फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi top news today Convict in child molastation case sentenced to 20 years FIR against 25–30 people

वाराणसी की टॉप खबरें: बच्ची के यौन शोषण के दोषी को 20 साल की सजा, बिना अनुमति जुलूस निकालने पर 25-30 पर एफआईआर

Wed, 22 Jul 2026 01:12 PM IST
Pragati Chand अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: Pragati Chand Updated Wed, 22 Jul 2026 01:12 PM IST
सार

Varanasi News: बच्ची के यौन शोषण के दोषी रेलवे कर्मचारी को 20 साल की सजा सुनाई गई। वहीं बिना अनुमति जुलूस निकालने पर अपना दल जिलाध्यक्ष समेत 25-30 अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पढ़ें- वाराणसी की प्रमुख खबरें

विज्ञापन
Varanasi top news today Convict in child molastation case sentenced to 20 years FIR against 25–30 people
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो एक्ट) रचना सिंह की अदालत ने पांच वर्षीय बच्ची के यौन शोषण के मामले में तत्कालीन रेलवे कर्मचारी अवधेश कुमार को 20 साल कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

विज्ञापन


अभियोजन पक्ष के अनुसार, पीड़िता की मां ने वर्ष 2020 में मंडुआडीह थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि आरोपी अवधेश कुमार रेलवे में कार्यरत था और अक्सर उनके घर पर आता-जाता था। 23 जून 2020 को पीड़िता की मां अपने घर के नीचे थीं। आरोपी ने पांच वर्षीय बच्ची का यौन शोषण किया। पीड़िता की मां ने तुरंत इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई। 
विज्ञापन


पुलिस ने मामले की विवेचना की। इसके बाद अदालत में आरोप पत्र दाखिल किया गया। गवाहों के बयानों और उपलब्ध सबूतों के आधार पर। अदालत ने अवधेश कुमार को दोषी पाया। न्यायाधीश ने दोषी को बीस साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई।  
विज्ञापन
विज्ञापन


इसे भी पढ़ें; तस्वीरें: वाराणसी में जंतर-मंतर विवाद की गूंज, सड़कों पर युवा; बीएचयू और काशी विद्यापीठ में पुलिस का कड़ा पहरा

बिना अनुमति जुलूस निकालने पर अपना दल जिलाध्यक्ष समेत 25-30 अज्ञात पर प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के शास्त्री घाट के पास बिना अनुमति जुलूस निकालने और यातायात बाधित करने के आरोप में अपना दल कमेरावादी के जिलाध्यक्ष संजय पटेल समेत 25-30 अज्ञात लोगों के खिलाफ उपनिरीक्षक घनश्याम निषाद ने प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई की रात कचहरी के पास घनश्याम निषाद टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे।

जानकारी मिली कि शास्त्री घाट के पास बड़ी संख्या में लोग जुलूस निकाल रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो संजय पटेल अपने 25-30 समर्थकों के साथ बिना अनुमति के जुलूस निकालते मिले। जुलूस के कारण सड़क पर यातायात प्रभावित होने के साथ ही शांति व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न होने का आरोप है।

पुलिस ने आयोजकों से जुलूस की अनुमति से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद चौकी प्रभारी की तहरीर पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच और जुलूस में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।  

शादी का भरोसा देकर युवती का यौन शोषण का आरोपी गिरफ्तार
गाजीपुर जिले के करंडा थाना क्षेत्र निवासी युवती को शादी का भरोसा देकर यौन शोषण के आरोपी रोशन कुमार यादव को पुलिस ने गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, युवती की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि रोशन कुमार ने शादी करने का वादा कर यौन शोषण किया। प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

चोरी के दो आरोपी गिरफ्तार
कपसेठी पुलिस ने मंगलवार दोपहर गजपुर स्थित एक ईंट-भट्ठे के पास से चोरी के आरोपी अनुज तिवारी और पार्थ उर्फ साहिल निवासी जंसा को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चोरी का मोबाइल फोन और 3900 रुपये बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, दोनों किसी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। थाना प्रभारी विकास मौर्य ने बताया कि दोनों आरोपी शातिर चोर हैं और उनकी तलाश की जा रही थी। आरोपियों की निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। 

चार साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
जैतपुरा पुलिस ने चार वर्षों से दहेज उत्पीड़न के मामले में फरार चल रहे आरोपी दोषीपुरा निवासी वसी अख्तर खान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वसी अख्तर के खिलाफ 2022 में उसकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, धमकी के मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। 

नाबालिग को बहलाकर साथ ले जाने वाला गिरफ्तार
जैतपुरा पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी को बहलाकर साथ ले जाने का आरोपी रॉकी शेख (21) निवासी खालिसपुर को गिरफ्तार किया। बीते 17 जुलाई को किशोरी के पिता ने जैतपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटी घर लापता है। आरोप लगाया कि रॉकी नाम का युवक शादी का भरोसा देकर साथ ले गया। आरोपी रॉकी शेख को पुलिस ने जलालीपुरा क्रॉसिंग अंडरपास के पास से गिरफ्तार किया और नाबालिग को बरामद किया। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

सट्टा की जमीन बेचने से इनकार, गाली-गलौज व धमकी देने के आरोप में प्राथमिकी
चौबेपुर थाना क्षेत्र के गोबरहां गांव निवासी राजेश यादव की तहरीर पर पुलिस ने करौंदी, थाना लंका निवासी विजय प्रताप सिंह के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी देने और सट्टा की गई जमीन की रजिस्ट्री नहीं करने का आरोप लगाकर प्राथमिकी दर्ज कराई।

पुलिस को दिए तहरीर में राजेश यादव ने बताया कि जमीन का सौदा 20 लाख रुपये में तय हुआ। बदले में दो लाख रुपये देकर जमीन का रजिस्टर्ड सट्टा कराया। आरोप है कि अब जमीन की कीमत बढ़ने पर आरोपी रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया। थाना प्रभारी अनिल कपूर शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 

मीरघाट पर गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोरी डूबी, मौत
मीरघाट पर मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान 14 वर्षीय किशोरी सिमरन ठाकुर गहरे पानी में डूब गई। मौके पर दशाश्वमेध चौकी प्रभारी टीम के साथ पहुंचे। जल पुलिस, गोताखोरों और नाविकों की मदद से किशोरी को से बाहर निकाला गया। उसे एंबुलेंस से कबीरचौरा मंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सिमरन ठाकुर (14) परिवार के साथ काशी आई। घटना के बाद पिता पप्पू कुमार ठाकुर समेत परिवार के अन्य लोगों का रोकर हाल बेहला रहा। परिजनों ने बताया कि हम सब वाराणसी घूमने और गंगा स्नान के लिए आए थे। स्नान के दौरान गहरे सिमरन गहरे पानी में चली गई। शोर मचाने और जबतक मदद आती वह डूब चुकी थी। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

चलती बाइक में लगी आग, देखते ही देखते धू-धू कर जलकर राख
आदमपुर थाना क्षेत्र के गोलगड्डा चौराहे के पास मंगलवार को चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलकर राख हो गई। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया।

कोनिया के धोबीघाट निवासी अश्विनी गुप्ता दोपहर में बाइक से गोलगड्डा की ओर जा रहा था।। गोलगड्डा चौराहे के पास अचानक बाइक से धुआं निकलने लगा और कुछ ही क्षण में उसमें आग लग गई। गनीमत रही कि समय रहते वह बाइक से उतर गया। थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट सामने आई है। बाइक मालिक की ओर से थाने में घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी गई है। 

शराब दुकान की साझेदारी खत्म होने के बाद दो लाख का सामान ले जाने का आरोप
चोलापुर क्षेत्र में देशी शराब की दुकान की साझेदारी खत्म होने के बाद लेन-देन को लेकर विवाद का मामला सामने आया। सारनाथ थाना क्षेत्र के दामोदरपुर निवासी संजय कुमार गुप्ता ने चोलापुर थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई। साथ ही पूर्व साझेदार दिनेश मौर्य पर करीब दो लाख रुपये का सामान जबरन ले जाने का आरोप लगाया। शिकायतकर्ता के अनुसार, दोनों के बीच साझेदारी समाप्त होने पर नौ लाख रुपये में हिसाब तय हुआ था। आरटीजीएस के जरिए पूरी रकम का भुगतान भी कर दिया गया। आरोप है कि 15 मई को दिनेश मौर्य चार अन्य लोगों के साथ दुकान पहुंचे और डीवीआर, सीसीटीवी कैमरे, बैटरी, इन्वर्टर, कूलर समेत अन्य सामान मैजिक वाहन में लादकर ले गए। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। 
 
निर्माणाधीन जमीन पर महिला और पति से मारपीट
कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली में निर्माणाधीन जमीन पर पहुंचकर शिवानी पटेल और उसके पति से गाली-गलौज, अभद्रता और मारपीट के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर बड़ी पटिया, बजरडीहा निवासी अरविंद पटेल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। शिवानी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह पति संदीप कुमार पटेल के साथ जमीन पर निर्माण करा रही थीं। तभी अरविंद कुछ लोगों के साथ स्कॉर्पियो और कार से वहां पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।  

पुश्तैनी संपत्ति के विवाद में दो भाइयों के परिवार भिड़े, प्राथमिकी
कैंट थाना क्षेत्र के सरसौली (भोजूबीर) में पुश्तैनी संपत्ति को लेकर दो सगे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। कैंट पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली। एक पक्ष से दिनेश कुमार सोनकर ने आरोप लगाया कि 20 जुलाई की शाम उनके भाई राजेंद्र कुमार सोनकर, माला सोनकर, सुहानी सोनकर और गोलू सोनकर समेत अन्य लोगों ने मारापीटा। वहीं, दूसरे पक्ष की दीपा सोनकर ने आरोप लगाया कि 18 जुलाई और फिर 20 जुलाई को दिनेश सोनकर, अर्पित सोनकर और विनीता सोनकर ने मारपीट की।  

निवेश के नाम पर 4.75 लाख रुपये की धोखाधड़ी, चार के खिलाफ प्राथमिकी
लंका थाना क्षेत्र के नरिया निवासी आशीष कुमार सिंह से कंपनी में निवेश कराने के नाम पर 4,75,800 रुपये की धोखाधड़ी की गई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने राहुल, आयुष, हार्दिक पटेल और आशीष के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

आरोप है कि ग्लोबल फैस कंपनी के नाम पर आरोपियों ने आशीष से 4,75,800 रुपये लिए थे। काफी समय बीतने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने पांच महीने में महज 66,010 रुपये लौटाए। शेष रकम मांगने पर आरोपी टालमटोल करने लगे। मानसिक रूप से परेशान आशीष ने बीते वर्ष दिसंबर के अंतिम सप्ताह में आत्महत्या का प्रयास भी किया। थाना प्रभारी राजकिशोर शर्मा ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।  

अधिवक्ता पर जानलेवा हमले के आरोपी की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज
अधिवक्ता पर जानलेवा हमला करने के आरोपी को कोर्ट से राहत नहीं मिली। अपर जिला जज (प्रथम) संध्या श्रीवास्तव की अदालत ने अकथा, पहाड़िया (सारनाथ) निवासी परीक्षित सिंह की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन के अनुसार, अधिवक्ता आलोक पाठक ने सारनाथ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप है कि 27 फरवरी 2026 की रात मकान बदलने की तैयारी के दौरान परीक्षित सिंह ने गाली-गलौज की। विरोध करने पर उसके चालक ने जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि परीक्षित असलहा लेकर पहुंचा और दो गोलियां चलाईं। अधिवक्ता ने टेंपो की आड़ लेकर जान बचाई। पुलिस ने मौके से खोखे बरामद किए थे।  

खुले में प्रसव कराने में एएनएम निलंबित
वाराणसी जिले के बड़ागांव ब्लॉक के सीएचसी बिरावकोट में आदिवासी महिला का खुले में प्रसव कराने के मामले में रिपोर्ट के आधार पर सीएमओ ने एएनएम को दोषी बताते हुए निलंबित कर दिया है। निलंबित होने की सूचना के बाद एएनएम मुक्ता तिवारी सीएमओ कार्यालय पहुंच गई। सीएमओ के कमरे के बाहर बैठ गई और कार्रवाई को गलत बताया। सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार ने एसीएमओ डॉ. निकुंज वर्मा को जांच की जिम्मेदारी सौंपी थी। डॉ. वर्मा ने सीएचसी पहुंचकर प्रभारी सहित अन्य लोगों से बातचीत कर रिपोर्ट सीएमओ को सौंप दी। एएनएम को फिलहाल सीएचसी आराजीलाइन से संबद्ध कर विभागीय जांच की जिम्मेदारी एसीएमओ डॉ. एसएस कन्नौजिया को सौंपी गई है। निलंबन आदेश के बाद एएनएम मुक्ता ने कहा कि बिना किसी ठोस जानकारी के निलंबन की कार्रवाई की गई। एएनएम संबंधित ब्लॉक के पीएचसी के तहत आती हैं।

29 को आएंगे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सीएम योगी
सीरगोवर्धन में 29 को संत रविदास की जन्मस्थली पर होने वाले आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित देशभर से संत समाज के लोग प्रमुख रूप से शामिल होंगे। कार्यक्रम में संत रविदास जी की जन्मस्थली की मिट्टी से भरे 131 कलशों का पूजन और आरती की जाएगी। इसके साथ ही जनसभा भी आयोजित होगी।

साहिबाबाद में पटरी से उतरी मालगाड़ी बनारस आने वाली छह ट्रेनें  हुईं लेट
साहिबाबाद में कोयला लदी एक मालगाड़ी के पटरी से उतरने से बनारस आने वाली पांच ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ा है। कई ट्रेनों को दिल्ली से ही एक घंटे की देरी से चलाया गया तो कुछ को डायवर्ट रूट से भेजा गया है। इसमें नीलांचल, राजधानी, श्रमजीवी एक्सप्रेस जैसी विशेष ट्रेनें शामिल हैं। मंगलवार सुबह दिल्ली-गाजियाबाद रेलखंड पर साहिबाबाद के पास मालगाड़ी के 6 डिब्बे पटरी से उतर गए। इसी रूट से वाराणसी की ट्रेनों को दिल्ली से रवाना किया जाता है। घटना के कारण ट्रेनों के प्रभावित होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ट्रेन नंबर 12876 नीलांचल एक्सप्रेस जिसका मंगलवार की रात 9.40 बजे वाराणसी पहुंचने का समय है, यह 3 घंटे की देरी से पहुंची। 20504 डिब्रूगढ़ राजधानी एक्सप्रेस निर्धारित समय रात 10.50 बजे से 30 मिनट की देरी से आई। सद्भावना एक्सप्रेस 2.30 घंटे की देरी से वहीं से चली। 

अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश
एसडीएम पिंडरा कुंदनराज कपूर ने मंगलवार को बाबतपुर एयरपोर्ट के विस्तारीकरण का निरीक्षण किया। विस्तारीकरण के तहत अधिग्रहण किए गए गांवो का निरीक्षण किया। इस दौरान पूरा रघुनाथपुर, बसनी, कर्मी, घमहापुर, बैकुंठपुर, सगुनहा के गांवो में गए और मुआवजा राशि मिलने के बाद में अतिक्रमण न हटाने पर नाराजगी जताई। कहा कि यहां से अतिक्रमण हटवाएं।

पीएसी के आरक्षी चालक से 18 लाख की ठगी
जमीन दिलाने का भरोसा देकर 36वीं वाहिनी पीएसी रामनगर में तैनात आरक्षी चालक संजय कुमार से 18 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रुपये वापस किए। विरोध करने पर पीड़ित को नौकरी खत्म कराने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गौरव गुप्ता,दीपक गुप्ता, कस्तूरबा देवी, शालिनी गुप्ता, संदीप विश्वकर्मा समेत 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

मिर्जापुर के अदलहाट थाना क्षेत्र के रामपुर गांव निवासी संजय कुमार ने तहरीर में बताया कि उनकी मुलाकात मकबूल आलम रोड स्थित वरुणा गैरेज पर गौरव गुप्ता से हुई थी। गौरव ने खुद को कस्तूरी टीवी और विक्रांत फाइनेंस का संचालक बताते हुए कम कीमत पर जमीन दिलाने का भरोसा दिया। आरोप है कि पांच फरवरी 2025 को बैंक ऑफ बड़ौदा की नदेसर शाखा से पर्सनल लोन कराने के बाद एडवांस के नाम पर आरटीजीएस से गौरव गुप्ता, आशीष कुमार कन्नौजिया और संदीप विश्वकर्मा के खातों में 18 लाख रुपये ट्रांसफर कराए गए।

नेहरू पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग का प्रस्ताव फिर रिन्यू, भेजी गई संस्तुति
वाराणसी जिले के छावनी क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने और छावनी परिषद की आय बढ़ाने के उद्देश्य से नेहरू पार्क में प्रस्तावित मल्टीलेवल पार्किंग परियोजना को फिर गति देने की कवायद शुरू हो गई है। नवनियुक्त मुख्य अधिशासी अधिकारी (सीईओ) विशाल सारस्वत ने संशोधित प्रस्ताव का रिन्यूअल कर इसे मुख्यालय को भेज दिया है।छावनी परिषद की ओर से पहली बार मई 2020 में नेहरू पार्क और लाल गिरजाघर, दोनों स्थानों पर मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव भेजा गया था। उस समय दोनों परियोजनाओं की अनुमानित लागत 27.62 करोड़ रुपये रखी गई थी। बाद में 2025 में प्रस्ताव का पुनरीक्षण किया गया। संशोधित योजना में लाल गिरजाघर स्थल को हटा दिया गया और केवल नेहरू पार्क में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने का प्रस्ताव 32 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत के साथ तैयार किया गया। अब सीईओ विशाल सारस्वत ने इसी संशोधित प्रस्ताव को रिन्यू कर दोबारा मुख्यालय भेजा है। उनका कहना है कि मुख्यालय से संस्तुति मिलते ही परियोजना को धरातल पर उतारने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि मल्टीलेवल पार्किंग बनने से छावनी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में वाहनों के बढ़ते दबाव को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। लोगों के साथ बाहर से आने वाले वाहन चालकों को भी बेहतर पार्किंग सुविधा मिलेगी। साथ ही पार्किंग से छावनी परिषद की आय बढ़ने की भी उम्मीद है। परिषद का उद्देश्य क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाए रखना है। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed