फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top news today latest update including road accident two people death

Varanasi Top News: हादसे में पिता-पुत्र की मौत, 18 घंटे देरी से पहुंची विभूति एक्सप्रेस; पढ़ें- दिनभर की खबरें

Sat, 23 Nov 2024 12:30 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Sat, 23 Nov 2024 12:30 AM IST
सार

Varanasi Top News Update : वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। इनमें सारनाथ थाना क्षेत्र में सड़क हादसा समेत कई खबरें शामिल रहीं।

विज्ञापन
Varanasi Top news today latest update including road accident two people death
वाराणसी की प्रमुख खबरें। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

सड़क हादसे में दो की मौत
विज्ञापन

वाराणसी जिले के सारनाथ थाना क्षेत्र के तिलमापुर स्थित रंगीलदास पोखरा के पास अनियंत्रित ऑटो शुक्रवार को देर रात बिजली के खंभे से टकरा गया। हादसे में पिता व पुत्र की मौत हो गई। मौके पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें

मिर्जामुराद थाने में नए थानाध्यक्ष तैनात
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार की रात मिर्जामुराद थानाध्यक्ष के पद पर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी को तैनात किया। नई तैनाती से पहले वह रोहनिया थाने के इंस्पेक्टर अपराध के पद पर तैनात थे। वहीं, मिर्जामुराद थानाध्यक्ष रहे इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा को स्वास्थ्य संबंधी कारणों से पुलिस लाइन स्थानांतरित कर दिया गया है।
विज्ञापन


18 घंटे की देरी से पहुंची विभूति एक्सप्रेस
कोहरे के कारण ट्रेनों का परिचालन प्रभावित है। प्रयागराज रामबाग-हावड़ा विभूति एक्सप्रेस 18 घंटे, आनंद विहार टर्मिनस-दानापुर जनसाधारण एक्सप्रेस 16 घंटे, दानापुर-आनंद विहार टर्मिनल जनसाधारण एक्सप्रेस 14 घंटे, जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि एक्सप्रेस 12.30 घंटे, देहरादून-हावड़ा कुम्भ एक्सप्रेस 10 घंटे, सीतामढ़ी-आनंद विहार टर्मिनल फेयर स्पेशल 8.30 घंटे, हावड़ा प्रयागराज रामबाग विभूति एक्सप्रेस 8 घंटे, दुर्ग-छपरा सारनाथ एक्सप्रेस 3.40 घंटे, रक्सौल-आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस 3 घंटे और दादर सेंट्रल-गोरखपुर फेयर स्पेशल 2.50 घंटे की देरी से गुजरीं।  
विज्ञापन
विज्ञापन

घर में घुस कर छात्रा के साथ अश्लीलता
वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र के हैदराबाद गेट के समीप किराये पर रहने वाली एक छात्रा के कमरे में घुस कर उसे साथ मारपीट और अश्लील हरकत की गई। मामले को लेकर छात्रा के पूर्व परिचित बरेका निवासी आदित्य वर्मा के खिलाफ चितईपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। छात्रा के अनुसार आदित्य उसके आने-जाने और उसकी निजी जिंदगी में दखलंदाजी करने लगा था। इसके चलते वह आदित्य से दूरी बना ली थी। इसी वजह से वह उसके कमरे में घुसकर मारपीट और अश्लील हरकत करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए गालीगलौज किया। इसके बाद फोटो फ्रेम के शीशे को तोड़कर जान से मारने के लिए दौड़ाया। इस वजह से वह बेहोश हो गई थी। छात्रा के बेहोश होने पर आदित्य उसकाका मोबाइल लेकर सिम फेंक कर चला गया।
 
पुलिस आयुक्त कार्यालय पर भाजपाइयों ने दिया धरना
पुलिस आयुक्त कार्यालय पर शुक्रवार को रामनगर से आए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए धरना दिया। भाजपा युवा मोर्चा के रजत जायसवाल ने कहा कि रामनगर थाने की पुलिस साथी कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है। पुलिस अफसरों को साक्ष्य देकर शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं कर रही है। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि उनके सामने से ही पुलिस आयुक्त निकल गए, लेकिन उनकी फरियाद नहीं सुने।
 
करंट से मोर की मौत 
मिर्जामुराद क्षेत्र के टोडरपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर में हाईटेंशन तार की जद में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की मौत हो गई। मोर उड़ते हुए विद्युत तार के संपर्क में आ गया। क्षेत्रीय दादा ठाकुर की सूचना पर पहुंची वन विभाग और स्थानीय पुलिस ने मोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

अंडरपास के नीचे अतिक्रमण से लगा भीषण जाम
कछवा रोड बाजार स्थित अंडरपास के नीचे शुक्रवार की दोपहर 2:45 बजे से 4:15 तक वाराणसी एवं प्रयागराज के साथ बाबतपुर व चुनार मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लगी। स्कूल बस और एम्बुलेंस भी जाम में फंसी। अंडरपास के नीचे ठेला पटरी व्यवसायी के अतिक्रमण व प्रयागराज एवं वाराणसी जाने वाले सर्विस मार्ग पर अवैध ऑटो स्टैंड के संचालन होने के चलते पुलिस बूथ के चारों ओर लंबी वाहनों की लाइन लगी रही। पैदल आने-जाने वालों को भी परेशानी उठानी पड़ी पुलिस और व्यापारियों की मशक्कत के बाद डेढ़ घंटे बाद जाम समाप्त हुआ।  

एचएफएल सहित पांच अवेध निर्माण वीडीए ने किए सील

नोटिस की कार्रवाई के बाद भेलूपुर वार्ड में राजेश, गणेश और निखिल की ओर से इतिहाास किचन अस्सी घाढ़ एचएफएल के दायरे में आठ फीट बेसमेंट की खोदाई कर कालम निर्माण किया जा रहा था। इसे सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया। उधर चौक वार्ड में चार अवैध निर्माणों को सील किया गया। बादशाह अली के चौक, दशहक और इकरार हाशमी के भीखाशाह गली, गोपीनाथ केसरी के चौक, कीर्ति दुबे के चौक के व्यवसायिक भवन के अवैध निर्माण को सील कर पुलिस अभिरक्षा में दिया गया।
 
पाक्सो का वांछित गिरफ्तार, भेजा जेल
कपसेठी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 1 से शुक्रवार को पुलिस ने पॉक्सो के वांछित को गिरफ्तार किया। पहचान विकास उर्फ विक्की निवासी महिमापुर के रूप में हुई।  

बीच सड़क खुले ट्रांसफॉर्मर और लटकते तारों से खतरा
बिजली निगम की ओर से बेहतर आपूर्ति के लिए उपकरणों की निगरानी का दावा किया जाता है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है। कई जगहों पर सड़क के बीच ट्रांसफॉर्मर बिना जाली के लगाए गए हैं। कई जगहों पर तार नीचे लटक रहे हैं। इससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। बिजली निगम का ट्रांसफॉर्मर की ओर ध्यान नहीं है। शहर में गोदौलिया से रेवड़ी तालाब जाने वाली पतली सी गली में हनुमान मंदिर के पास सड़क से सटाकर ट्रांसफॉर्मर रखा गया है। तार भी बिखरे पड़े हैं। पास में ही दुकानें भी हैं। इससे हादसे से इंकार नहीं किया जा सकता है। सुंदरपुर सब्जी मंडी के सामने बीच सड़क पर ट्रांसफॉर्मर से तार लटक रहे हैं। लहरतारा के बौलिया चौराहे पर ट्रांसफॉर्मर भी खुला पड़ा है।

अधिकारी बोले
शहर में जिन जगहों पर ट्रांसफॉर्मर खुले पड़े हैं। वहां जाली का घेरा बनवाने के साथ ही नीचे लटकने वाले तारों को ऊपर करवाया जाएगा। बीच सड़क वाले ट्रांसफॉर्मर को भी जरूरत के हिसाब से हटवाया जा रहा है। - संदीप बंसल, मुख्य अभियंता

188.88 लाख के कार्यों का किया शिलान्यास

विधायक डॉ. सुनील पटेल ने शुक्रवार को लोहता क्षेत्र में 188.88 लाख की लागत से 23 नवीन कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि रोहनिया विधानसभा के विकास से हर क्षेत्र सडकों से जुड़ जाएगा। 10 करोड़ रुपये के इंटरलॉकिंग का लक्ष्य रखा गया है। अगले माह उसे भी शुरू कर दिया जाएगा। जिला पंचायत सदस्य सियाराम पटेल, राजेंद्र पटेल, डॉ. महेंद्र सिंह पटेल, रामेश्वर विपिन पांडेय, पंकज कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।  

अमूल क्लीन फ्यूल रैली का बनास डेयरी में हुआ स्वागत
अमूल फ्यूल क्लीन कार रैली शुक्रवार को करखियावं स्थित बनास डेयरी पहुंची। बायो गैस से संचालित कार से आए कर्मचारियों को तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी गई। सभी का माल्यार्पण हुआ। श्वेत क्रांति के जनक डॉ. वर्गीज कुरियन की उपलब्धियों और सपनों को जन-जन तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने अमूल प्लांट का भ्रमण किया। यूनिट हेड अलोकमणि मिश्र ने बनास डेयरी की उपलब्धियों से उन्हें अवगत कराया। बीएचयू के डॉ. अखिलेश सिंह रघुवंशी ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों का सही दिशा और सीमित मात्रा में उपयोग करने की जरूरत है। लखनऊ प्लांट के हेड नरेंद्र सिन्हा ने बताया कि रैली का मकसद दुग्ध समितियों की विरासत का सम्मान और सतत विकास करना है। यह रैली कोलकाता से साढ़े 750 से अधिक किमी का सफर तय कर अमूल प्लांट पहुंची। रैली में 12 मारुति सीएनजी कारों में 24 अमूल के कर्मचारी शामिल हैं। यह रैली बृहस्पतिवार को पराग डेयरी रामनगर में पहुंची थी।

राग मियां तोड़ी में सजा हां रे मन राम...
सुबह ए बनारस के मंच पर शुक्रवार को डॉ. पंकज शर्मा ने गायन प्रस्तुत किया। गायन का प्रारंभ राग मियां की तोड़ी में विलंबित एकताल में निबद्ध बंदिश हां रे मन राम... से हुआ। इसके बाद द्रुत तीनताल में निबद्ध रचना लंगर कांकरिया जिन मारो... और समापन राग कलावती में निबद्ध भजन मैं तो रमता जोगी राम... से हुआ। तबले पर डॉ. अभिनव नारायण और हारमोनियम पर सचिन कुमार ने संगत किया। कलाकार को प्रमाणपत्र डॉ. रत्नेश वर्मा और संचालन देवेंद्र मिश्रा ने किया। 

तीर्थायन: कल काशी के 33 देवालयों में नवाएंगे शीश

काशी को जानने के लिए पौराणिक यात्रा तीर्थायन 24 नवंबर को सुबह सात बजे मैदागिन स्थित गोरखनाथ टीला से निकाली जाएगी। संयोजक डॉ. अवधेश दीक्षित ने बताया कि यात्रा की शुरुआत टीला में विराजमान वृषेश्वर महादेव के दर्शन पूजन और संकल्प के साथ होगी। जबकि समापन महामृत्युंजय महादेव मंदिर में स्थित हनुमान जी के दर्शन से होगा। इस दौरान मैदागिन में ही मां त्रिपुरसुंदरी देवी, मध्यमेश्वर क्षेत्र में द्वारपाल मध्यमेश्वर, मध्यमेश्वर महादेव, भैरवेश्वर, शिवलेश्वर, जगदग्निश्वर महादेव, दारानगर स्थित महामृत्युंजय महादेव, मालतीश्वर महादेव, महाकाल विनायक,तक्षकेश्वर महादेव, नागेश्वर महादेव, मां काली सहित 33 मंदिरों में दर्शन-पूजन होगा।  

यूपी कॉलेज में हुई इंटर फैकल्टी हिंदी डिबेट
यूपी कॉलेज का 115वां संस्थापन समारोह मनाया गया। राजर्षि सेमिनार हॉल में मुख्य अतिथि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डीआईजी आरके सिंह ने कार्यक्रम की शुरुआत की। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में इंटर फैकल्टी हिंदी डिबेट हुआ। छात्र और ने आकर्षक रंगोलियां बनाईं। तीसरी प्रतियोगिता अंग्रेजी वाद-विवाद की हुई। छात्र और छात्राओं ने सोशल मीडिया के सकारात्मक इस्तेमाल और उसके फायदों पर एक-दूसरे के पक्ष और विपक्ष में बातें की। इस दौरान कार्यक्रम में 500 से ज्यादा छात्र मौजूद थे। 

पीईडी विजिलेंस ने कैंट स्टेशन का जाना हाल
रेलवे बोर्ड के प्रधान कार्यकारी निदेशक (सतर्कता) दिलीप कुमार सिंह ने शुक्रवार को कैंट स्टेशन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्कुलेटिंग एरिया, नए एफओबी, प्लेटफार्म संख्या तीन का हाल जाना। रोपवे निर्माण के बारे में भी स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता से जानकारी ली। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक लालजी चौधरी अन्य मौजूद रहे। 
 
फायरिंग और अपहरण के प्रयास के मामले में आरोपी को मिली जमानत
विशेष न्यायाधीश (एमपी-एमएलए) यजुवेंद्र विक्रम सिंह की अदालत ने डाफी टोल प्लाजा पर मारपीट, ललकारने, अपहरण व हत्या करने के प्रयास और फायरिंग के मामले में आरोपी को जमानत दे दी। अदालत ने फुलवरिया, कुम्हारपुर निवासी आरोपी मदन गोपाल यादव को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है।

यह था मामला
अभियोजन पक्ष के अनुसार रोहनिया थाने के बेटावर निवासी ईंट भट्ठा संचालक सर्वेश तिवारी ने लंका थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 6 जुलाई 2017 की शाम वह अपने वाहन से रामनगर से घर वापस जा रहे थे। डाफी टोल प्लाजा से 100 मीटर पहले ही पहुंचे थे कि तभी पीछे से बसपा झंडा लगाए हुए सफेद रंग के दो चारपहिया वाहन सवार लोगों ने उनके वाहन को ओवरटेक कर रोक दिया। बदमाशों की संख्या लगभग 12 थी। जिसमें एक व्यक्ति जिसका नाम अतुल राय था। जो विधानसभा चुनाव में जमानियां, गाजीपुर से बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा था। उसको वह पहचान लिए। सभी लोग आपस में एक-दूसरे को ललकारते हुए और उन्हें गाली देते हुए बोले कि इसको अपनी गाड़ी में ले चलो। वह और उनके साथ मौजूद लोगों के विरोध करने पर सभी बदमाश बुरी तरह से मारे। फिर उनका अपहरण कर जबरन अपने वाहन में लाद लिए। सूचना पाकर उनके परिवार के लोग आए तो बदमाश लगभग 25 राउंड फायरिंग किए। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता वरुण प्रताप सिंह ने बहस की।

लूट के मामले में आरोपी को मिली जमानत

मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की चेन लूटने के मामले में आरोपी को कोर्ट से राहत मिल गई। विशेष न्यायाधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम तृतीय) सपना शुक्ला की अदालत ने गंगापुर, रोहनिया निवासी आरोपी राकेश चौहान को 50-50 हजार रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अभियोजन के अनुसार ताड़केश्वर नगर कालोनी, मंडुवाडीह की मनीषा मंडुवाडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। वह अपने घर से 28 सितंबर 2024 की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। वह जैसे ही मंडुवाडीह चौराहे के समीप पहुंची। तभी पीछे से बाइक सवार दो बदमाश आए और उनके गले से सोने की चेन खींचकर तेजी से वहां से भाग निकले।

दांपत्य जीवन में बंधे 84 जोड़े
चोलापुर ब्लॉक मुख्यालय परिसर में शुक्रवार को मंगल गीतों के साथ शहनाई की धुन गूंजी। शादी के मंडप सजे तो घराती-बरातियों में उमंग और उल्लास दिखा। जन प्रतिनिधियों से लेकर अधिकारियों की मौजूदगी में 84 जोड़ों ने धूमधाम से शादी रचाई। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत चिरईगांव के 37 और चोलपुर के 47 जोड़ों का धूमधाम से विवाह हुआ। हिंदू रीति-रिवाज के साथ शादी हुई। मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, जिला समाज कल्याण अधिकारी गिरीशचंद दुबे ने विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। साथ ही उन्हें उपहार भी दिए।

टाउनहाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में दुकानों के आवंटन में हीलाहवाली
मैदागिन क्षेत्र के व्यवसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए टाउनहाल में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया गया है। लेकिन अब भी पूरी दुकानों का आवंटन नहीं हुआ है। इसके लिए लोग स्मार्ट सिटी और नगर निगम का चक्कर लगा रहे हैं।

बता दें कि स्मार्ट सिटी ने 2.51 करोड़ में रुपये में इसका निर्माण कराया है। इसमें 58 दुकानें हैं। उधर क्षेत्र के विनोद अग्रहरि ने बताया कि उन्होंने दुकान के आवंटन के लिए नगर निगम और स्मार्ट सिटी में आवेदन किया था। लेकिन अब तक कुछ पता नहीं चला है। एक कार्यालय से दूसरे कार्यालय दौड़ाया जा रहा है। राकेश गौड़ ने बताया कि दुकानों के आवंटन में हीलाहवाली हो रही है। कोई अधिकारी सुनने वाला नहीं है। स्मार्ट सिटी के पीआरओ शाकंभरी ने बताया कि दुकानों का निर्माण कराकर नगर निगम को हैंडओवर कर दिया गया है। इसका आवंटन नगर निगम को करना है। निगम के पीआरओ संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पहले जिन लोगों को वहां से हटाया गया था उन्हें दुकानें दी जाएंगी। इसके बाद दूसरे लोगों पर विचार किया जाएगा। जांच प्रक्रिया जांच पूरी होते ही दुकानों का आवंटन होगा।

बीएचयू में मनेगी बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती
बीएचयू में 25 नवंबर को बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती मनाई जाएगी। कैंपस के स्वतंत्रता भवन सभागार में दोपहर दो बजे से जनजाति गौरव दिवस मनाया जाएगा। बीएचयू के एससी-एसटी सेल की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक, कैंपस में 15 नवंबर से ही जनजाति गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसका समापन 26 नवंबर को होगा। वहीं, 25 को एक भव्य कार्यक्रम होगा। सेल की ओर से अपील की गई है कि सभी छात्र, छात्राएं, कर्मचारी और प्रोफेसर कार्यक्रम का हिस्सा बने।

क्रिकेट मैदान और विकेट की पूजा कर सिगरा स्टेडियम में प्रशिक्षण शुरू
नवनिर्मित सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम के क्रिकेट मैदान और और विकेट की पूजा के बाद शुक्रवार को प्रशिक्षण का आगाज हुआ। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह ने विधिविधान से इसे शुरू कराया। बताया कि सिगरा स्टेडियम में तैराकी, मुक्केबाजी, कुश्ती के बाद क्रिकेट का आगाज हो गया है। जल्द ही दूसरे खेलों की भी शुरुआत होगी। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी ने कहा कि खेल में उपकरण की कमी होगी तो उसे पूरा किया जाएगा। आधुनिक सुविधाएं खिलाड़ियों को मुहैया कराई जाएंगी। स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोच हैं। जिनकी देखरेख में तैराकी का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। क्रिकेट शिविर का औपचारिक उद्घाटन पूर्व रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी नासिर अली ने किया। संचालन कन्हाईचंद तालापात्रा और धन्यवाद अमल चतुर्वेदी ने किया।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed