Varanasi Top News : सड़क हादसे में एक की माैत, चार घायल, युवक ने लगाया फंदा; ये रहीं वाराणसी की चर्चित खबरें
वाराणसी के मिर्जामुराद थाने के एक गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया जब श्रद्धालुओं की मालवाहक, मैजिक से टकरा गई। चीख-पुकार के बाद माैके पर भीड़ जुट गई। इस हादसे में एक की माैत हो गई थी। वहीं, लहरतारा में 40 साल के व्यक्ति ने घर की दूसरी मंजिल पर कमरे के रॉड में गमछे का फंदा लगाकर जान दे दी। आइए जानते हैं अन्य खबरें...
विस्तार
Varanasi Top News : मिर्जामुराद के लालपुर चट्टी के पास शुक्रवार को विंध्याचल से दर्शन कर वापस घर जा रहे श्रद्धालुओं की मालवाहक मैजिक में प्रयागराज की ओर से आ रही कार ने जोरदार टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मैजिक पलट गई और एक श्रद्धालु की मौत हो गई। हादसे में मैजिक सवार चार श्रद्धालु घायल हुए हैं।
बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के सूर्यपुरा गांव निवासी श्रीकांत सिंह (65) चोलापुर थाना क्षेत्र के नियार गांव निवासी चार रिश्तेदारों और नौ अन्य लोगों के साथ मैजिक से मां विंध्यवासिनी के दर्शन-पूजन करने गए थे।
वापस लौटते समय लालपुर चट्टी के पास मैजिक को दो होमगार्डों ने हाथ देकर साइड लगाने को कहा। चालक मैजिक को रोकना चाहा, तभी प्रयागराज के तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने मैजिक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मैजिक पलट गई। हादसे में मैजिक सवार 13 श्रद्धालुओं में से पांच घायल हो गए।
आनन-फानन श्रीकांत सिंह और नियार गांव निवासी अखिलेश कुमार सिंह (32), कमला देवी (50), राजकुमार चौहान (52) व सरोजिनी देवी (48) को बीएचयू के ट्रॉमा सेंटर भिजवाया गया। डॉक्टरों ने श्रीकांत सिंह को मृत घोषित कर दिया। मिर्जामुराद थाने की पुलिस ने श्रीकांत सिंह के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, हादसे के बाद कार छोड़ कर चालक भाग गया।
खाना खाकर टहलने गए युवक ने फंदा लगाकर जान दी
लहरतारा ककरहिया में 40 साल के संतोष शर्मा ने घर की दूसरी मंजिल पर कमरे में पंखे के रॉड में गमछे का फंदा लगाकर जान दे दी। मंडुवाडीह थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। परिजनों के अनुसार, संतोष के पिता रामेश्वर शर्मा का कुछ दिनों पहले निधन हो गया था। ऐसे में वह अवसाद में था।
बिहार के डेहरी आन सोन के सिधौली के मूल निवासी संतोष के पिता रामेश्वर रेलवे के कर्मचारी थे। उन्होंने ककरहिया में मकान बनवाया था। संतोष ने साड़ी के कारखाने का काम छोड़ दिया था और घर पर ही रहता था। पत्नी प्रीती शर्मा ने बताया कि बीती रात संतोष खाना खाकर छत पर टहलने की बात कहकर गए।
काफी देरी तक नीचे नहीं आए तो लगा कि वह छत पर बने कमरे में ही सो गए होंगे। शुक्रवार सुबह प्रीती छत पर गई तो फंदे के सहारे संतोष का शव लटका देख सन्न रह गई। प्रीती की सूचना पर एसीपी रोहनिया संजीव शर्मा और मंडुवाडीह थाना प्रभारी भरत उपाध्याय मौके पर पहुंचे। प्रीती और दोनों बेटों का रो-रोकर बुरा हाल था।
मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज
शुभम तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने आर्यन पांडेय के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। शुभम तिवारी ने तहरीर में बताया कि वह सारनाथ चौराहे पर चाय पी रहा था। इसी दौरान आर्यन पांडेय वहां आ गया और पुरानी रंजिश को लेकर उसकी पिटाई कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महाकुंभ में भटके तीर्थ यात्री को पुलिस ने परिजनों से मिलाया
काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजना के बाद बिछड़े श्याम नारायण बंजारा को पुलिस ने उनके परिवार से मिलवाया। प्रभारी निरीक्षक जगदीश कुशवाहा ने बताया कि वह दो फरवरी को महाकुंभ में स्नान कर वाराणसी में मंदिर दर्शन के लिए आया था। वह मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण घर की जानकारी नहीं दे पा रहा था। किसी तरह सुराग लगाकर उनके परिवारजनों को बुलाया। बंजारा परिवार ने पुलिस के प्रति आभार जताया।
शादी का झांसा देकर युवती को भगाया
एक युवक ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसे लेकर बहलाकर ले भागा। सारनाथ पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर नामजद पर मुकदमा दर्ज किया। मामला सारनाथ रघुनाथपुर इलाके का है। इसमें पिता छन्नू यादव ने मुर्दहा चोलापुर के रामचंद्र उर्फ विपिन नामजद तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया।
किशोरी लापता ,मुकदमा दर्ज
बड़ागांव थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में बड़ागांव पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। किशोरी के पिता ने प्रार्थना पत्र में बताया कि रवि राजभर 3 फरवरी को उसकी नाबालिग पुत्री को बहला फुसला कर घर से ले भागा। खोजबीन के बाद उसके पिता ने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।
चोरी की पल्सर के साथ एक युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गुरुवार रात कुड़ी गांव के समीप चोरी की एक पल्सर बाइक के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया। वहीं, उसका दूसरा साथी मौके से फरार हो गया। उप निरीक्षक नंदलाल कुशवाहा को सूचना मिली थी कि दो युवक चोरी की बाइक के साथ बड़ागांव की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने इलाके की घेरबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में अपना नाम अभय कुमार सिंह निवासी कुसहीं और फरार साथी का नाम आशीष राजभर निवासी कुड़ी बताया है। उन्होंने यह बाइक पिछले साल नवंबर में लंका थाना क्षेत्र के बुटीक सेंटर से चुराई थी और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर चला कर रहे थे।
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के करखियाव एग्रो पार्क के सामने शुक्रवार अज्ञात वाहन की टक्कर से 56 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई। आस-पास के लोगों ने बताया कि नसीम उल्लाह खां बाइक से अपने निजी काम से जौनपुर की तरफ जा रहे थे। उनके मोबाइल पर किसी का फोन आने पर वह रुककर सड़क के किनारे बात करने लगे। उसी समय पीछे से आ रहे वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। सड़क के किनारे गिरने से सिर में गंभीर चोट आई। इससे घटना स्थल पर उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने लौटाया महिला का बैग
काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन करने महाराष्ट्र से आई महिला का बैग कहीं गिर गया था। महिला के काफी प्रयास के बाद भी बैग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने चौक थाने में जाकर रिपोर्ट दर्ज कराई। चौक थाना प्रभारी विमल कुमार मिश्रा ने अपनी टीम को एक्टिव किया कुछ ही देर में महिला का गिरा हुआ बैग खोज निकाला महिला को थाने बुलाकर महिला को सुपुर्द कर दिया। महिला ने अपना बैग पाकर स्थानीय पुलिस को धन्यवाद दिया।
सपा ने पिंडदान कर चुनाव आयोग का जताया विरोध
अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए सपा ने शुक्रवार को पिशाच मोचन पर पिंडदान किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की आत्मा के शांति के लिए प्रार्थना की और कहा कि प्रभु अपने श्री चरणों में चुनाव आयोग को स्थान दें।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गत गुरुवार को चुनाव आयोग पर निशाना साधा था। अब सपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताना शुरू कर दिया। इसी क्रम में लोहिया वाहिनी के पदाधिकारी शुभम सेठ गोलू ने कर्मकांड के लिए एक दिन पहले अन्न का त्याग किया। शुक्रवार को मुंडन कराके पिंडदान किया।
लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव जीशान अंसारी ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग लगातार पक्षपात पूर्ण रवैया अपना रहा है। इस मौके पर होरीलाल गुप्ता, संदीप पटेल, अमरेंद्र पांडे, प्रभाकर यादव, अभिषेक यादव गुड्डू, अनंत यादव मौजूद रहे।
हत्या के दोषी दो अभियुक्तों को सश्रम आजीवन कारावास
लोहता थाना क्षेत्र के चुरामनपुर गांव में हत्या के एक मामले में अपर जिला जज (प्रथम) अनिल कुमार की अदालत ने दो अभियुक्तों अनिल कुमार विश्वकर्मा और अरविंद कुमार पटेल को दोषी करार दिया है। अदालत ने शुक्रवार को दोनों को सश्रम आजीवन कारावास और 12-12 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई।
निर्मला सिंह का बेटा पंकज सिंह ऑटो चलाता था। 30 अक्तूबर 2019 को वह दवा के लिए बैंक से रुपये निकालने और नौकरी मिलने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन देर रात तक नहीं लौटा। अगले दिन हरिश्चंद्र पटेल के अर्द्धनिर्मित मकान में उसका शव मिला।
निर्मला सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने विवेचना शुरू की। सीसी फुटेज में पंकज सिंह की हत्या कर उसके शव को रात में अनिल कुमार विश्वकर्मा और अरविंद कुमार पटेल को कंधे पर लादकर ले जाते देखा गया। दोनों के पीछे शंभू विश्वकर्मा जाते नजर आया। पुलिस ने साक्ष्य के आधार पर तीनों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान शंभू विश्वकर्मा की मौत हो गई।
किशोरी से दुष्कर्म के दोषी को सात वर्ष की कैद
विशेष न्यायाधीश (पाॅक्सो एक्ट) द्वितीय अनुभव द्विवेदी की अदालत ने जैतपुरा थाना क्षेत्र की एक किशोरी से दुष्कर्म के मामले में गायघाट निवासी अभियुक्त राहुल श्रीवास्तव को दोषी पाया है। अदालत ने उसे सात वर्ष की कैद और 18 हजार रुपये के जुर्माने से दंडित किया है। अभियोजन के मुताबिक, 25 नवंबर 2015 को अभियुक्त राहुल श्रीवास्तव पीड़िता को बहला-फुसला कर घर से भगा ले गया। फिर उसके साथ दुष्कर्म किया।
दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति सहित आठ पर केस
भरलाई की निशिका सोनकर ने दहेज उत्पीड़न के आरोप में शिवपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपियों में जौनपुर के मझगावां कला निवासी पति महेश सोनकर, ससुर गुलाब, देवर सूरज, अगुआ अनिल सोनकर और चार अज्ञात शामिल हैं। निशिका ने पुलिस को बताया कि उनकी शादी 8 दिसंबर 2022 को महेश के साथ हुई थी।
महेश गुजरात के नवसारी जिले के विजलपोर थाने के बृजविहार अपार्टमेंट अहिवास में रहता है। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक था। बाद में कम दहेज को लेकर आरोपियों ने मायके से दो लाख रुपये और एक बेड मंगवाने की बात कही। ऐसे में भाई अभिषेक सोनकर आया और अगुआ अनिल सोनकर को बुलाया गया। हालांकि, पंचायत के बाद पति, ससुर, देवर, अगुआ और चार अज्ञात ने मारपीट कर घर से भगा दिया।
बालिकाओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
केंद्र सरकार के ब्रह्मोस वेंचर की ओर से शुक्रवार को बाइपास स्थित एक स्कूल मेंटल टफनेस: थ्रू पॉवर योगा एंड सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें 850 बालिका खिलाड़ियों ने योग और आत्मारक्षा का प्रशिक्षण लिया। इसमें स्कूल की छात्राओं को मानसिक सशक्तीकरण, आत्मरक्षा के कौशल की जानकारी दी गई।
मानसिक रूप से कमजोर युवक की जमीन अपने नाम कराई
कुड़ी गांव निवासी मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को अगवा कर जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी पैतृक जमीन धोखे से बैनामा कराने के आरोप में पांच आरोपियों के खिलाफ बड़ागांव थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है। अमीना ने पुलिस कमिश्नर को प्रार्थना पत्र दिया था।
बताया कि उसके भाई जाकिर हुसैन मानसिक रूप से कमोजर हैं। 4 नवंबर 2024 को गांव के इसराज उर्फ बेलाल और इमरान ने उन्हें अगवा कर लिया। उप निबंधन कार्यालय से पता लगा कि उनके भाई को डरा-धमकाकर पैतृक जमीन षड्यंत्र के तहत राजू अली के नाम से बैनामा करा ली गई है। चिलबिला गांव निवासी कमलेश और शमशेर गवाह थे।
लघुशंका करने रुका तो बाइक लेकर भागे
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के छोटी खजुरी में नेशनल हाइवे पर एक पेट्रोल पंप के पास गुरुवार देर शाम एक बाइक सवार रुका और लघुशंका करने लगा। जैसे ही वह मुड़ा तो उसकी बाइक वहां नहीं थी। भुक्तभोगी मेहदीगंज निवासी शैलेंद्र प्रसाद ने मिर्जामुराद थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शैलेंद्र ने कहा कि उनके बाइक की चाबी उनकी जेब में ही थी। बावजूद एक मिनट में न जाने कौन और कैसे बाइक चुरा ले गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यात्रियों के सामान चुराने वाले गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार
जीआरपी, आरपीएफ और सीआईबी ने रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराने वाले गिरोह के दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से चार मोबाइल फोन, एक इयरबड और 1650 रुपये नकद बरामद हुए। एक पर 13 तो दूसरे पर नौ मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी पीडीडीयू के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह पांच बजे रेलवे स्टेशन के पास यार्ड में दो संदिग्ध दिखे। दोनों की तलाशी लेने पर चोरी के मोबाइल बरामद हुए। उनकी पहचान राज डोम निवासी भदऊ चुंगी रेलवे काॅलोनी थाना आदमपुर जिला वाराणसी और विशाल सोनकर उर्फ आकाश निवासी वार्ड नं. 05, विछड़ी गांव अलीनगर के रूप में हुई।
दोनों लंबे समय से रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों का सामान चुराते रहे हैं। राज पर पीडीडीयू जीआरपी में आठ और वाराणसी में पांच केस दर्ज हैं जबकि विशाल पर नौ मुकदमे दर्ज हैं। दोनों का चालान किया गया है।
शेख सलीम फाटक से 2 क्विंटल प्लास्टिक जब्त, 25 हजार का जुर्माना
नगर निगम की ओर से शुक्रवार को शेख सलीम फाटक के पास अभियान चलाकर दो क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक पकड़ी गई। दुकानदार पर 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। प्रवर्तन प्रभारी कर्नल संदीप शर्मा की अगुवाई में पुलिस के सहयोग से जांच की गई। दुकानदार के पास से 10 बोरी में 200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त की गई। दुकानदार को चेतावनी दी भी दी गई।
बिहार से 3 हजार रुपये में तमंचा लेकर बनारस में बेचते थे 7 हजार में
बिहार के कोचस से तीन हजार रुपये में तमंचा खरीद कर बनारस में सात हजार रुपये में बेचने के आरोप में दो सगे भाइयों को लंका थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों भाइयों की पहचान गाजीपुर जिले के भांवरकोल थाना क्षेत्र के वीरपुर गांव के मूल निवासी और लेन नंबर-4, मनोरथपुरी कॉलोनी, सुसुवाही में रहने वाले अमरीष राय व आशुतोष राय के रूप में हुई है।
लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्र ने बताया कि दोनों भाइयों के पास से दो तमंचा, दो कारतूस और 500 रुपये बरामद हुए हैं। पूछताछ में दोनों ने कहा कि तमंचा बेचकर अपना खर्च चलाते थे। दोनों लोग ग्राहक की तलाश में निकले थे, लेकिन पकड़े गए।
गलत दिशा में जाने पर रोका, दो सिपाही भिड़े
मंडुवाडीह-लहरतारा मार्ग पर शुक्रवार को जाम लगने की वजह से गलत दिशा में जा रहे दो सिपाहियों को ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही ने रोका। इस पर गलत दिशा में जा रहे सिपाही यातायात पुलिस के सिपाही से सरेराह भिड़ गए। अन्य पुलिस कर्मियों ने बीचबचाव कर दोनों को अलग किया।
महाकुंभ के पलट प्रवाह की वजह से मंडुवाडीह से लहरतारा मार्ग पर भीषण जाम लगा हुआ था। इस बीच मोटरसाइकिल पर सवार दो सिपाही सड़क की जाम वाली लेन की बजाय विपरीत दिशा की खाली लेन से जाने लगे।
मंडुवाडीह-लहरतारा मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के समीप ड्यूटी पर तैनात यातायात पुलिस के सिपाही ने उन्हें रोक कर सही लेन से जाने को कहा। बाइक सवार सिपाहियों को टोकना इतना बुरा लगा कि वह रुककर ड्यूटी पर तैनात सिपाही से हाथापाई करने लगे। हालांकि, इस संबंध में पूछे जाने पर यातायात पुलिस के अधिकारियों ने ऐसी किसी भी घटना से इंकार किया।
दो दरोगाओं पर 80 हजार रुपये घूस लेने का आरोप
चेतगंज थाने के दो दरोगाओं पर 80 हजार रुपये घूस लेकर कार में टक्कर मारने वाली जेसीबी को छोड़ने का आरोप आयर गांव निवासी श्रीकांत मिश्रा ने लगाया है। उनकी शिकायत पर ज्वाइंट सीपी डॉ. के एजिलरसन ने एसीपी चेतगंज गौरव कुमार को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा है।
श्रीकांत ने बताया कि चार फरवरी को अंधरापुल के पास उनकी कार में एक जेसीबी ने टक्कर मार दी। जेसीबी रोकने पर चालक ने गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी। 112 नंबर पर फोन करने पर पुलिस जेसीबी को चेतगंज थाने की तेलियाबाग चौकी ले गई। वहां दो दरोगाओं ने चालक से 80 हजार रुपये लेकर जेसीबी को जाने दिया। कार्रवाई की मांग करने पर दोनों को भगा दिया।
करसड़ा के कूड़ा निस्तारण केंद्र के कूड़े में लगी आग, 5 घंटे में बुझाई गई
करसड़ा कूड़ा निस्तारण केंद्र के कूड़े में शुक्रवार सुबह आग लग गई। आसपास के लोगों ने धुएं का गुबार देखा तो पुलिस और फायर ब्रिगेड को फोन किया। मौके पर पहुंची पांच गाड़ियों और जलकल के प्रेशर मशीन से आग बुझाई गई। इसे बुझाने में पांच घंटे लग गए। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
आग को बुझाने में काफी परेशानी हो रही थी। धुएं से आसपास के लोगो को भी काफी दिक्कत हुई। लोगों ने बताया कि एक तो बदबू दूसरे में आग की घटना से सांस लेना भी मुश्किल हो गया था। सूचना मिलने पर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य और नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार चौधरी पहुंचे। करसड़ा प्लांट चलाने वाले कर्मचारियों से बातचीत की।
बताया कि केंद्र में शहर भर का कूड़ा लाया जाता है। यहां पर छोड़ने की वजह से कूड़े का पहाड़ खड़ा हो जाता है। जिसे बाद में मशीनों में डालकर खाद बनाई जाती है। कूड़ों में मीथेन गैस की अधिकता होने के कारण अकसर आग लग जाती है। कूड़े पर बीच-बीच में पानी का छिड़काव किया जाता है।
रविदास जयंती : डीसीपी काशी जोन ने रविदास मेले में देखी सुरक्षा व्यवस्थाएं
सीर गोवर्धनपुर में 12 फरवरी को आयोजित होने वाले रविदास जयंती में लाखों की संख्या में संगत देश विदेश से पहुंचने की संभावना है। डीसीपी काशी जोन गौरव बंसल शुक्रवार दोपहर को मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर ट्रस्ट के केएल सरोवा के साथ मंदिर से लेकर मेला क्षेत्र लंगर क्षेत्र सत्संग स्थल का निरीक्षण किया।
बताया कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मध्यप्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र की तरफ से आने वाले संगत की गाड़ियों को डाफी लौटूवीर इलाके में रोका जाएगा। मेला क्षेत्र में अस्थाई पुलिस चौकी रविवार से शुरू हो जाएगी। बड़ा लंगर शनिवार से शुरू हो जाएगा।
मंगलवार शाम को रविदास पार्क नगवा में दीपोत्सव और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। बुधवार को जयंती के दिन सुबह 8 बजे निशान साहब को संत निरंजन दास फहराएंगे। जिसके बाद जयंती का कार्यक्रम का आगाज होगा। 11 बजे सत्संग पंडाल पर संत निरंजन दास पहुंचेंगे।
पढ़े-लिखे ही साइबर क्राइम के शिकार
यूपी काॅलेज में शुक्रवार को साइबर क्राइम विषय पर जागरूकता कार्यक्रम हुआ। प्राचार्य प्रो. डीके सिंह ने कहा कि साइबर क्राइम के ज्यादातर शिकार पढ़े लिखे लोग हैं। अति आत्मविश्वास और स्वतः समाधान का प्रयास करने वाले इसके ज्यादा शिकार हो रहे हैं। ऐसी स्थिति किसी के भी सामने आ सकती है। ऐसी परिस्थिति आने पर हमें अपने परिवार, पुलिस अधिकारियों और साइबर क्राइम ब्रांच से बिना संकोच और समय गंवाए तत्काल संपर्क करना चाहिए। एचडीएफसी बैंक के एक्सपर्ट ने बैंकिंग क्राइम से जुड़ीं जानकारियां दीं।
पांच बीघे की अवैध प्लाॅटिंग ध्वस्त कराई, दो अवैध निर्माण सील
वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने शुक्रवार को 5 बीघे की अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त करा दी। साथ ही दो अवैध निर्माण सील कर दिए। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग ने बताया कि रामनगर वार्ड के बखरा निवासी सतीश सिंह और कार्तिक सिंह बिना ले आउट पास कराए ही अवैध प्लाॅटिंग कर रहे थे।
इसे प्रवर्तन टीम और पुलिस की मदद से ध्वस्त करा दिया गया। अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। जोनल अधिकारी सिंह गौरव जय प्रकाश ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कराया है।
दूसरी तरफ, जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश ने बताया कि आदमपुर वार्ड के गायघाट अयोध्या कोठी में अजय जायसवाल बगैर नक्शा पास कराए ही तीन मंजिला भवन का अवैध निर्माण करा रहे थे। निर्माण कार्य बंद कराया गया। साथ ही उसे सील कर दिया गया। इसी तरह सारनाथ वार्ड के पुलकोहना पुराना पुल पंचक्रोशी रोड पर बदरूद्दीन बगैर नक्शा पास कराए ही अवैध निर्माण करा रहे थे, जिसे सील कर दिया गया।
महाकुंभ के लिए झूंसी रिंग रेल स्पेशल शुरू
रिंग रेल स्पेशल ट्रेन का संचालन शुक्रवार से शुरू हुआ। ट्रेन संख्या 05101 झूंसी-गाजीपुर सिटी-छपरा-थावे-सीवान-भटनी- मऊ-वाराणसी सिटी-झूंसी और 05102 झूंसी-बनारस-बलिया-गाजीपुर सिटी-झूंसी रिंग रेल का संचालन 28 फरवरी तक होगा।
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 05101 झूंसी रिंग रेल स्पेशल सुबह 9 बजे झूंसी से खुलेगी और बनारस से 11.20 बजे, वाराणसी कैंट से 11.40 बजे, वाराणसी सिटी से 12.05 बजे, सारनाथ से 12.17 बजे होकर दूसरे दिन वाराणसी कैंट होते हुए झूंसी पहुंचेगी।
शास्त्रीय साहित्य की सीता का करना है अध्ययन
बीएचयू में साहित्यकार प्रो. अवधेश प्रधान की दो पुस्तक ‘सीता की खोज’ और ‘परंपरा की पहचान’ पर संवाद और अष्टभुजा शुक्ल के निबंध संग्रह ‘मिठउआ’ के दूसरे संस्करण का लोकार्पण हुआ। सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत महिला अध्ययन एवं विकास केंद्र में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रो. अवधेश प्रधान ने कहा कि शास्त्रीय साहित्य के अंदर जो सीता है, हमें उसका अध्ययन करना है।
प्राचीन अध्यात्म रामायण के बाद क्या परिवर्तन हुए इस पर काम करने की जरूरत है। अष्टभुजा शुक्ल ने कहा कि सीता की खोज किताब आधुनिकता बनाम परंपरा को हमारे सामने रखती है। प्रो. आशीष त्रिपाठी और प्रो. अर्चना शर्मा ने कहा कि किताब में बिना किसी पक्ष-विपक्ष के सीता के अद्भुत चरित्र की खोज की गई है।
बीएचयू और आईआईटी के चार स्कॉलर्स अमेरिका में करेंगे इंटर्नशिप
आईआईटी बीएचयू के चार छात्र और बीएचयू की एक छात्रा अमेरिका के विश्वविद्यालयों में इंटर्नशिप करेगी। इन्हें प्रतिष्ठित खुराना स्कॉलरशिप के लिए चुना गया है। आईआईटी बीएचयू से जीशान हसन, आर्यन अशोक जाधव, प्रज्ज्वल कामथ और अचित्न्य राय का चयन किया गया है। वहीं, बीएचयू से वैष्णवी शुक्ला को ये स्कॉलरशिप दी गई है।
ये सभी छात्र और छात्रा अमेरिका के किसी भी बड़े विश्वविद्यालय की लैब में तीन महीने तक अपने विषय से संबंधित पहलुओं का अध्ययन कर सकते हैं। हर साल 50 स्कॉलर्स को वेलमुरुगन इंडो-यूएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी फोरम और भारत सरकार के जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से ये स्कॉलरशिप दी जाती है। मेडिसिन और फिजियोलॉजी (1968) में नोबेल पुरस्कार विजेता डॉ. हर गोबिंद खुराना के नाम पर ये स्काॅलरशिप शुरू की गई है।
अवधेश अंबेडकर सपा प्रत्याशी घोषित
सपा ने चिरईगांव विकासखंड के वार्ड नंबर 2 से अवधेश कुमार अंबेडकर को प्रत्याशी बनाया है। अवधेश कुमार 8 फरवरी को नामांकन करेंगे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़ ने दी है। जिला पंचायत सदस्य की यह सीट खाली है। उपचुनाव होना है।
बैंक फिक्स डिपॉजिट के रेट में आएगी कटौती
चार्टर्ड एकाउंटेंट की बैठक शुक्रवार को सिद्धगिरीबाग में आईसीएआई के पूर्व अध्यक्ष के कार्यालय में हुई। इसमें आरबीआई की पालिसी मीटिंग में लिए गए कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।
चार्टर्ड एकाउंट जय प्रद्धवानी ने कहा कि रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नए गवर्नर संजय मल्होत्रा ने अपनी पहली बैठक में ही 0.25 प्रतिशत की कमी करके रेपो रेट को 6.25 तक लाकर अर्थव्यवस्था को थोड़ा आगे ले जाने का सही कदम उठाया है। मई 2020 के बाद यह पहला मौका है, जिसमें रेपो रेट में कटौती की गई है। रेपो रेट में 0.25 से 0.50 तक की कटौती अवश्य होगी, जिससे की सुस्त पड़ी भारतीय अर्थव्यवस्था को रफ्तार मिल सके।
बैंक फिक्स्ड डिपाजिट के रेट में भी कटौती आएगी। सीए जय प्रद्धवानी ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता अभी भी महंगाई पर काबू पाने की ही रहेगी, साथ ही साथ आरबीआई चाहेगी की अर्थव्यवस्था को भी रफ्तार मिले, जिसकी वजह से रेपो रेट में 0.25 प्रतिशत की कमी करने का फैसला बिल्कुल सही है।
दो अभ्यर्थी होने की वजह ने नहीं हुआ कैंपस सेलेक्शन
आईटीआई करौंदी में शुक्रवार को कैंपस सेलेक्शन का आयोजन किया गया था, लेकिन दो अभ्यर्थी के आने की वजह से कैंपस सेलेक्शन नहीं हो पाया। इसके लिए चंदौली से एक निजी कंपनी आई थी। प्लेसमेंट इंचार्ज सुनील कुमार कुशवाहा ने बताया अभ्यर्थी न आने की वजह से इसे टाल दिया गया। जल्द ही किसी और दिन इसका आयोजन किया जाएगा। एक ट्रेड वेल्डर के लिए साक्षात्कार होना था, जहां उन्हें 8 हजार से 10 हजार रुपये प्रतिमाह सैलरी दी जाती।
व्रत रखकर आज भगवान विष्णु का करेंगे पूजा
माघ मास शुक्लपक्ष की एकादशी यानी जया एकादशी शनिवार को है। मृगशिरा नक्षत्र में श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान श्रीहरि विष्णु का पूजन करेंगे। गंगा स्नान के लिए घाटों पर भीड़ रहेगी। भक्त विष्णु मंदिरों में दर्शन-पूजन करेंगे।
ज्योतिषविद विमल जैन के अनुसार माघ शुक्लपक्ष की एकादशी तिथि शुक्रवार की रात 9:27 बजे से शनिवार की रात 8:17 बजे तक रहेगी। इस एकादशी पर व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा होती है। मान्यता है कि इससे सभी कार्यों में जय होती है और भूत, प्रेत, पिशाच आदि योनियों से मुक्ति मिलती है। अनजाने में किए गए पापों से मुक्ति तथा कष्टों से भी छुटकारा मिलता है। व्रती को व्रत में फलाहार ग्रहण कर सकते हैं लेकिन चावल तथा अन्न ग्रहण करने का निषेध है।
विकसित भारत प्रोजेक्ट में मंदिर स्थापत्य भी शामिल
बीएचयू में मंदिर स्थापत्य और प्रचलित परंपराओं पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी का समापन शुक्रवार को हो गया। इसमें आए विशेषज्ञों ने कहा कि विकसित भारत के कई प्रोजेक्ट में मंदिर स्थापत्य भी शामिल है।
पुरातत्वविद प्रो. ओमकार नाथ सिंह ने उत्तर पूर्व भारत के शैव परंपरा और डॉ. शिवेंद्र मिश्र ने अरुणाचल प्रदेश में स्थित बौद्ध मठ के बारे में जानकारियां दीं। पार्श्वनाथ विद्यापीठ के निदेशक प्रो. दीनानाथ शर्मा ने उत्तर पूर्व भारत में जैन के विविध आयामों और आईएमएस बीएचयू के निदेशक प्रो. एसएन शंखवार ने भारतीय ज्ञान परंपरा को समझाया।
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के डॉ. अमित कुमार ने कहा कि उत्तर पूर्व भारत में आगमिक परंपरा और मंदिर स्थापत्य अपने आप में बड़ा विषय है। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के अंतर्गत विकसित भारत पर काम चल रहा है। डॉ. प्रियंका सिंह ने विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।
संत शिरोमणि के ट्रस्टियों से मिले भाजपा नेता
संत शिरोमणि गुरु रविदास की 648वीं जयंती इस बार 12 फरवरी सीरगोवर्धनपुर स्थित रविदास मंदिर में मनाई जाएगी। हजारों की संख्या में अनुयायी रोजाना पहुंच रहे हैं। शनिवार को भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष दिलीप पटेल ने कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर के ट्रस्टी से भेंट की और उन्हें सेवा व सहयोग का आश्वासन दिया। प्रमुख ट्रस्टी कृष्ण लाल सरोवा और प्रबंधक से मुलाकात कर तैयारियों की जानकारी ली। इस दौरान राकेश सिंह, धर्मेंद्र यादव, बृजेश सिंह कपिल, अखिलेश उपाध्याय, पप्पू पटेल, अरविंद सिंह मौजूद रहे।
बीएचयू में शनिवार को आकांक्षा का समापन
बीएचयू के विज्ञान संस्थान के सबसे बड़े फेस्ट आकांक्षा का आज अंतिम दिन है। बेहतर परफॉर्मेंस करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। मुख्य अतिथि वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग होंगे। प्रभारी कुलपति प्रो. संजय कुमार अध्यक्षीय भाषण देंगे। विज्ञान संस्थान की स्टूडेंट्स कोआर्डिनेटर प्रो. मधु तपाड़िया ने कहा कि सुबह 11 बजे कार्यक्रम शुरू होगा और दोपहर 12 बजे के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां होंगी।
महाकुंभ : मंच पर अहिल्याबाई होल्कर के त्याग को सजीव किया
जूना अखाड़े के पंडाल में शुक्रवार को आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि के सानिध्य में निवेदिता शिक्षा सदन बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने नृत्य नाटिका ‘वो अहिल्या है’ का मंचन किया। डॉ. आनंद प्रभा सिंह के नेतृत्व में छात्राओं ने नृत्य नाटिका के माध्यम से अहिल्याबाई होल्कर के त्याग और तपस्या को मंच पर सजीव किया।
नृत्य नाटिका की गीतकार, संगीतकार और गायक डॉ. पूनम शर्मा रहीं। नृत्य निर्देशन सिद्धि भट्ट, उर्मिला मिश्रा और कैलाश का रहा। नाटिका में वर्तिका, उन्नति, अनन्या, निधि, लवली, आन्वी चौबे, पारुल, अनुशिका और आर्या ने हिस्सा लिया। संचालन पद्मा पाठक ने किया।
बीएचयू विजिट करेंगे काशी-तमिल संगमम के छात्र डेलीगेट्स
काशी-तमिल संगमम् 3.0 में दक्षिण भारत से आने वाले छह हजार डेलीगेट्स में शामिल छात्र-छात्राओं का दल बीएचयू के सभी विभागों में विजिट करेगा। उन विभागों के छात्र-छात्राओं के साथ संवाद कर उत्तर और दक्षिण के बीच की एकेडमिक साझेदारी पर बात करेंगे।
कला, विज्ञान, साहित्य, इंजीनियरिंग, धर्म, कृषि, संस्कृति, संगीत, दृश्य कला के छात्रों को उन्हीं संकायों के छात्रों और प्रोफेसरों से मिलवाया जाएगा। उन्हें उत्तर भारत के बड़े विद्वानों, वैज्ञानिकों और कलाकारों से परिचित कराया जाएगा।
इस पहल को लेकर बीएचयू के प्रभारी कुलपति प्रो. संजय कुमार और कई डीन के बीच बैठक कर तैयारियों पर बात की गई है। संगमम् 15-24 फरवरी तक नमो घाट पर होगा। उसी बीच सभी पांच ग्रुप के प्रतिनिधिमंडल में आने वाले छात्र और छात्रा बीएचयू भी विजिट करेंगे।
प्रधान, सफाई कर्मियों को दिया प्रशिक्षण
स्वच्छता भारत मिशन के तहत शुक्रवार को ब्लॉक सभागार में प्रशिक्षण कार्यक्रम हुआ। एडीओ पंचायत कमलेश कुमार सिंह ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के द्वितीय चरण में गांवों को पूरी तरह से प्लास्टिक मुक्त कराने, सार्वजनिक स्थानों, सामुदायिक शौचालयों के अलावा गलियों की साफ-सफाई कर ठोस एवं तरल कचरे का उचित स्थान पर निस्तारण किया जाएगा। इस प्रकार ग्राम पंचायतों में निर्मित आरआरसी सेंटरों को संचालित कर उसका सही उपयोग हो सकेगा।
दीवानी के वरिष्ठ अधिवक्ता का निधन हुआ
दीवानी के वरिष्ठ अधिवक्ता दिवाकर प्रसाद मिश्र (90) के निधन पर जिला जज की अदालत में फूल कोर्ट रेफ्रेंस का आयोजन कर श्रद्धांजलि दी गई। प्रभारी जिला जज की अध्यक्षता में शोक सभा में व्यक्तित्व व कृतित्व पर वक्ताओं ने चर्चा कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही उनके तैल चित्र पर माल्यार्पण किया। शोक सभा में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंगलेश दूबे, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश तिवारी मौजूद रहे। संचालन सेंट्रल व बनारस बार एसोसिएशन के महामंत्री राजेश गुप्ता और शशांक श्रीवास्तव ने किया।
ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर करने पर दें ध्यान
नीति आयोग के सीईओ बीवी आर सुब्रमण्यम की अध्यक्षता में शुक्रवार को विंध्याचल इकोनॉमिक रीजन के संबंध में कमिश्नरी सभागार में बैठक हुई। विंध्याचल क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के संबंध में विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले आवश्यक प्रयास के विषय में चर्चा हुई।
नीति आयोग के सीईओ ने पर कैपिटा आय बढ़ाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुविधाएं बढ़ाने को कहा। विभिन्न राजमार्गों, वाराणसी रिंग रोड, गंगा एक्सप्रेसवे, इंलैंड वाटर वे टर्मिनल, रोपवे की प्रगति की जानकारी ली।
कहा कि क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में तेजी के साथ गुणात्मक परिवर्तन लाने के लिए शिक्षा और हेल्थ केयर, पर्यटन, मैन्यूफैक्चर लॉजिस्टिक, योजनाबद्ध कृषि विकास के क्षेत्र में विशेष रूप से फोकस करने की आवश्यकता है। कहा कि इससे क्षेत्र की जीडीपी में उछाल आएगी। सारनाथ, गंगा रिवर फ्रंट को विकसित करने पर जोर दिया। मिर्जापुर, चंदौली और सोनभद्र जनपदों में मेगा इंडस्ट्रियल पार्क विकसित करने का सुझाव दिया।
बालिकाओं ने सीखे आत्मरक्षा के गुर
केंद्र सरकार के ब्रह्मोस वेंचर की ओर से शुक्रवार को बाइपास स्थित एक स्कूल मेंटल टफनेस: थ्रू पॉवर योगा एंड सेल्फ डिफेंस कार्यशाला का आयोजन हुआ। इसमें 850 बालिका खिलाड़ियों ने योग और आत्मारक्षा का प्रशिक्षण लिया। इसमें स्कूल की छात्राओं को मानसिक सशक्तीकरण, आत्मरक्षा के कौशल की जानकारी दी गई।
राज्यपाल ने काशी के किसान सुरेन्द्र कुमार सिंह को किया सम्मानित
वसंत ऋतु में प्रतिवर्ष लखनऊ स्थित राजभवन प्रांगण में लगने वाली तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुक्रवार को राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने शुभारंभ किया। प्रदर्शनी के प्रथम दिवस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
इसमें वाराणसी के जक्खिनी निवासी कृषक सुरेन्द्र कुमार सिंह भी सम्मानित हुए। जो एक जनपद एक उत्पाद मिर्च की खेती एवं सब्जी मटर की खेती में व्यावसायिक स्तर पर नवीन तकनीक अपनाकर सामान्य से दोगुनी से अधिक आमदनी की है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उप्र दिनेश प्रताप सिंह, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग लखनऊ के निदेशक विजय बहादुर द्विवेदी, उद्यान वाराणसी के उप निदेशक दिग्विजय भार्गव, जिला उद्यान अधिकारी वाराणसी सुभाष कुमार उपस्थित रहें।
राज्यपाल ने काशी के किसान सुरेन्द्र कुमार सिंह को किया सम्मानित
वसंत ऋतु में प्रतिवर्ष लखनऊ स्थित राजभवन प्रांगण में लगने वाली तीन दिवसीय प्रादेशिक फल, शाकभाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी का शुक्रवार को राज्यपाल आनन्दी बेन पटेल ने शुभारंभ किया। प्रदर्शनी के प्रथम दिवस में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को राज्यपाल ने प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्रम देकर सम्मानित किया।
इसमें वाराणसी के जक्खिनी निवासी कृषक सुरेन्द्र कुमार सिंह भी सम्मानित हुए। जो एक जनपद एक उत्पाद मिर्च की खेती एवं सब्जी मटर की खेती में व्यावसायिक स्तर पर नवीन तकनीक अपनाकर सामान्य से दोगुनी से अधिक आमदनी की है।
इस अवसर पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उप्र दिनेश प्रताप सिंह, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग लखनऊ के निदेशक विजय बहादुर द्विवेदी, उद्यान वाराणसी के उप निदेशक दिग्विजय भार्गव, जिला उद्यान अधिकारी वाराणसी सुभाष कुमार उपस्थित रहें।
छात्रों ने शैक्षणिक भ्रमण पर कालीन की कलाकारी देखी
पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज जक्खिनी के छात्रों ने शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण पर भदोही जाकर कालीन की कलाकारी देखी। छात्रों ने वहां भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान का भ्रमण किया। छात्रों को वहां पर कालीन से संबंधित धागा तैयार करने की विधि बताई गई।
साथ ही रंगाई, बुनाई आदि के बारे में विस्तार से बताया गया। भारतीय कालीन प्रौद्योगिकी संस्थान के अधिकारी बी राय ने छात्रों को कुशल कारीगरों से मिलवाया। इस दौरान प्रधानाचार्य सुनील यादव, शिक्षक राजेश कुमार राय, डॉ. रमेश सिंह, आरपी मौर्य सहित कक्षा 9 और 11 के 100 से अधिक छात्र रहे।
19 लाख बच्चों को खिलायी जायेगी एल्बेंडाजोल की दवा
जिले में 10 फरवरी से एक से 19 वर्ष के 19 लाख से अधिक बालक-बालिकाओं को पेट के कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने बताया कि बताया कि इस काम में 3914 आंगनबाड़ी केंद्र तथा 2853 सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय, प्राइवेट स्कूलों, मदरसों में शिक्षकों से दवा खिलाने में सहयोग लिया जाएगा। एक से पांच साल तक के सभी आंगनबाड़ी में पंजीकृत बच्चों के साथ ही 6 से 19 साल तक के स्कूल जाने वाले सभी बालक-बालिकाओं को उनके विद्यालय में दवा खिलायी जाएगी।
ग्राम पंचायत सहायकों ने की मानदेय बढ़ाने की मांग
पंचायत सहायक यूनियन के आह्वान पर चिरईगांव के पंचायत सहायकों ने शुक्रवार को ब्लाॅक मुख्यालय पर बैठक की। मुख्यमंत्री को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन ब्लॉक अध्यक्ष विकास यादव को सौंपा। ब्लाॅक अध्यक्ष ने बताया कि प्रदेश में 56642 ग्राम पंचायत सहायक हैं, जिन्हें 6 हजार रुपये प्रतिमाह की दर से ही मानदेय का भुगतान किया जाता है। यह कार्य के सापेक्ष बहुत कम है।
मानदेय बढ़ाकर अतिकुशल श्रेणी में 26910 रुपये किया जाए। इसके अलावा महिला पंचायत सहायकों के लिए स्थानांतरण नीति लागू करने के साथ ही ग्राम पंचायत अधिकारी के रिक्त पदों की भर्तियों में 50 फीसदी आरक्षण लागू करने की मांग की गई। इस दौरान नेहा श्रीवास्तव, राजू चौहान, सौरभ यादव, वंदना, दिव्या, पूनम, भोला, वैशाली समेत अन्य मौजूद रहे।
उपचुनाव : बीडीसी सदस्य के लिए बिके तीन पर्चे
चिरईगांव विकास खंड में शुक्रवार को दो रिक्त बीडीसी सदस्य पद के लिए तीन लोगों ने नामांकन पत्र खरीदे। सहायक रिटर्निंग ऑफिसर हवलदार यादव ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम पंचायत सरसौल के लिए पंकज कुमार व मुरीदपुर परनापुर वार्ड संख्या 21 के लिए धनरा देवी व मीना देवी ने नामांकन पत्र खरीदा। वहीं, ग्राम पंचायत सदस्य के 18 पदों के लिए किसी ने नामांकन पत्र अब तक नहीं खरीदा है।
प्रधान पद के लिए दूसरे दिन बिके तीन फार्म
ब्लॉक कार्यालय से शुक्रवार को प्रधान पद के लिए तीन फार्मों की बिक्री हुई। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रधान पद के लिए कुल 11 लोग नामांकन पत्रों की बिक्री हो चुकी है। ग्राम पंचायत सदस्य के पद पर पत्रों की बिक्री नहीं हुई है।
यूपी बोर्ड : 77 विद्यालयों में 7555 विद्यार्थियों ने दी प्रैक्टिकल परीक्षा
जिले में यूपी बोर्ड की परीक्षा के प्रैक्टिकल में अब केवल एक दिन का समय बचा है। शुक्रवार को 77 विद्यालयों में 7990 के सापेक्ष 7555 विद्यार्थी उपस्थित रहे। कई विद्यालयों के लिए परीक्षकों के आने की अब तक स्वीकृति नहीं मिल सकी है। इस तरह की स्थिति तब है जब 24 फरवरी से लिखित परीक्षा होनी है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से यूपी बोर्ड की लिखित परीक्षा 24 फरवरी से जिले में 125 केंद्रों पर होगी। जिला विद्यालय निरीक्षक अवध किशोर सिंह ने बताया कि प्रैक्टिकल के लिए परीक्षकों की सूची परिषद की ओर से तैयार करवाकर विद्यालयों को भेजी जा चुकी है। संबंधित परीक्षक की ओर से विद्यालय को आने की सूचना दी जा रही है।
यूपी बोर्ड की प्रयोगात्मक परीक्षा में अब विद्यालय का होगा ऑडिट
डीएवी इंटर कॉलेज में गुरुवार यूपी बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षा में दूसरा परीक्षक पकड़ा गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने नया आदेश जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि प्रयोगात्मक परीक्षा आयोजित कराए जाने वाले विद्यालयों के सापेक्ष रैंडम आधार पर पांच प्रतिशत विद्यालय का ऑडिट किया जाएगा। इसके लिए आशीष कुमार राय की नियुक्त की गई है, जो जिले के 223 केंद्रों पर कभी भी निरीक्षण कर सकते है। जिससे आगे फर्जीवाड़ा न हो सके।
बीएचयू में संगीत में 100 रिसर्च पेपर की हुई प्रस्तुति
बीएचयू में संगीत विधा पर चल रहे अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दूसरे दिन करीब 100 रिसर्च पेपर प्रस्तुत किए गए। इसमें क्लासिकल म्यूजिक में एआई के इस्तेमाल से लेकर भारत के अलग-अलग राज्यों में म्यूजिक स्टाइल पर मंथन किया गया।
संगीत एवं मंच कला संकाय के सभागार में आए देश-विदेश कलाकार विद्वानों ने संगीत के 100 से ज्यादा डाइमेंशन से परिचय कराया। सोशल मीडिया के दौर में म्यूजिक, बांग्ला संगीत, म्यूजिक में एआई के इस्तेमाल, कॉपी राइट एंड परफॉर्मिंग आर्ट, भारतीय संगीत वीडियो में नए प्रयोग और अवध के लोकगीतों के सौंदर्य सामाजिक और सांस्कृतिक परिप्रेक्ष्य में हुए रिसर्च को मंच की स्क्रीन पर रखा गया।
संकाय की प्रोफेसर मधुमिता भट्टाचार्य मैडम ने अपना पेपर 'संगीत कला एवं सौंदर्य बोध', अंजली चौधरी ने 'कुमार गंधर्व', प्रियंका तिग्गा ने 'भारतीय शास्त्रीय नृत्य विरासत का डिजिटल संरक्षण' और नेहा कुमारी ने 'पूर्वोत्तर ट्राइबल फोक डांस विषय पर पेपर की प्रस्तुति दी।
निजीकरण के विरोध में उतरे बिजलीकर्मी
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति, उप्र के आह्वान पर शुक्रवार को बिजली कर्मियों ने भिखारीपुर स्थित हनुमान मंदिर पर बिजली के निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। समिति ने कहा कि बिजली कर्मियों को डराने के लिए उनके समयबद्ध वेतनमान में प्रतिगामी बदलाव करने का प्रयास हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि प्रबंधन के बिजली कर्मियों के वेतन में बदलाव करने पर परिणाम गंभीर होंगे। बिजली निजीकरण के विरोध में समिति आम जनता के बीच जनसंपर्क अभियान चलाएगी। संघर्ष समिति ने कहा कि अब पूर्वांचल और दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगमों के निजीकरण में इससे भी बड़ा घोटाला करने की तैयारी है। इसका दुष्परिणाम उपभोक्ताओं को चुकाना पड़ेगा। मौके पर मायाशंकर तिवारी, नरेंद्र वर्मा, वेद प्रकाश, राम कुमार,राजेंद्र सिंह उपस्थित रहे।
जवाहर मार्केट के आवंटियों को मौका, कैंप में आए 47 आवेदन पत्र
जवाहर लाल नेहरू व्यावसायिक केंद्र इंग्लिशिया लाइन में शुक्रवार सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक आवंटियों और किराएदारों को मौका देने के लिए कैंप लगाया गया। आवंटियों और प्रतिनिधियों की ओर से 47 आवेदन पत्र दिए गए। 11 नामांतरण, 23 रजिस्ट्री, 12 मरम्मत, एक बंद पड़ी दुकान के आवंटन से जुड़े पत्र आए।
वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के निर्देश पर आवेदनकर्ताओं को सलाह दी गई। नामांतरण के लिए ऑनलाइन जनहित पोर्टल पर आवेदन की सलाह दी गई। रजिस्ट्री के आवेदन पत्रों की जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। कैंप में 147 व्यक्तियों की समस्याओं का समाधान किया गया। कैंप में आनंद प्रकाश तिवारी, रमेश चंद्र दूबे, शंकर नारायण उपाध्याय, अजय श्रीवास्तव, प्रणव श्रीवास्तव शामिल रहे।
शहर के वेंडर्स को जारी किए जाएंगे पहचान पत्र
शहर के वेंडर्स को पहचान पत्र जारी करने की रणनीति बनाई जा रही है। अतिक्रमण हटवाने के दौरान समस्या आती है कौन वैध है और कौन अवैध। नगर निगम की ओर से 3200 वेंडर्स को पहचान पत्र जारी किया गया था। शहर में कुल 63 वेंडिंग जोन हैं। इनमें करीब 8000 वैध वेंडर्स कारोबार करते हैं।
शहर में 60 हजार से अधिक वेंडर्स हैं। ऐसे में और वेंडिंग जोन की आवश्यकता है। नगर निगम की ओर से संख्या बढ़ाने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। महाकुंभ के बाद वेंडर्स को नियमित करने के लिए बैठक होगी। जिसमें वेंडर्स से जुड़े सभी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के राष्ट्रीय सचिव अभिषेक निगम ने कहा कि वैध और अवैध वेंडर्स की पहचान नहीं हो पाती है। लंबे समय से हम लोग पहचान पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं।
दो दिन में किराया जमा नहीं करने पर 49 दुकानों पर लगेगा ताला
नगर निगम की ओर से मलदहिया क्षेत्र में आवंटित 49 दुकानों का किराया दो दिन के भीतर जमा न करने पर तालाबंदी की जाएगी। इसका आदेश नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जारी कर दिया है। बताया कि मलदहिया क्षेत्र के सभी दुकानदारों से किराया जमा करने के लिए 2 बार नोटिस जारी किया जा चुका है।
दुकानदारों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड भी दिया जा चुका है। बावजूद किराया जमा नहीं किया जा रहा हैं। सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव के नेतृत्व में शुक्रवार को दुकानदारों से मुलाकात की गई। बताया गया कि दुकानदारों की ओर से 10 फरवरी तक अपने दुकान का किराया जमा नहीं किया जाता है तो दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई की जाएगी।
आज तीन घंटे बाधित रहेगी बिजली आपूर्ति
शहर में सड़क चौड़ीकरण में बाधक बन रहे पोलों की शिफ्टिंग, पेड़ कटिंग संबंधित कार्य को लेकर शनिवार को तीन घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। इसी क्रम में 33 केवी, अंधरापुल, 11 केवी अशोक विहार, 11 केवी रमरेपुर उपकेंद्र में सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
इस कारण भक्ति नगर, अशोक विहार, रमरेपुर, अशोक नगर, पांडेपुर, अशोक विहार फेज-1, अशोक विहार फेज-2, पहड़िया सहित कई क्षेत्र प्रभावित रहेंगे। वहीं 33 केवी कोटवां, मंडुवाडीह उपकेंद्र पर सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
वसंत कन्या में 10 फरवरी को महाकुंभ पर अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी
कमच्छा स्थित वसंत कन्या महाविद्यालय में 10 फरवरी को महाकुंभ पर एक दिन की अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी होगी। भारतीय सामाजिक विज्ञान अनुसंधान परिषद, नई दिल्ली की ओर से ये कार्यक्रम कराया जा रहा है। मुख्य वक्ता भारतीय जन संचार संस्थान में हिंदी पत्रकारिता के निदेशक प्रो. राकेश उपाध्याय आएंगे।
प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव के अनुसार फरवरी महीने में महाविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ के द्वारा कई कार्यक्रम किए जा रहे हैं। इनमें अंग्रेजी नाटक प्रतियोगिता, आदिवासी जनसमूहों के नेतृत्व का शास्त्रीय अध्ययन, डीएवीपीजी काॅलेज के संयुक्त तत्वावधान में सातदिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला आदि होंगे।
18 फरवरी से महाविद्यालय का अकादमिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाविद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और मजबूत करते हुए 10 दिनों की राष्ट्रीय कार्यशाला होगी। वहीं आज वार्षिक बजट पर छात्राओं के बीच परिचर्चा होगी।