फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News today Daughter-in-law murdered her mother-in-law girlfriend created ruckus at her lover hous

Varanasi Crime News: बहू ने पड़ोसी के साथ मिलकर की सास की हत्या, प्रेमिका ने प्रेमी के घर किया हंगामा; खबरें

Thu, 26 Feb 2026 06:02 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Thu, 26 Feb 2026 06:02 PM IST
सार

Varanasi News: फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव गांव के लठिया पुरवे में आशा देवी की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। जांच में सामने आया कि आशा के सिर पर तेज धार हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया है। उसकी हत्या बहू ने ही की थी। 

विज्ञापन
Varanasi Top News today Daughter-in-law murdered her mother-in-law girlfriend created ruckus at her lover hous
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के कठिराव गांव के लठिया पुरवे में बुधवार की शाम ईंट भट्ठे पर पथाई का काम करने वाली आशा देवी (47) की घर में कुल्हाड़ी से वार कर दर्दनाक हत्या कर दी गई। शाम को घर पहुंचने पर पति सुभाष को घटना की जानकारी हुई। पति की सूचना पर फूलपुर थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

विज्ञापन


जांच में सामने आया कि आशा के सिर पर तेज धार हथियार से वार कर उसे मौत के घाट उतारा गया है। इस मामले में पुलिस ने आशा की बहू और पड़ोस में रहने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बहू ने पूछताछ में पारिवारिक झगड़े में हत्या करने की बात कबूल की है। घटना के दौरान उसके साथ पड़ोसी युवक भी मौजूद था।
विज्ञापन


सुभाष वनवासी ने पुलिस को बताया कि पत्नी आशा पास के एक भट्ठे पर ईंट पथाई का काम करती थी। दोपहर में वह बाजार से घर पहुंची थी। सुभाष जब शाम को घर पहुंचा तो उसे घटना की जानकारी हुई। हत्या की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर साक्ष्य संकलन कर मृतका की बहू प्रीति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पहले प्रीति ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, बाद में बताया कि उसकी सास उससे रोज लड़ाई करती थी, जिससे तंग आकर उसने पड़ोसी युवक के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई थी।
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; Sonbhadra News: बरात में जा रहे युवकों की बाइक खड़े ट्रैक्टर- ट्रॉली में भिड़ी, एक की मौत, साथी गंभीर

दिल्ली से पहुंची प्रेमिका ने प्रेमी के घर किया हंगामा, धोखा देने का आरोप
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रेमिका और प्रेमी के बीच विवाद बुधवार को थाने तक पहुंच गया। प्रेमी पर धोखा देने समेत अन्य आरोप लगाने वाली प्रेमिका ने प्रेमी के घर में घुसने का प्रयास किया तो परिजनों ने उसे थप्पड़ जड़ दिया। दिल्ली से पहुंची प्रेमिका और प्रेमी को पुलिस ने हिरासत में लिया।

गांव की रहने वाली युवती का गांव के ही युवक से प्रेम हो गया था। चेन्नई में काम कर रहे प्रेमी के बुलाने पर एक पखवारा पहले युवती दिल्ली पहुंच गई। वहां लगभग चार दिन बाद प्रेमी ने बहानेबाजी करते हुए बिना बताए मिर्जामुराद स्थित अपने घर लौट गया। बुधवार को प्रेमिका दिल्ली से प्रेमी के घर पहुंची और साथ रहने की जिद पर अड़ गई। इस बीच प्रेमी की पत्नी ने विरोध करते हुए प्रेमिका को थप्पड़ जड़ दिया। प्रेमिका दरवाजे के गेट पर ही बैठ गई।

प्रेमिका ने पुलिस को बताया कि लगभग सात साल से उनका प्रेम प्रसंग चल रहा था और लगभग एक साल पहले उन्होंने वाराणसी के एक मंदिर में विवाह भी कर लिया था। हालांकि, परिवार की अनुमति न होने के कारण वे एक साथ नहीं रह पा रहे थे, लेकिन बीच-बीच में मिलते रहते थे। प्रेमिका ने यह भी बताया कि पिछले वर्ष प्रेमी ने बिना बताए विवाह कर लिया था। जब उसने इसका विरोध किया, तो प्रेमी ने कहा कि वह उसे भी साथ रखेगा। इस मान-मनौवल के बाद भी इनका रिश्ता चोरी-छिपे चलता रहा।

लगभग एक पखवारा पहले प्रेमी ने दिल्ली बुलाया और साथ रहने की बात कही, लेकिन फिर बीच में ही बहाना बनाकर वहां से भाग गया। जब प्रेमिका ने मोबाइल से संपर्क करने की कोशिश की, तो कोई जवाब नहीं मिला। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने पर बुलाया गया। प्रेमिका के परिजनों ने थाने आने से इन्कार कर दिया। दोनों पक्षों को समझाया गया है।

गंगा घाटों पर शराब और गांजा पीने वालों की होगी नियमित जांच
गंगा घाटों पर पुलिस ब्रेथ एनालाइजर से नियमित चेकिंग करेगी। गंगा घाटों व मोटरबोट की भी जांच की जाएगी। गंगा घाटों को नशे का अड्डा बनाने वाले दुकानदारों और नाविकों को भी चिह्नित किया जा रहा है। रविदास घाट, अस्सी से नमो घाट तक पुलिस जांच अभियान चलाएगी। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।

एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान ने बताया कि गंगा घाटों पर शराब और गांजा पीने वालों की नियमित रूप से ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी। होली को लेकर विशेष चौकसी बरती जा रही है। गंगा घाटों के दुकानदारों और नाविकों पर भी कार्रवाई होगी, जो अपनी दुकानों और नाव पर बैठाकर शराब का सेवन कराते हैं।

पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ भी संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। नशे में धुत कुछ नाविक और गंगा किनारे रहकर माला-फूल, मालिश तथा खानपान की सामग्री बेचने वालों द्वारा पर्यटकों के साथ दुर्व्यवहार की शिकायतें भी मिलती रहती हैं। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।

फुटपाथ बाधित करने के मामले में 13 के खिलाफ प्राथमिकी
पुरानी चुंगी तिराहे, गिलट बाजार चौराहे और हांकी चौराहे पर ठेला गाड़ी व टाट पन्नी बिछाकर फल, सब्जी, फास्ट फूड आदि बेचने वाले 13 लोगों के खिलाफ पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। संदीप साहू, सुरेश गुप्ता, संतोष गुप्ता, राजेश सोनकर, भोलेनाथ, मंगल, राजू सोनकर, आशा देवी, जानी कुमार सोनकर, मंगरू, नीलम सोनकर, मोनू सोनकर और किशन सोनकर द्वारा सड़क, फुटपाथ एवं मुख्य मार्गों को बाधित कर राहगीरों के आवागमन में रुकावट डाली जा रही थी। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि अतिक्रमण को मुक्त कराते हुए कार्यवाही की गई। 

72 लाख की शराब की बोतलों पर चला बुलडोजर
लंका पुलिस ने 72 लाख रुपये मूल्य की शराब की बोतलों पर बुधवार को बुलडोजर चलाकर विनष्टिकरण की कार्रवाई की। अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन वैभव बांगर ने बताया कि कमिश्नरेट के माल निस्तारण संबंधी आदेशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। बताया कि विभिन्न अभियोगों में आबकारी अधिनियम की धारा 60 सहित अन्य धाराओं के अंतर्गत 25 लीटर, 14 लीटर, 5 लीटर, 35 लीटर बीयर, 20 बोतल शराब, 21 पेटी ऑफिसर चॉइस के अलावा 900 पेटी अंग्रेजी शराब जब्त की गई थी, जिसकी कीमत 72 लाख रुपये थी। जब्त शराब के विनष्टिकरण के लिए न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद कार्रवाई की गई। इस दौरान एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार, इंस्पेक्टर लंका राजकुमार, आबकारी विभाग और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम मौजूद रही।  

बड़ागांव से चोरी हुई पिकअप गोवंश के साथ चंदौली में हुई बरामद
बड़ागांव थाना क्षेत्र के लखापुर गांव से चोरी हुई पिकअप वाहन को चंदौली जिले की सैयदराजा पुलिस ने 11 गोवंश के साथ बरामद कर लिया। इस मामले में सैयदराजा थाने की पुलिस वाहन चोरी की सूचना देने वाले वाहन स्वामी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। लखापुर गांव निवासी राजीव प्रसाद कश्यप ने बीते 22 फरवरी की रात बड़ागांव थाने में वाहन चोरी के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस को बताया कि उसके भाई मोहित ने पास के गांव भिखारीपुर में स्थित एक कटरे के पास पिकअप खड़ी की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस बीच जानकारी मिली कि चोरी गई पिकअप सैयदराजा थाना क्षेत्र के जेठमलपुर गांव के पास 11 गोवंश के साथ पकड़ी गई है। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जांच में पता चला कि राजीव का नाम चंदौली जिले में गोवंश तस्करी के मामले में पहले भी सामने आया चुका है। पुलिस राजीव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।  

परीक्षा देकर गुरुमाता के साथ लौट रहे छात्र को पीटा
जंसा थाना क्षेत्र के बरेमा गांव स्थित दुर्गा माता मंदिर के समीप परीक्षा देकर लौट रहे छात्र और उसकी गुरुमाता को चार युवकों ने मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में छात्र ने जंसा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। गोरखपुर निवासी छात्र नितिन तिवारी ने पुलिस को बताया कि वह हाईस्कूल की परीक्षा देकर रामेश्वर स्थित संस्कृत पाठशाला लौट रहा था। कुछ दूर जाने पर दुर्गा मंदिर के पास पहले से मौजूद विकास यादव, मधु यादव, भीम यादव व शिवम यादव सहित कुछ अज्ञात युवक उनसे और उनकी गुरुमाता से मारपीट करने लगे। हमले में उन्हें लाठी-डंडे से चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो हमलावर भाग निकले। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि छात्र की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। 

सीमांकन विवाद में लेखपाल को दी धमकी
राजस्व अभिलेखागार (माल) कार्यालय में तैनात लेखपाल पारसनाथ गोंड ने सीमांकन विवाद के बाद गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दिए जाने के मामले में चोलापुर थाने में तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। ग्राम टिसौरा में चकमार्ग संख्या 678 के सीमांकन को लेकर विवाद हुआ था। उपजिलाधिकारी के आदेश पर पुलिस बल की मौजूदगी में सीमांकन की कार्रवाई पूरी कराई गई। इससे नाराज अजय यादव, अक्षय यादव और राहुल यादव ने कार्यालय पहुंचकर अभद्र व्यवहार किया और धमकी दी। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

नेशनल हाईवे पर खड़ी पिकअप से टकराए बाइक सवार, गंभीर
वाराणसी-आजमगढ़ नेशनल हाईवे पर बुधवार को सड़क किनारे खड़ी पिकअप से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आजमगढ़ के देवगांव निवासी आसिफ (24) और अब्दुल्ला (26) वाराणसी से लौट रहे थे। इस दौरान सड़क किनारे खड़ी पिकअप वाहन से टकरा गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों को इलाज के लिए चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों को सिर में गंभीर चोटें आई हैं। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में ले लिया गया है।  

छात्र को बाइक सवार युवकों ने मारपीट कर किया घायल
डंगहरिया गांव के पास परीक्षा देकर घर लौट रहे छात्र मु. कैफ पर अज्ञात बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। इस मामले में छात्र ने मिर्जामुराद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। पूरा गांव निवासी छात्र मु. कैफ ने पुलिस को बताया कि वह किसान इंटर कॉलेज से परीक्षा देकर लौट रहा था। हाईवे किनारे अचानक बाइक सवार युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडे से प्रहार कर घायल कर दिया। घायल छात्र परिजनों के साथ थाने पहुंचा। मिर्जामुराद इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि छात्र का मेडिकल मुआयना कराया गया है। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।  

दहेज के लिए प्रताड़ित कर फोन पर दिया तीन तलाक
जैतपुरा थाना क्षेत्र की नवापुरा निवासी मुस्कान ने अपने पति सहित चार लोगों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने, मारपीट और फोन पर तीन तलाक देने के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुस्कान ने तहरीर में बताया कि उसकी शादी 24 नवंबर 2024 को नवापुरा के शाहिद जमाल से हुई थी। शादी के बाद से पति, सास सलमा, ससुर मुस्ताक अहमद और देवर सुफियान द्वारा एक लाख रुपये और मोटरसाइकिल की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना की गई। 28 दिसंबर को उसे जबरदस्ती सूरत ले जाया गया, जहां उसकी हालत बिगड़ गई। उसके भाई शोएब ने उसे अपने साथ घर लाया। इस दौरान पति ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए तीन तलाक दे दिया। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर केस दर्ज कर जांच की जा रही है।

जैतपुरा में पुरानी रंजिश को लेकर दो जगहों पर मारपीट
जैतपुरा थाना क्षेत्र में मारपीट और जान से मारने की धमकी के दो अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है। सलारपुरा निवासी अमीनुद्दीन अंसारी ने बताया कि 24 फरवरी की शाम नमाज पढ़कर घर लौटते समय पुरानी रंजिश को लेकर जमालुद्दीनपुरा निवासी मुख्तार उर्फ छिन्नक, डौरी अफ्ताब, जफर, मुनौर, हुरैरा, एखलाक, सेराज और मुन्नालाल ने रास्ते में रोककर गाली-गलौज की और मारपीट की। आरोपी बाद में उसके घर के पास भी पहुंचकर मारपीट कर गए। वहीं, दोसीपुरा निवासी शैलाक हुसैन ने बताया कि 19 फरवरी की शाम वकील हैदर उर्फ चीटू और शकील हैदर ने पुरानी रंजिश को लेकर उसके घर पहुंचकर उसके पुत्रों के साथ मारपीट की और बीच बचाव करने आई पत्नी नसरीन की भी पिटाई की। एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों मामलों में मारपीट, धमकी और गाली-गलौज के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की गई है। 

ड्यूटी जा रहे युवक पर रॉड से किया वार
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ढेलवरिया मोड़ पर बाइक सवार संतोष कुमार सोनकर पर इलाके के बाबू सोनकर, अभिषेक और निखिल ने हमला किया। संतोष ने बताया कि वह ड्यूटी जा रहा था, तभी तीनों ने रॉड और लाठी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

कार सवार युवक पर हमला, तोड़फोड़
कैंट थाना क्षेत्र में कार सवार अमन श्रीवास्तव पर छह से अधिक युवकों ने हमला किया और कार को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। अमन ने बताया कि 23 फरवरी की रात 11:20 बजे वह अर्दली बाजार से पांडेयपुर जा रहा था, तभी बाइक सवार एक युवक ने कार में टक्कर मारी। विरोध करने पर उसने अपने 5-6 साथियों को बुला लिया। सभी ने ईंट, लात-घूंसे से मारपीट की और कार का शीशा तोड़ दिया। कैंट इंस्पेक्टर शिवा कांत मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर युवकों की तलाश की जा रही है। 

भूमि विवाद में मारपीट और छेड़खानी, पांच पर प्राथमिकी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के भेड़हा गांव में जमीन विवाद को लेकर मारपीट और छेड़खानी के मामले में पुलिस ने पांच नामजद और चार अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। भेड़हा निवासी इरशाद का अब्दुल कलाम, शमसुद्दीन, कमरुद्दीन, आरिफ और समीर से विवाद चलता है। सोमवार को सभी चार अज्ञात लोगों के साथ घर में घुस आए और मारपीट की। मारपीट में इरशाद का बेटा और दो बेटियां घायल हो गईं। बीच बचाव करने पहुंची पत्नी के साथ भी छेड़खानी हुई। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। 

कंपनी गार्डेन के बाहर गांजा बेच रहे युवक को पुलिस ने पकड़ा
कोतवाली पुलिस ने मैदागिन स्थित कंपनी गार्डेन के पास गांजा बेच रहे युवक को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर कोतवाली दया शंकर सिंह ने बताया कि शिकायत मिली थी कि एक युवक झोले में गांजा रखकर बेच रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और किर्तिपुर, बांसडीह (बलिया) निवासी आशुतोष सिंह को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 200 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में उसने बताया कि वह बलिया से गांजा लाकर इलाके में बेचता था।  
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed