के पीछे कार जा घुसी। हादसे में कार सवार जीवांश सहित परिवार के 10 लोग घायल हो गए थे। अखरी स्थित अस्पताल में उपचार के दौरान जीवांश की मौत हो गई। जबकि, अन्य नौ लोगों की हालत स्थिर है।
बुनकर निशा सरोज को उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
प्रधानमंत्री सांसद आदर्श ग्राम पुरे की बुनकर निशा सरोज को शुक्रवार को यूपी दिवस के मौके पर उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सम्मानित किया। शनिवार को गांव पहुंची निशा सरोज का ग्रामीणों ने फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान प्यारेलाल मौर्य, ग्राम प्रधान अमरावती मौर्य, शिवाश्रे पटेल, हरिशंकर विश्वकर्मा, प्यारेलाल पाल, राजेश पटेल समेत अन्य मौजूद रहे।
पिंडरा महोत्सव को लेकर विधायक और सीडीओ ने दिए निर्देश
ककरमत्ता में सड़क पर गिराई मिट्टी, बढ़ी परेशानी
बृहस्पतिवार को ककरमत्ता-भिखारीपुर मार्ग पर एक स्कूल के पास कई ट्रक मिट्टी डालकर छोड़ दी है। इससे यहां अब जाम की स्थिति पैदा होने लगी है। स्थानीय लोगों की भी परेशानी बढ़ गई है। राकेश, रामसजीवन ने बताया कि पूछने पर पता भी नहीं चल रहा है कि किस विभाग ने यह मिट्टी डाली है। लोगों ने सड़क किनारे से मिट्टी हटाने की मांग की है।
फुटबॉल: वाराणसी ने मेरठ को शून्य से हराया
मुलायम सिंह यादव राज्यस्तरीय महिला फुटबॉल प्रतियोगिता में शनिवार को दो सेमीफाइनल मैच खेले गए। पहला सेमीफाइनल मैच डीएफए वाराणसी और डीएफए मेरठ के बीच खेला गया। वाराणसी ने मेरठ को शून्य के मुकाबले सात गोल से पराजित कर फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब उसका मुकाबला डीएफए गोरखपुर से होगा। वाराणसी की खिलाड़ियों ने पहले हाफ के 14वें मिनट में नेहा ने पहला गोल कर दिया। 22वें मिनट में पायल, 29वें पुष्पा, 30वें और 32वें मिनट में नैन्सी ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाते हुए 5 गोल किए। दूसरे हाफ के 43वें और 50वें मिनट में पायल ने एक-एक गोल कर 7-0 से टीम को जीत दिला दी।
बीएचयू में मेधावियों का सम्मान, बच्चे दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब
बीएचयू में आज 76वें गणतंत्र दिवस पर बीएचयू के मेधावियों और प्रतिभावान विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उनके साथ ही कर्मचारियों का भी सम्मान होगा। आज सबसे पहले मालवीय भवन में महामना को पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद एंफीथिएटर ग्राउंड पर कार्यवाहक कुलपति प्रो. संजय कुमार को एनसीसी दलों के द्वारा सलामी दी जाएगी।
पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार
एक घंटे में चार बार कटी बिजली
गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार को चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र में बिजली की आवाजाही जारी रही। शनिवार रात 8.30 से 9.30 बजे के बीच में चार बार बिजली कटी। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। सड़क निर्माण कार्य, बिजली के पोल, तार की शिफ्टिंग आदि के चलते मंडुवाडीह क्षेत्र के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की सूचना बिजली निगम दे रहा है। बिजली उपकेंद्र से ट्रांसफॉर्मर का डीओ जलने की वजह से बिजली जाने की जानकारी मिली। इसके बाद औद्योगिक इकाई में फाॅल्ट के कारण भी बिजली काटनी पड़ी।
तिरंगा फहराने के बाद संबोधन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। रणवीर संस्कृत विद्यालय, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल, सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल के विद्यार्थी हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। साथ ही मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इसके बाद बीएचयू के बाकी केंद्रों, संस्थानों और विभागों में गणतंत्र दिवस समारोह मनाया जाएगा।
वैभव गिरि को मिली श्रीमहंत की उपाधि
महाकुंभ में काशी के श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा सिद्धपीठ यमुनेश्वर आश्रम के महंत वैभव गिरि महाराज को जूना अखाड़ा के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष और सभापति प्रेम गिरि ने पूर्वांचल मंडल के श्रीमहंत की उपाधि दी। संपूर्णानंद संस्कृत विवि छात्र संघ के नेताओं ने यमुनेश्वर मठ में वैभव गिरि महाराज का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। साथ ही बाबा विश्वनाथ का छायाचित्र भेंट कर अभिनंदन किया। छात्रसंघ नेता डॉ. गिरजानंद चौबे, कृष्ण मोहन शुक्ला, डॉ. प्रदीप कुमार पांडेय, डॉ. मृगेंद्र तिवारी, डॉ. विकास तिवारी आदि मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं में बांटी खिचड़ी
संकल्प संस्था के संकल्प अन्न क्षेत्र की ओर से शनिवार को चौक इलाके में हनुमान जी को खिचड़ी का प्रसाद चढ़ाकर श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। महाकुंभ में स्नान कर लौटे लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। संस्था के संरक्षक अनिल कुमार जैन ने बताया कि कुंभ से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद बढ़ाया गया है। वितरण में आशू, अमित अग्रवाल, सुबोध जैन, अनुपम श्रीवास्तव, मृदुला अग्रवाल रहे।
पेंशनधारकों को साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी
रेलवे पेंशनरों के लिए शनिवार को डीआरएम भवन में डिजिटल प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ। इसमें साइबर अपराध से बचाव की जानकारी दी। कार्यशाला में मंडल रेल प्रबंधक विनीत कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि इस कार्यशाला से पेंशनर्स एलाउंसेस, लाइफ सर्टिफिकेट, मेडिकल सुविधाओं आदि के नियमों में होने वाले बदलाव के बारे में जागरूक होंगे। प्रदीप कुमार श्रीवास्तव और भानु प्रकाश नारायण मौजूद रहे।
नीम का हरा पेड़ काटा
सारनाथ के गंज इलाके में शनिवार को हरा नीम का पेड़ काट दिया गया। काशी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी संजय कुमार ने बताया कि बिना अनुमति के नीम का पेड़ नहीं काटा जा सकता है। इसकी जानकारी नही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
सतीश ने बनाई 1 मिमी में तिरंगे की पेंटिंग
बीएचयू में दृश्य कला संकाय के पूर्व छात्र सतीश पटेल ने 15 सेकेंड में भारत के राष्ट्रीय ध्वज की जलरंग से पेपर पर 1 मिमी की पेंटिंग बनाई है। उनका दावा यह है कि तिरंगे की सबसे छोटी पेंटिंग है। राजातालाब क्षेत्र के अदमापुर गांव निवासी सतीश पटेल ने पहले 3×5 मिमी में भगवान जगन्नाथ और 7×5 मिमी में महामना मदन मोहन मालवीय समेत चार सबसे छोटी पेंटिंग बनाई थी। अब पांचवीं पेंटिंग बनाई है।
सतीश को राज्य ललित कला अकादमी पुरस्कार मिल चुका है। वे अब तक नेशनल, इंटरनेशनल स्तर की 25 सामूहिक प्रदर्शनी में प्रतिभाग कर चुके हैं। उन्होंने राममंदिर अयोध्या, आईआईटी बीएचयू के सिक्के का डिजाइन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के डिजिटल डाक टिकट के साथ सचिन तेंदुलकर, ईरान के राष्ट्रपति रायसी, गजल गायक पंकज उधास के फोटो का कोलॉज बना चुके हैं।
स्टेशन अधीक्षक की तत्परता से बची व्यक्ति की जान
लोहता स्टेशन पर शनिवार दोपहर स्टेशन अधीक्षक (एसएस) की तत्परता से एक अधेड़ की जान बच गई। एसएस ने कंट्रोल रूम को सूचना देकर ओएचई (ओवर हेड इक्विपमेंट) में विद्युत आपूर्ति रुकवाई। शनिवार को मालगाड़ी में एक व्यक्ति बैठा था। लोहता स्टेशन पर स्टेशन अधीक्षक आरके राणा की नजर उस पर पड़ गई। रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने उसे नीचे उतारा। इस दौरान लगभग 10 मिनट के लिए बिजली आपूर्ति बंद रही। स्टेशन अधीक्षक ने बताया कि इससे ट्रेनों के परिचालन पर कोई असर नहीं पड़ा।