फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top news Pet dog bites child case filed transgender people create ruckus at police station

वाराणसी की प्रमुख खबरें: पालतू कुत्ते ने मासूम बच्ची को काटा, मुकदमा दर्ज; किन्नरों ने थाने में किया हंगामा

Wed, 01 Oct 2025 11:26 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Wed, 01 Oct 2025 11:26 PM IST
सार

Varanasi Top News: वाराणसी जिले में बुधवार को कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें पालतू कुत्ते के बच्ची को काटने के मामले में मुकदमा दर्ज करने समेत कई खबरें सुर्खियों में रहीं। 

विज्ञापन
Varanasi Top news Pet dog bites child case filed transgender people create ruckus at police station
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

लोहता थाना क्षेत्र के भरथरा गांव की निधि सिंह ने पड़ोसी के खिलाफ मंगलवार रात मुकदमा दर्ज कराया। निधि ने पुलिस को बताया कि उनकी पड़ोसी प्रेमलता और बेटे कुत्तों की खरीद फरोख्त करते हैं। प्रेमलता के बेटे ने अपने खतरनाक कुत्ते को खोल दिया। जिसके बाद कुत्ते ने बच्ची को काट लिया। शिकायत पर गालीगलौज और मारपीट पर उतारू हो गए। लोहता थानाध्यक्ष निकिता सिंह ने बताया कि प्रेमलता और उसके बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। 

विज्ञापन


गंगा में डूबी महिला का नहीं चला पता, परिजन भी नहीं आए
अस्सी घाट पर मंगलवार को दोस्तों के साथ नहाते समय डूबी निशा (22) का दूसरे दिन भी बुधवार को पता नहीं चला। जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने अस्सी से लेकर राजघाट तक खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली। उधर, मायके और ससुराल पक्ष से कोई भी सदस्य नहीं पहुंचा। थाने से फोन करने पर भी सकारात्मक जवाब नहीं मिल सका। गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के परसौनी निवासी निशा परिचित अखिलेश निवासी महाराजगंज, संतकबीर नगर के ददरा निवासी महेश पांडेय और गौरी त्रिपाठी के साथ काशी दर्शन के लिए आई थी। सभी अस्सी घाट पर घूमने गए और फिर नहाने के दौरान निशा डूब गई। निशा का पति जितेंद्र है, उसे दो साल का बेटा भी है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मायके और ससुराल पक्ष को सूचना दी गई है। अभी तक कोई पहुंचा नहीं है। निशा की खोजबीन की जा रही है।  
विज्ञापन


एमसीएच विंग में टूटकर गिरा प्लास्टर, बड़ा हादसा टला
दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल परिसर स्थित एमसीएच विंग की छत पर लगा प्लास्टर टूटकर गिर गया। मंगलवार की देर रात हुई बारिश की वजह से पांचवें तल का ऊपरी हिस्सा एक-एक कर नीचे गिर गया। संयोग था कि उस समय वहां कोई मरीज भर्ती नहीं था।
विज्ञापन
विज्ञापन


जिला अस्पताल परिसर में 50 बेड का एमसीएच विंग इस उद्देश्य के साथ बनाया गया है कि एक ही छत के नीचे गर्भवती महिलाओं, बच्चों को जांच, इलाज की सुविधा मिल सके। पांच मंजिला एमसीएच बने इस विंग में ओपीडी, वार्ड, ऑपरेशन थियेटर और जरूरी जांच भी होती है। प्लास्टर गिरने की जानकारी तब हुई जब सुबह भर्ती मरीजों के तीमारदार बाहर आए। देखा कि जगह-जगह प्लास्टर गिरा पड़ा था। इस बारे में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. आरएस राम ने बताया कि एमसीएच विंग में जहां से प्लास्टर गिरा है, वहां थर्माकोल लगाया गया था। जिस जगह से प्लास्टर गिरा है, उसको दुरुस्त करवाया जाएगा।

अहरक गांव के पास ट्रेन से कटकर युवक की मौत
बड़ागांव थाना क्षेत्र के अहरक गांव के पास मंगलवार देर रात ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि शव की पहचान नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर जानकारी साझा की गई है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी को भी शख्स के बारे में कोई जानकारी हो तो बड़ागांव थाने की पुलिस को सूचित करें। 

किन्नरों ने रामनगर थाने में किया हंगामा
किन्नरों के दो गुट ने बुधवार दोपहर रामनगर थाने में हंगामा किया। हालांकि, बाद में दोनों गुट में समझौता हो गया। किन्नरों के एक गुट को जानकारी मिली थी कि दूसरे गुट के दो लोग रामनगर में वसूली कर रहे हैं। दो किन्नरों को पकड़कर दूसरे गुट के किन्नरों ने उसे पीट दिया और थाने ले आए। बताया जा रहा था कि दोनों पुरुष थे। जानकारी मिलने के बाद दूसरे गुट के किन्नर भी पहुंच गए। कार्रवाई की मांग को लेकर किन्नरों ने हंगामा शुरू कर दिया। नागरिकों के साथ थाने के सिपाही भी हट गए। तहरीर के बाद भी थाने पर भीड़ रही। कुछ देर बाद दोनों गुटों के गुरू थाना पहुंचे और समझौता करवाया। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने कहा कि किन्नरों का एक गुट दो लोगों को पकड़ कर लाया था। बाद में समझौता हो गया। किसी भी तरफ से तहरीर नहीं मिली है।

छात्रा से जबरन शादी और धमकी के मामले में मुकदमा दर्ज
छात्रा पर शादी का दबाव, गालीगलौज और पांच लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पीड़िता ने बुधवार को नामजद के खिलाफ शिवपुर थाने में केस दर्ज कराया। पीड़ित पिता ने पुलिस को बताया कि बेटी 12वीं की छात्रा है। बैरीबंद पांडेयपुर निवासी आरिफ जबरदस्ती शादी का दबाव बना रहा है। विरोध करने पर बेटी की हत्या की धमकी दे रहा है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

दंपती के विवाद को मिशन शक्ति टीम ने सुलझाया
मंडुवाडीह थाने में मिशन शक्ति की टीम ने बुधवार को दंपती के विवाद को सुलझाया। लहरतारा-भिटारी रोड की गुड़िया ने पुलिस से शिकायत की कि पति से पैसों को लेकर विवाद है। टीम की प्रभारी उप निरीक्षक प्रमिला यादव पीड़िता के घर पहुंचीं। उन्होंने जांच कर दोनों पक्षों से बात की। टीम के समझाने और मध्यस्थता से पति-पत्नी दोनों समझ गए। पति ने पत्नी को विश्वास दिलाया कि आगे से कोई परेशानी नहीं होगी। पत्नी ने भी सहमति जताई कि वह अब अपने पति के साथ ही जीवन भर रहेगी। दीपिका और दया शंकर शर्मा भी मौजूद रहे।  

किशोरी को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया बरामद
कपसेठी पुलिस ने थाना क्षेत्र के मटुका ककरहवा गांव से लापता किशोरी को 24 घंटे के अंदर बुधवार को बरामद कर माता-पिता को सौंपा। कपसेठी थानाध्यक्ष सधुवन राम गौतम ने बताया कि चार टीमों ने छानबीन की। पता चला कि किशोरी 13006 पंजाब मेल के जनरल कोच में सवार हुई थी। पीड़िता ने एक महिला सहयात्री के मोबाइल से अपने परिजनों को कॉल किया, जिससे उसकी लोकेशन आरा-पटना (बिहार) की मिली। परिजनों के साथ पुलिस पहुंची और बरामद किया।  

इसे भी पढ़ें; Dussehra 2025: रावण दहन पर खुले रहेंगे बरेका के सभी प्रवेश द्वार, वापस लिया गया आदेश; डीएम ने की ये अपील

भाभी पर अश्लील कमेंट, केस दर्ज
भाभी पर अश्लील कमेंट करने के आरोपी के खिलाफ चौक थाने में बुधवार को केस दर्ज किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति की गैरमौजूदगी में चचेरे ससुर का बेटा अश्लील हरकत करता है। विरोध करने पर गालीगलौज और झूठे केस में फंसाने की धमकी देता है। चौक इंस्पेक्टर दिलीप मिश्रा ने बताया कि काशीपुरा बलुआ निवासी आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। 

फब्तियां कसने का आरोपी गिरफ्तार
जंगमबाड़ी मठ मंदिर के सामने दुर्गा पंडाल पर महिलाओं पर फब्तियां कसने के आरोपी को दशाश्वमेध पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। एसएसआई सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी मध्य प्रदेश के सिधी हनुमानगढ़ी निवासी राकेश कुमार है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

अभद्र टिप्पणी करने का आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली के सप्तसागर नक्खाश तिराहे पर महिलाओं और युवतियों पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी आनंद मिश्रा को कोतवाली पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। कोतवाली इंस्पेक्टर दयाशंकर सिंह ने बताया कि आरोपी बोकारो स्टील सिटी का रहने वाला है। उससे पूछताछ की जा रही है।  

नक्कटैया में युवक की पिटाई, तीन पर केस दर्ज
खोजवा नक्कटैया मेले में अजुर्न कन्नौजिया की पिटाई के मामले में तीन नामजद और अज्ञात के खिलाफ मंगलवार की रात भेलूपुर थाने में केस दर्ज किया गया। सरायनंदन खोजवा निवासी अर्जुन ने पुलिस को बताया कि राहुल मौर्या, रोहित मौर्या, अतुल मौर्या सहित अज्ञात ने पिटाई की है। भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर कुमार त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है।  

इसे भी पढ़ें; UP: यूपी के इस जिले में बिजलीघरों की राख के दुष्प्रभावों का होगा अध्ययन, एम्स भोपाल की टीम को मिली जिम्मेदारी

पूजा पंडाल में महिला की चेन काटी
मिनी स्टेडियम दुर्गा पूजा पंडाल में मंगलवार रात पूजा सिंह के गले से सोने की चेन काट ली गई। बुधवार को पीड़िता ने शिवपुर थाने में केस दर्ज कराया। पूजा ने पुलिस को बताया कि 30 सितंबर की रात भाई रवि सिंह के साथ मिनी स्टेडियम दुर्गा पूजा पंडाल घूमने गई थी। दो औरत और एक पुरुष ने चेन काट ली। सीसी कमरे में वारदात कैद है। थाना प्रभारी वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि सीसी कैमरे के आधार पर जांच की जा रही है।  

दशहरा के लिए रैपिड एक्शन फोर्स ने सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाली
दुर्गा पूजा मेला और दशहरा की सुरक्षा को लेकर पुलिस सतर्क है। रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) भी तैनात की गई है। चौबेपुर इंस्पेक्टर अजीत कुमार वर्मा ने बताया कि नवमी से लेकर भारत मिलाप तक सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा आरएएफ के हाथों में होगा। भारत मिलाप के दिन जुम्मा पड़ने के चलते प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरदी है। पांच दुर्गा पूजा समितियों के पंडालों पर भी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। दशहरे पर चौबेपुर बाजार में लगने वाले मेले और रावण दहन में भीड़ होती है। प्रशासन ने समितियों को अलर्ट किया है। वालंटियरों को निर्देश दिया गया है कि किसी भी प्रकार का उपद्रव करने वालों की पहचान कर सूचना दें। 

मैजिक से गिरे टिनशेड से कार क्षतिग्रस्त, मां-बेटी सुरक्षित
वाराणसी-बाबतपुर मार्ग पर कोईराजपुर के पास मंगलवार शाम मैजिक वाहन पर लदा टिनशेड अचानक आगे चल रही कार पर गिर पड़ा, जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। कार चला रहे सूर्य प्रताप सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ लोहता लौट रहे थे। तीनों को कोई चोट नहीं आई। बड़ागांव पुलिस वाहनों को लेकर हरहुआ चौकी पहुंची। थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।  
 
जमीन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, दो घायल
मिर्जामुराद क्षेत्र के अमिनी गांव में बुधवार शाम जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। एक पक्ष से उमेश पटेल और दूसरे पक्ष के नंदू राजभर घायल हो गए। दोनों पक्ष ने मिर्जामुराद थाने में केस दर्ज कराया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि दोनों पक्ष से छह लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया है। 

दुर्गा पूजा पंडाल देखने गए युवक को पीटा
चोलापुर थाना क्षेत्र अजगरा बाजार में दुर्गा पूजा पंडाल में मंगलवार रात शुभम (18) की मनबढ़ों ने पिटाई कर दी। पीड़ित ने बुधवार को थाने में तहरीर दी। उधोरामपुर निवासी शुभम ने पुलिस को बताया कि छह युवकों ने पिटाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। फिर आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

दो ट्रेनों में 11 अवैध वेंडर पकड़े, मुकदमा
रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी और डॉग स्क्वाड की ओर से कैंट रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म और टिकट घर पर चेकिंग अभियान चलाया गया। आरपीएफ इंस्पेक्टर संदीप यादव ने बताया कि आरपीएफ और सीआईबी की संयुक्त कार्रवाई में दो ट्रेनों में 11 अवैध वेंडर मिले। अलग-अलग मामलों में 11 अन्य लोगों पर मुकदमा दर्ज किया गया। कोटा-पटना एक्सप्रेस में 7, बनारस-रांची एक्सप्रेस में 4 अवैध वेंडर मिले। आरपीएफ इंस्पेक्टर ने बताया कि सभी पर रेलवे एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। अशांति फैलाने के मामले में 2, सर्कुलेटिंग एरिया में नो पार्किंग में 3 और रांची-बनारस एक्सप्रेस के महिला कोच में यात्रा करने के जुर्म में 6 पर मुकदमा दर्ज किया गया है।  

आज बंद रहेगी बीएचयू अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी
दशहरा की वजह से बीएचयू के सरसुंदरलाल अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर की ओपीडी बृहस्पतिवार को बंद रहेगी। सर्जरी भी नहीं होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इसका आदेश जारी कर दिया गया है। इसमें बताया गया है कि दशहरा की वजह से ओपीडी बंद रहेगी। इसी महीने 20 अक्तूबर को दीपावली के उपलक्ष्य में भी ओपीडी और सर्जरी की सेवा बंद रहेगी। 

हरिश्चंद्र घाट का निरीक्षण कर डीएम ने सिल्ट हटवाने के दिए निर्देश
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को हरिश्चंद्र घाट पर नगर निगम की ओर से कराए जा रहे कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर बाढ़ के दौरान आए सिल्ट का युद्धस्तर पर अभियान चलाकर तत्काल हटवाए जाने के निर्देश दिए। समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। डीएम ने हरिश्चंद्र घाट पर नगर निगम के निर्माणाधीन विकास परियोजना के प्रगति की भी जानकारी ली। कार्यदायी संस्था के अभियंताओं ने बताया कि कार्य समय से पूर्ण कर लिया जाएगा। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के अधिकारियों को भी घाट के चारों तरफ समुचित स्वच्छता सुनिश्चित कराए जाने के लिए सफाई कार्य को नियमित रूप से कराएं। 

संत समाज शिष्यों को तैयार करें, उन्हें सेवा के लिए बस्तियों में भेजें: राष्ट्रपति
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्रीदशनाम पंचायती जूना अखाड़े के संतों से मुलाकात के दौरान कहा कि संत समाज ऐसे शिष्यों को तैयार करें, जो गांव की गरीब बस्तियों में जाकर उन्हें सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करें। उनके बीच रहकर समाज सेवा करें।

श्रीदशनाम पंचायती जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी उमाकांतानंद सरस्वती और श्रीराम डिवाइन चैरिटेबल ट्रस्ट हरिद्वार के संस्थापक अध्यक्ष एवं शाश्वतम् फाउंडेशन मॉरीशस के सानिध्य में संतों के प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से राष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। महामंडलेश्वर ने कहा कि राष्ट्रपति के संदेश को बाकी संतों तक पहुंचाने और इस दिशा में कार्य करने के लिए शिष्यों को तैयार करने पर जोर दिया जाएगा। 

बताया कि संत समाज गरीबी उन्मूलन, शिक्षा, चिकित्सा, पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण जैसे अनेक राष्ट्रीय विषयों पर कार्य कर रहा है। संतों ने राष्ट्रपति को भगवान श्रीराम को स्मृति चिह्न भेंट किया। प्रतिनिधिमंडल में भाजपा के पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एससी/एसटी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव, वरिष्ठ भाजपा नेता राकेश भास्कर, हरिद्वार शाश्वतम् परिवार के राष्ट्रीय संयोजक डॉ. जितेंद्र सिंह, आयुर्वेदिक वैद्य दीपक कुमार आदि शामिल रहे।  

घर से बाहर बुलाकर हमला, सोने की चेन भी छीनी
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के बिहड़ा गांव में मंगलवार रात तीन बाइक से पहुंचे नौ हमलावरों ने बेचू दुबे पर रॉड से हमला किया। आरोप है कि सोने की चेन भी छीन ली। पीड़ित ने बुधवार को थने में एक नामजद समेत नौ के खिलाफ तहरीर दी है। बेचू ने पुलिस को बताया कि मकान पर तीन बाइक से 9 लोग पहुंचे और आवाज देकर बाहर बातचीत के लिए बुलाया। इस बीच सिर पर रॉड से हमला कर दिया। घायल होने के बाद औराई के अस्पताल में उपचार कराया। मिर्जामुराद थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।  

फुटवियर फैक्ट्री में लगी आग, मालिक ने दी तहरीर
चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी के पटेल बस्ती में फुटवियर फैक्ट्री में मंगलवार रात एक बजे आग लग गई। लैपटॉप, डेस्कटॉप, कच्चा माल, फुटवियर बनाने की मशीन, फुटवियर समेत अन्य सामान जलकर नष्ट हो गए। फैक्ट्री मालिक ने अराजकतत्वों पर आग लगाने की थाने में तहरीर दी है। फैक्ट्री मालिक दिलीप कुमार ने बताया कि चंदापुर गांव में ग्रैंड स्लाइस फुटवियर प्राइवेट लिमिटेड नाम से फैक्ट्री है। रात में कंपनी के सभी कर्मचारी काम बंदकर घर चले गए। रात 1 बजे फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। जान बूझकर आग लगाई गई है। सीसी कैमरे के तार हटाए गए थे। आरोप लगाया कि आग शॉर्ट सर्किट से नहीं बल्कि जानबूझकर लगाई गई है। फैक्ट्री किराये की जमीन पर है। चोलापुर इंस्पेक्टर योगेंद्र प्रसाद ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। साथ ही जांच की जा रही है। 

वरुणा नदी किनारे युवक का मिला शव
कैंट थाना क्षेत्र के भीम नगर में वरुणा नदी किनारे बुधवार सुबह पुलिस ने युवक का शव बरामद किया। कैंट इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि अंबेडकर मूर्ति के पास शव उतराया मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फिलहाल उसकी पहचान कराई जा रही है। 

महिलाओं से अश्लील हरकत करने वाला गिरफ्तार
सिगरा थाना क्षेत्र के भारत सेवाश्रम के पास बुधवार को युवती और महिलाओं से अश्लीलता करने के आरोपी कमल को पुलिस ने गिरफ्तार किया। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी सुल्तानपुर के धनपतगंज का रहने वाला है। भारत सेवाश्रम पूजा पंडाल के पास महिला राहगीरों को देख अश्लील हरकत कर रहा था।  

शांभवी बनी रामनगर थाने की एक दिन की प्रभारी
शक्ति की आराधना के पर्व के आखिरी दिन बुधवार को 10 की छात्रा शांभवी श्रीवास्तव ने रामनगर थाने का प्रभारी पद का कार्यभार संभाला। शांभवी ने थाने का निरीक्षण किया। एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया को समझा, केस फाइल करने की बारीकियां समझीं। महिला डेस्क, मिशन शक्ति 5.0 और सुरक्षा प्रबंधन संबंधी जिम्मेदारियों को समझा। महिला हेल्पलाइन नंबरों के बारे में बताया। थाना प्रभारी दुर्गा सिंह ने बुके दे कर शांभवी का स्वागत किया।  

4 अक्तूबर को होगी अंडर-15 और अंडर-11 शतरंज प्रतियोगिता
जिला शतरंज एसोसिएशन की ओर से 4 अक्तूबर को अंडर-15 और अंडर-11 आयु वर्ग की शतरंज प्रतियोगिता शिवपुर के एक लाॅन में होगी। एसोसिएशन के मानद सचिव विजय कुमार ने बताया कि इसमें जिले के बालक-बालिका वर्ग के शतरंज खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान पाने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार भी दिया जाएगा। साथ ही इसमें पहला स्थान पाने वाले बालक-बालिका खिलाड़ी नवंबर में गाजियाबाद में होने वाली अंडर 15 राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में हिस्सा लेंगे। इसके लिए उनकी एंट्री फीस और प्रोत्साहन राशि का खर्च जिला शतरंज एसोसिएशन वहन करेगा। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खुद को साबित करने का अवसर देना है। शतरंज जैसे बौद्धिक खेल में बच्चों की सोच, एकाग्रता और रणनीति विकसित करने पर जोर दिया जा रहा है। 

जिला अस्पताल में जरूरतमंदों के लिए किया रक्तदान
अमर उजाला की ओर से राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर बुधवार को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल में आयोजित रक्तदान शिविर में लोगों ने जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान किया। इसमें कुछ लोगों ने पहली बार तो कुछ तीसरी-चौथी बार रक्तदान करने के बाद बहुत उत्साहित दिखे। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक चले शिविर के लिए सुबह ही रक्तदाता पहुंचने लगे। एक अक्तूबर को स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर लगे शिविर में लोगों को ब्लड ग्रुप भी बताया गया। नागरिक सुरक्षा कलेक्ट्रेट प्रखंड की ओर से लगाए गए शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान किया। इस दौरान नागरिक सुरक्षा के कलेक्ट्रेट प्रखंड के डिप्टी कंट्रोलर जितेंद्र देव सिंह, चीफ वार्डन विनोद गुप्ता,डिवीजनल वार्डन संजय कुमार राय आदि ने विशेष सहयोग किया।
 
आरएसएस की शताब्दी पर पूर्व मेयर ने दी बधाई
पूर्व मेयर रामगोपाल मोहले ने राष्ट्ररीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष की देशवासियों को बधाई। उन्होंने कहा कि आरएसएस की 100 वर्षों की यात्रा केवल संगठन के परिश्रम की नहीं, बल्कि समाज के सहयोग और सहभागिता की कहानी है। बाल्यकाल से ही आरएसएस के स्वयंसेवक के रूप में कार्यरत मोहले ने कहा कि संघ राष्ट्र प्रेम की वो पाठशाला है जहां राष्ट्रवादी सोच और चरित्र से ओतप्रोत ऐसे राष्ट्रवादियों का निर्माण होता है।  

लक्ष्य सिंह बने संयुक्त सचिव
महमूरगंज के श्रीराम नगर कॉलोनी के रहने वाले लक्ष्य सिंह को ऑल इंडिया क्रिकेट एसोसिएशन फॉर फिजिकली चैलेंज्ड एंड डिसेबल्ड (महिला प्रकोष्ठ) का संयुक्त सचिव बनाया गया है। इसे लेकर संगठन की ओर से आधिकारिक पत्र जारी कर दिया गया है। लक्ष्य की इस उपलब्धि पर परिवार में खुशी की लहर है। पिता राजन सिंह और चाचा सरदार सिंह ने कहा कि यह नियुक्ति न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने विश्वास जताया कि लक्ष्य अपने पद पर रहते हुए दिव्यांग क्रिकेटरों के हित में काम करेंगे।  

बिजली की समस्या के लिए 1912 पर करें शिकायत
बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान को लेकर अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। आप बिजली संबंधी शिकायत को 1912 पर दर्ज करवा सकते हैं। बिजली निगम की ओर से उपभोक्ताओं से बिल में गड़बड़ी, आपूर्ति संबंधित समस्या को इसी नंबर पर दर्ज कराने की जानकारी दी जा रही है। इसमें शिकायत दर्ज करवाते ही एक रजिस्ट्रेशन संख्या भी मिल जाती है। जिसको ट्रैक किया जा सकता है। 

डांडिया कार्यक्रम रद्द होने के बाद 109 लोगों को लौटाए पैसे
छावनी के होटल डी पैरिस में प्रस्तावित डांडिया कार्यक्रम के अचानक निरस्त होने के अगले दिन 109 लोगों के पैसे लौटा दिए गए। महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने इवेंट प्लानर और होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनीता सोनी ने बताया कि उनके माध्यम से 150 पास बेचे गए थे। इसी बीच इवेंट प्लानर अनिल साहू और नागेश पंडित ने उनके नाम पर फर्जी पास छपवाकर धोखाधड़ी की। कहा कि बुक माई शो के जरिये भी बड़ी संख्या में पास बेचे गए थे। इस वजह से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई।

कार्यक्रम में भोजपुरी गायक पवन सिंह के शामिल होने का जिक्र नहीं था। अनिल साहू पहले से ही उसी होटल में अलग कार्यक्रम की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि जैसे ही उसे महिला व्यापार मंडल के कार्यक्रम की जानकारी मिली, उसने दोनों आयोजनों को मिलाकर मंडल के नाम से फर्जी पास जारी कर दिए। रविवार को अचानक पुलिस से कार्यक्रम के निरस्त होने की सूचना पहुंची। सुनीता सोनी ने वीडियो जारी कर पासधारकों को कहा कि उनका पैसा वापस किया जाएगा। वादे के मुताबिक सोमवार को 109 लोगों के पैसे लौटा दिए गए।  

1533 पर करें कुत्ता-बंदर से जुड़ी शिकयतें
शहर में कुत्ता और बंदर से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत के लिए नगर निगम की ओर से जारी किए गए हेल्पलाइन 1533 पर शिकायत करें। इस नंबर पर इन्हें पकड़वाना हो या फिर इससे किसी भी प्रकार की जानकारी हो। इस नंबर पर कार्यालय अवधि सुबह 10 से 5 बजे के बीच में शिकायत कर सकते हैं।  

रावण दहन के बाद राख उठाएगा नगर निगम
दशहरे पर रावण दहन के बाद स्थलों की साफ सफाई कराने के लिए नगर निगम ने कार्ययोजना बनाई है। मलदहिया, लंका, भोजूबीर के अलावा जहां जहां रामलीला होती हैं, वहां वहां रावण दहन होता है। उस इलाके में दशहरा से पूर्व दिन में सफाई और चूने का छिड़काव होगा। रावण दहन के बाद दोबारा सफाई कराई जाएगी। मेयर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बैठक के माध्यम से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी दी है। नगर निगम की ओर से रावण दहन स्थल के आसपास के मार्गों की पैचवर्किंग कराई गई है। सफाई के लिए कर्मचारियों को रावण दहन वाले क्षेत्र में तैनात कर दिया गया है।  

काशी की गलियों में आज आरएसएस का पथ संचलन
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 पूरे होने पर बृहस्पतिवार को देश के साथ-साथ काशी की गलियों में स्वयंसेवकों के कदम ताल गूंजेंगे। विश्व संवाद केंद्र के प्रभारी डॉ. अंबरीष राय ने बताया कि महानगर के सभी प्रमुख मार्गों से स्वयंसेवक अपनी-अपनी शाखाओं से पथ संचलन निकालकर देश की एकता, अनुशासन और संस्कार से लोगों को परिचित कराएंगे। 

काशी की पहली शाखा धनधान्येश्वर शाखा (वर्तमान) पर काशी प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा। वे मूल धनधान्येश्वर शाखा पर डाॅ. हेडगेवार और श्रीगुरु के चित्र पर माल्यार्पण भी करने जाएंगे। शताब्दी वर्ष का यह कार्यक्रम काशी प्रांत के सभी मंडलों और बस्तियों में होगा। काशी में संघ शाखा की पहली नींव धनधान्येश्वर मंदिर में पड़ी। 

बारिश के बाद कई जगहों पर जलभराव, सड़कें खस्ताहाल
बारिश के बाद बुधवार को कई जगहों पर जलभराव हुआ और सड़कें खस्ताहाल रहीं। लल्लापुरा और जेपी मेहता के पास पानी भरा रहा। इसके अलावा बारिश का पानी निकलने के बाद महमूरगंज, रवींद्रपुरी, मलदहिया, सिद्धगिरीबाग, सोनिया, औरंगाबाद, चेतगंज, जद्दूमंडी, पांडेयपुर, मंडुवाडीह आदि इलाकों में सड़कें खराब दिखने लगी हैं। लल्लापुरा के पार्षद हारुन अंसारी ने बताया कि सुबह 11 बजे तक एओ मुस्लिम स्कूल के पास से पानी नहीं निकला है। 

इस संबंध में जलकल से शिकायत की गई है। इंग्लिशिया लाइन के पास सुबह पानी भरा रहा। इसके अलावा कुछ जगहों पर बारिश के चलते सड़कें व पैचवर्क उखड़ गए हैं। जिसके चलते गिटि्टयां बिखर गई हैं। नगर निगम की ओर से क्यूआरटी गठित की गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने कहा कि पैचवर्क का काम युद्धस्तर पर पूरा कराया गया है। 

डांडिया रद्द होने के बाद 109 लोगों को लौटाए रुपये
छावनी के होटल डी पैरिस में प्रस्तावित डांडिया कार्यक्रम के अचानक निरस्त होने के अगले दिन 109 लोगों के पैसे लौटा दिए गए। महिला व्यापार मंडल की अध्यक्ष सुनीता सोनी ने इवेंट प्लानर और होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सुनीता सोनी ने बताया कि उनके माध्यम से 150 पास बेचे गए थे। इसी बीच इवेंट प्लानर अनिल साहू और नागेश पंडित ने उनके नाम पर फर्जी पास छपवाकर धोखाधड़ी की। 

कहा कि बुक माई शो के जरिये भी बड़ी संख्या में पास बेचे गए थे। इस वजह से लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई। कार्यक्रम में भोजपुरी गायक पवन सिंह के शामिल होने का जिक्र नहीं था। अनिल साहू पहले से ही उसी होटल में अलग कार्यक्रम की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि जैसे ही उसे महिला व्यापार मंडल के कार्यक्रम की जानकारी मिली, उसने दोनों आयोजनों को मिलाकर मंडल के नाम से फर्जी पास जारी कर दिए। सुनीता सोनी ने वीडियो जारी कर पासधारकों को कहा था कि उनका पैसा वापस किया जाएगा। 

गुमटी मार्केट की दुकान की छत में लगी गोली
बरेका के गुमटी मार्केट में दुकानदार राजनारायण सिंह ने बुधवार रात मंडुवाडीह थाने में तहरीर देकर फायरिंग का आरोप लगाया है। राजनारायण सिंह ने पुलिस को बताया कि दुकान की छत को भेदते हुए गोली काउंटर पर आ गिरी है। प्रभारी निरीक्षक अजय राज ने बताया कि मंगलवार की घटना है। बुधवार रात तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। 

गोपनीय विभाग के कर्मचारी की पिटाई, केस दर्ज 
काशी विद्यापीठ के गोपनीय विभाग के कर्मचारी शम्भू नाथ सोनकर की मंगलवार शाम पिटाई के मामले में आरोपी अनुराग के खिलाफ सिगरा थाने में केस दर्ज किया गया है। शम्भू ने पुलिस को बताया कि अनुराग गोपनीय रिकॉर्ड देखने की मांग कर रहे थे। मना करने पर पिटाई की। सिगरा इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मारपीट और विभिन्न आरोपों में केस दर्ज किया गया है। 

प्लास्टिक फ्री काशी के लिए निगम ने किया समझौता
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने बुधवार को नगर निगम, एचडीएफसी बैंक और होप वेलफेयर ट्रस्ट हे बीच त्रिपक्षीय समझौता किया। इस एमओयू का उद्देश्य शहर को प्लास्टिक-मुक्त बनाना है। त्यागे गए पुराने वस्त्रों का पुनः उपयोग सुनिश्चित करना है। ग्रामीण महिलाओं को आजीविका उपलब्ध कराना है।

इस परियोजना में 2,50,000 कपड़े के थैले (झोले) होप वेलफेयर ट्रस्ट के स्टिचिंग सेंटर पर ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार किए जाएंगे। इन झोलों का वितरण नगर भर में कर नागरिकों को प्लास्टिक की थैलियों के विकल्प के रूप में प्रेरित किया जाएगा। नगर आयुक्त ने कहा कि गंगा तट पर एकत्र पुराने वस्त्रों को पुनः उपयोग में लाकर न केवल ग्रामीण महिलाओं को रोजगार दिया जाएगा, वाराणसी को प्लास्टिक-मुक्त काशी बनाने की दिशा में भी मील का पत्थर सिद्ध होगी। इस अवसर पर बैंक से मनीष टंडन, रोहित खन्ना, अरविंद  सिंह और ट्रस्ट से दिव्यांशु उपाध्याय रहे। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed