फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News Today latest crime news including young man jumped in ganga from vishwa sundari bridge

Varanasi Top News: पत्नी से आजिज आकर युवक ने गंगा में लगाई छलांग, रेलवे स्टेशन की निगरानी समेत अन्य खबरें

Sun, 11 May 2025 12:43 AM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Sun, 11 May 2025 12:43 AM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में शनिवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें सड़क हादसे और खुदकुशी व आत्महत्या के प्रयास की खबरें सुर्खियों में बनी रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi Top News Today latest crime news including young man jumped in ganga from vishwa sundari bridge
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी जिले के लंका थाना क्षेत्र के विश्वसुंदरी पुल से शनिवार की देर रात पत्नी से आजिज आकर एक युवक गंगा पुल से छलांग लगा दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को बचा लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। युवक की पहचान रोहनिया थाना क्षेत्र के सकहट के शुभम कुमार के रूप में हुई। युवक ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि उसकी पत्नी रोज उससे झगड़ा करती है। जिसके कारण आजीज होकर उसने ये कदम उठाया।

विज्ञापन




ट्रांसफॉर्मर लगाने के विवाद में दुकानदार की पिटाई
सिगरा इलाके में ट्रांसफॉर्मर लगाने के विवाद में मनबढ़ों ने एक दुकानदार की पिटाई कर दी। अतुल अग्रवाल ने बताया कि दुकान के सामने ट्रांसफॉर्मर लगाया जा रहा था। इसे लेकर इलाके के ही दशमी यादव और विष्णु यादव ने आपत्ति जताई। विरोध करने पर दोनों ने जमकर पिटाई कर दी। लोगों ने बीचबचाव कर उन्हें बचाया। अतुल की तहरीर पर सिगरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।  
विज्ञापन


युवक ने फंदा लगाकर जान दी
लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र में हुकुलगंज स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे सागर विश्वकर्मा (30) ने शनिवार को फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने बताया कि चार भाई-बहनों में तीसरे नंबर का सागर एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। उसने कर्ज ले रखा था और तगादे से परेशान होकर रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। लालपुर पांडेयपुर थाने की पुलिस ने युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। 
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; वाराणसी में चोरों का दुस्साहस: पुलिस के घर को बनाया निशाना, शादी समारोह में गया था पूरा परिवार; खंगाला पूरा घर

Varanasi Top News Today latest crime news including young man jumped in ganga from vishwa sundari bridge
स्टेशन पर बढ़ी निगरानी - फोटो : अमर उजाला
कंट्रोल रूम से रेलवे स्टेशन की निगरानी, तेज हुई तलाशी
कैंट रेलवे स्टेशन की निगरानी तेज कर दी गई है। शनिवार को तीन शिफ्ट में चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ की ओर से सीसी कैमरे के कंट्रोल रूम से स्टेशन परिसर की पूरी निगरानी की गई। शनिवार रात यात्री हाल, प्लेटफॉर्म, सरकुलेटिंग एरिया में लगेज और संदिग्ध वस्तुओं की चेकिंग हुई। जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया की लंबी दूरी की ट्रेनों में विशेष नजर है। संदिग्ध समानों की चेकिंग की जा रही है। पहले द्वार पर लगे लगेज स्कैनर से सामानों की जांच की जा रही है। आरपीएफ के साथ संयुक्त जांच जारी है। पार्किंग में भी वाहन चालकों से कहा गया है कि सतर्क रहे। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि ट्रेनों में स्कॉर्ट को सर्तक किया गया है। 

शिक्षिका ने प्रधानाचार्य के खिलाफ बीएसए को लिखा पत्र
महेशपुर कंपोजिट विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाकर दर्ज करने को लेकर प्रधानाचार्य और शिक्षकों के बीच विवाद हो गया है। कक्षा 6 की कक्ष अध्यापक ज्योत्सना त्रिपाठी ने बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) को एक लिखित शिकायत भेजकर प्रधानाचार्य पर गंभीर आरोप लगाए। पत्र में कहा गया है कि प्रधानाचार्य विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए लगातार दबाव बना रही हैं, जिससे विद्यालय का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। ज्योत्सना ने बताया कि प्रधानाचार्य उन पर विद्यालय में पंजीकृत बच्चों की संख्या से अधिक उपस्थिति दर्ज करने का दबाव बना रही थीं। विरोध किया तो उन्हें पद से हटा दिया। शिक्षिका का आरोप है कि प्रधानाचार्य यहीं नहीं रुकीं, बल्कि वे विद्यालय की अन्य शिक्षकों को भी उनके खिलाफ हिंसा के लिए उकसा रही हैं। 

इसे भी पढ़ें; Sonbhadra News: आपत्तिजनक पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, नाराज लोगों ने जमकर की पिटाई; पुलिस को सौंपा

क्रिकेट में मारपीट, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज
शिवपुर थाना क्षेत्र में क्रिकेट खेलने वाले लड़कों के साथ मारपीट और गालीगलौज की गई। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने चार लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। लक्ष्मणपुर निवासी प्रदीप प्रजापति ने पुलिस को बताया कि वह दोस्तों के साथ क्रिकेट खेल रहा था। तभी कुछ बाहरी लड़कों से बहस हो गई। इसके बाद उन्होंने उसे मारा पीटा। इस मामले में थाना प्रभारी राजू कुमार ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।  

चाकू से वार करने के आरोप में केस
शास्त्री नगर निवासी विक्की उर्फ बृजेश सोनकर ने सिगरा थाने में भदोही के भिसौली कृपालपुर निवासी उदयराज प्रजापति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बृजेश ने पुलिस को बताया कि उदयराज उनके पास काम करता है। शुक्रवार को अकारण ही उदयराज ने उन पर चाकू से वार किया।

स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 11 घंटे बिजली काटने का आरोप
गणपति रेजिडेंसी मंडुवाडीह में शनिवार को बिजली विभाग के कर्मचारियों ने स्मार्ट मीटर लगाने के नाम पर 11 घंटे तक बिजली काट दी। अरुण तिवारी ने बताया कि रेजिडेंसी में 77 फ्लैट हैं। सभी ने स्मार्ट मीटर लगाने के लिए आवेदन किया था। 55 को स्वीकृति मिली है। अभी तक 42 स्मार्ट मीटर ही लग पाए हैं। शनिवार दस बजे तक बिजली नहीं दिया। बिजली विभाग के अधिकारियों से बात की गई तो उन्होंने कहा जानकारी नहीं है। जल्द ही बिजली आ जाएगी। लोगों का कहना है कि बिजली विभाग ने बिना जानकारी बिजली काट ली। एसडीओ जितेंद्र कुमार ने बताया कि स्मार्ट मीटर की वजह से लाइट काटी गई थी। सूचना मिलते ही कर्मचारी को भेजकर बिजली ठीक करा दी गई है।  

बाइक की आमने सामने टक्कर में चार घायल
बड़ागांव कपसेठी बाइपास मार्ग पर फत्तेपुर गांव के पास शनिवार शाम दो बाइकों की आमने सामने की टक्कर हो गई। एक बाइक पर सवार पति, पत्नी व पुत्री और दूसरे बाइक का चालक घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायल एक युवती को चिकित्सकों ने दीनदयाल हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। कुड़ी गांव निवासी रामधनी पत्नी प्रेमा देवी और पुत्री लाजो के साथ बाइक से बसनी बाजार से कपड़ा खरीदने निकले थे। बाइपास मार्ग के पास सामने से तेज गति से आ रहे बाइक चालक बलुआ गांव निवासी बृजेश सिंह से आमने-सामने की टक्कर में सभी घायल हो गए। लाजो की गंभीर हालत को देख उसे रेफर कर दिया गया है।

इसे भी पढ़ें; Varanasi News: बढ़ती गर्मी के साथ ट्रिपिंग की समस्या ने बढ़ाई परेशानी, पांच घंटे कटी रही बिजली

गोलगड्डा तिराहे पर कार में आग लगी, दो युवक भागे
जैतपुरा थाना क्षेत्र के गोलगड्डा तिराहे के पास शनिवार रात कार में अचानक आग लग गई। संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग की लपटों ने कुछ ही देर में कार को जद में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार सवार दो युवक आग लगते ही मौके से भाग निकले। लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। टीम ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जैतपुरा थानाध्यक्ष बृजेश मिश्रा ने बताया कि कार पर महाराष्ट्र का रजिस्ट्रेशन नंबर है। उसकी मदद से वाहन मालिक को चिह्नित कर बुलाया जाएगा और पता लगाया जाएगा कि आग लगने के बाद मौके से लोग क्यों भाग गए।  

ऊंचाई वाले इलाकों में बूस्टर पंप से बढ़ाई जाएगी पानी की आपूर्ति
शहर के पक्के महाल में गर्मी के दिनों होने वाली जलापूर्ति पर असर न पड़े इसके लिए बूस्टर पंप लगाए जाएंगे। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में भी पानी आसानी से पहुंचेगा। इसके लिए मेयर अशोक कुमार तिवारी ने जलकल के अधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। दरअसल पक्के महाल के इलाकों में गर्मी के दिनों में पानी नहीं पहुंचने की समस्या होती है। इसके लिए जगह जगह बूस्टर पंप लगाए जाएंगे ताकि लोगों के घरों तक पानी मिल सके। पिछले दिनों सदन में भी पार्षदों ने ऊंचाई वाले इलाकों में पानी नहीं मिलने की समस्या को उठाया था। जिसके बाद से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित करने की कार्ययोजना बनाई गई है। खासकर दशाश्वमेध, जंगमबाड़ी, आदमपुर, कोतवाली,चौक, अस्सी आदि स्थानों पर पंप लगाए जाएंगे। इसके अलावा घाट की ओर से जाने वाली गलियों में भी बूस्टर पंप से जलापूर्ति की जाएगी।  

आपरेशन सिंदूर की सफलता पर बांटी मिठाई
मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा के पदाधिकारियों व सदस्यों ने शनिवार को आपरेशन सिंदूर की सफलता पर माता दुर्गा के दर्शन कर सिंदूर अर्पित किया। साथ ही जवानों की धर्म पत्नियों के सिंदूर की सलामती के लिए माता से प्रार्थना की। शरहद पर तैनात जवानों को बधाई दी। उन्होंने लंका थाने पर पहुंचकर पुलिसकर्मियों के बीच मिठाई बांटी। संस्था के अध्यक्ष निधि जसरापुरिया ने कहा कि भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर का मान रखा। इस मौके पर पूजा डेरोलिया, रितु तुलस्यान आदि महिलाएं रहीं। 

सांस्कृतिक मान्यताओं को चुनौती दिए बिना सामाजिक परिवर्तन अधूरा
वसंता महिला महाविद्यालय, राजघाट और श्री सत्य साईं यूनिवर्सिटी फॉर ह्यूमन एक्सीलेंस, कर्नाटक के बीच तीन दिन की संगोष्ठी हुई। भारत में लैंगिक समानता: अवसर और चुनौतियां विषय पर देश भर से शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं की जुटान हुई। मुख्य वक्ता बंगलुरु यूनिविर्सटी की प्रो. सुधेष्णा मुखर्जी ने कहा कि लैंगिक समानता तब ही संभव है जब हम अपने शैक्षिक ढांचे और पारिवारिक सोच में बदलाव लाएं। वसंत महिला महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. अलका सिंह ने कहा कि एक महिला के शिक्षित होने से पूरा राष्ट्र शिक्षित होता है। एलजीबीटीक्यूआईए समुदाय के लोगों को भी मुख्य धारा में लाया जाए। इस कार्यक्रम में 30 से अधिक शोध पत्र प्रस्तुत किए गए। 
 
आईटीआई में कैंपस प्लेसमेंट 14 को
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान करौंदी में 14 मई को सुबह 9.30 बजे कैंपस प्लेसमेंट होगा। राजस्थान की एक कंपनी शामिल होगी। मेले में 200 वेकेंसी है। कैंपस सेलेक्शन प्रभारी सुनील कुशवाहा ने बताया कि निमराना राजस्थान की कंपनी में महिलाओं के लिए वेकेंसी है। उन्हें 17,776 हजार रुपये प्रति माह सैलरी दी जाएगी। अप्रेंटिस के लिए 18 से 26 वर्ष की आयु होनी चाहिए, कंपनी की ओर से लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद चयन किया जाएगा। अभ्यर्थी संस्थान में उपस्थित होकर अपना पंजीकरण करा सकते हैं। 2021, 2022, 2023 और 2024 के आईटीआई के पासआउट विद्यार्थी भाग ले सकते हैं।  

संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में छुट्टियां निरस्त
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय में 15 जून तक के सभी अवकाश को निरस्त कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि 13 मई से शुरू होने वाले मूल्यांकन और समय से परीक्षा परिणाम जारी करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।  

बीएचयू और यूपी कॉलेज का छात्र दिल्ली में बना वैज्ञानिक
बीएचयू और यूपी कॉलेज के पूर्व छात्र डॉ. विनोद यादव का नई दिल्ली के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस में वैज्ञानिक पर चयन हुआ है। कम्युनिकेशन एंड पॉलिसी रिसर्च पर काम करेंगे। विनोद की प्रारंभिक शिक्षा दीक्षा गाजीपुर में स्नातक वाराणसी के उदय प्रताप कॉलेज और एमएससी बीएचयू से हुआ है। इसके बाद विनोद ने सीएसआईआर की नेट-जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण की। रांची केंद्रीय विश्वविद्यालय से डॉक्टरेट की उपाधि और दिल्ली विश्वविद्यालय के शिवाजी कॉलेज में गेस्ट फैकल्टी के रूप में अध्यापन भी किया। 24 से ज्यादा शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हो चुका है। 

आठवें इमाम अली रज़ा की जयंती पर गूंजे कलाम
आठवें जानशीन ए रसूल इमाम अली रजा की जयंती पर मुसलमान भाइयों ने खुशियां मनाई। महफिलों में कलाम गूंजे और तकरीर हुई। शिया जामा मस्जिद के प्रवक्ता हाजी फरमान हैदर ने बताया कि देश और दुनिया के साथ शहरे बनारस में भी आठवें इमाम अली रज़ा के जयंती का जश्न पूरे अकीदत और पूरे जोश के साथ मनाया। महफिलों का सिलसिला सुबह की नमाज के बाद ही शुरू हो गया। मस्जिद उल कायम भेलूपुर में पहली महफिल आयोजित की गई। वहीं शाम 4 बजे कालीमहल के अज़ाखाना इमदाद ओ फुरकान में जयंती के सिलसिले से महफिल आयोजित हुई।  

वाराणसी मंडल की दिव्यांग क्रिकेट टीम घोषित
मंडल की दिव्यांग क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। टीम 12 मई को बरेली में टी-20 मैच खेलेगी। टीम की कमान शिवम राजपूत को सौंपी गई है, जबकि आदेश पांडेय उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगे। विकेटकीपर की जिम्मेदारी मनोज यादव संभालेंगे। गोपाल यादव, राहुल, सलमान खान, धर्मराज यादव, भूटूर राजभर, उपेंद्र यादव, जुबैद, दिपेंद्र सिंह, जितेंद्र बूटा, जितेंद्र शाह और अतुल शुक्ला भी टीम में शामिल हैं। केच अविनाश राय को बनाया गया है, जबकि अजय यादव प्रबंधक के रूप में सहयोग करेंगे।  

सीएम एंग्लो बंगाली में 25 मई से नेटबॉल के लिए प्रशिक्षण शिविर
जिला नेटबॉल संघ 25 मई से सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर लगाएगा। शिविर 5 जून तक चलेगा, 40 खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिला नेटबॉल संघ के सचिव रणविजय सिंह ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों की प्रतिभा को तराशना और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है। गर्मियों की छुट्टियों में शिविर खिलाड़ियों को शारीरिक फिटनेस, तकनीकी कौशल, रणनीतिक समझ और टीम वर्क जैसे महत्वपूर्ण पहलुओं पर ध्यान केंद्रित करने में मदद करेगा। खिलाड़ियों का चयन उनकी वर्तमान क्षमता और सीखने की ललक के आधार पर किया जाएगा, ताकि प्रशिक्षण अधिकतम प्रभावी हो सके।  

स्वास्थ्य सेवा हर इंसान का अधिकार
हिंदू सेवा सदन चिकित्सालय, बांसफाटक में शनिवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण शिविर का आयोजन हुआ। इस मौके पर डॉ. प्रदीप कुमार गुप्ता ने शिविर में मधुमेह, थायराइड, बीपी, टीबी, अस्थमा, मलेरिया, टायफाइड, डेंगू और सांस की बीमारियों का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार रोगियों को दवाएं दी गई। अस्पताल प्रबंध समिति के सचिव राजेन्द्र मोहन साह ने कहा कि बीमारी कभी अमीरी-गरीबी नहीं देखती। हमारा मकसद है कि कोई भी मरीज सिर्फ पैसों की कमी के कारण अपना इलाज करवाने में असमर्थ ना हो। स्वास्थ्य सेवा हर इंसान का अधिकार है और हम चाहते हैं कि चिकित्सकीय सेवा आम जनमानस की पहुंच में हो। इस अवसर पर अनिल सर्राफ, अनिल रस्तोगी, विनोद खटोर, नरेन्द्र कुमार भुरारिया सहित अस्पताल के चिकित्सक, सहयोगी मौजूद रहे। 

राष्ट्रीय लोक अदालत में 66 श्रम वादों का निस्तारण
अपर श्रमायुक्त कार्यालय में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई गई। इस दौरान कर्मचारी प्रतिकर अधिनियम, वेतन भुगतान अधिनियम, न्यूनतम वेतन अधिनियम समेत अन्य श्रम कानूनों से संबंधित 66 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें पूर्व-वाद (प्री लिटिगेशन) श्रेणी के मामले भी शामिल थे। इस न्यायिक प्रयास से 99 श्रमिकों को 1,67,79,871 रुपये की धनराशि दी गई। उप श्रमायुक्त धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत जैसी पहल श्रमिकों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो रही हैं। इससे न केवल समय और संसाधनों की बचत होती है, बल्कि श्रमिकों का विश्वास भी न्याय व्यवस्था में बढ़ता है।  

बीएचयू सिंहद्वार से आज निकलेगी तिरंगा यात्रा
काशी की जनता की की ओर से तिरंगा यात्रा रविवार की शाम 5 बजे काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंहद्वार से निकाली जाएगी। भारतीय सेना के सम्मान में सामाजिक संस्थाओं की ओर से यह यात्रा निकाली जाएगी। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम का सम्मान करने के लिए तिरंगा यात्रा में काशीवासी शामिल होंगे। 

युवा टाउनहॉल का आयोजन आज
एक राष्ट्र, एक चुनाव विषय पर युवा टाउनहॉल का आयोजन रविवार को को पूर्वांह्न 11 बजे रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। यह जानकारी भाजपा के महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने दी। उन्होंने बताया कि एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर पूरे देश में लोगों के बीच जनजागरण की दृष्टि से पार्टी की ओर से चलाए गए अभियान के तहत युवा टाउनहॉल का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सुनील बंसल एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मविभूषण प्रो. देवी प्रसाद द्विवेदी होंगे।  

युद्ध के कारण राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप टली
मध्य प्रदेश के भोपाल में 27 से 29 मई तक होने वाली 23वीं राष्ट्रीय जूनियर फेडरेशन एथलेटिक्स चैंपियनशिप भारत-पाकिस्तान युद्ध के कारण टाल दी गई है। प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता अपने निर्धारित समय पर 18 और 19 मई को प्रयागराज में होगी। शुक्रवार को सिगरा में प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए ट्रायल हुआ था। जिला एथलेटिक्स संघ के सचिव रमेश यादव ने बताया कि जल्द ही अगली तिथि और स्थान की घोषणा की जाएगी। प्रयागराज में होने वाली प्रतियोगिता के लिए जिले स्तर की टीम का चयन कर लिया गया जो प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता हिस्सा लेगी।  

सीडीओ ने नेचुरोपैथी पंचकर्म हट्स का किया निरीक्षण
मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल ने शनिवार को चौबेपुर में निर्माणाधीन उत्तर प्रदेश के पहले नेचुरोपैथी पंचकर्म हट्स का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने डाक्टरों के लिए आवास बनाने के निर्देश के साथ कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।  

बीएचयू में बच्चों ने सीखी कल्पनाशीलता
बीएचयू के वेल-बीइंग सर्विसेज सेल में हुई रंगीन क्रिएटिव वर्कशॉप में कक्षा 1 से लेकर पांचवीं तक के प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी रचनात्मक कला का प्रदर्शन किया। विजुअल आर्ट्स के एसआरके फेलो, अन्नपूर्णा, पल्लवी और राजन राव के सहयोग से इस कार्यक्रम के जरिए छोटे बच्चों की कल्पना शक्ति को मजबूती दी। यहां पर बच्चों को मांजा और हाथ वाली कलाओं को भी सिखाया गया।

कैबिनेट मंत्री को बुनकरों ने बताईं समस्याएं
हिंदू बुनकर कल्याण समिति के प्रतिनिधिमंडल ने कैबिनेट मंत्री राकेश सचान से लखनऊ में मुलाकात की। इसमें बुनकरों की विभिन्न समस्याओं को रखा गया। समिति के प्रदेश अध्यक्ष मनोज जायसवाल ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी पावरलूम योजना में तकनीकी व प्रशासनिक कठिनाइयों, विद्युत दरों में राहत व सब्सिडी प्रक्रिया में जटिलताएं प्रमुख हैं। समिति ने मांग किया कि वर्ष 2006 से पूर्व जिन बुनकरों को 110 किलोवाट तक की विद्युत संयोजन सुविधा प्राप्त थी, उन्हें पूर्ववत विद्युत छूट की सुविधा दोबारा दी जाए। प्रतिनिधिमंडल में समिति के शैलेश प्रताप सिंह, अनिल मुद्रा, संजय प्रधान, अनिल मौर्य व विनोद मौर्य शामिल रहे।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed