वाराणसी: फर्जी वीडियो के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर चार दिन बाद एफआईआर, पढ़ें- प्रमुख खबरें
वाराणसी जिले में पिछले 24 घंटे में कई खबरें चर्चा में रहीं। इनमें फर्जी वीडियो के मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष की शिकायत पर चार दिन बाद प्राथमिकी दर्ज होने व साइबर जालसाजों द्वारा निवेश के नाम पर 13.50 लाख रुपये की ठगी का मामला भी शामिल रहा। पढ़ें- अन्य खबरें
विस्तार
भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल का फोटो लगाकर सोशल मीडिया पर कथित तौर पर फर्जी वीडियो और रील प्रसारित कर छवि धूमिल करने के आरोप में मिली शिकायत के चार दिन बाद पुलिस ने दो यूजरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। मेहंदीगंज गांव निवासी भाजपा जिलाध्यक्ष रामशकल पटेल के मुताबिक, बीते बृहस्पतिवार की रात उन्होंने मिर्जामुराद थाने पहुंचकर तहरीर दी थी। आरोप है कि फेसबुक पर मेराज भारती नामक यूजर और इंस्टाग्राम पर अर्चना वाइस-1 नाम के पेज से उनकी फोटो लगाकर कथित फर्जी वीडियो व रील प्रसारित किया गया। इन पोस्ट के जरिये उनकी और भाजपा की छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। रामशकल पटेल ने बताया कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो से उनका किसी भी तरह का संबंध नहीं है। उनका आरोप है कि शिकायत देने के बावजूद चार दिन तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। रविवार को उन्होंने पुलिस कमिश्नर से फोन पर इसकी शिकायत की। इसके बाद प्राथमिकी दर्ज हुई। थाना प्रभारी गोपालजी कुशवाहा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित करने वाले यूजरों की पहचान के साथ ही वायरल वीडियो की वास्तविकता की भी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साइबर जालसाजों ने निवेश के नाम पर 13.50 लाख रुपये ठगे
साइबर जालसाजों ने निवेश का लालच देकर आशीष कुमार सिंह से 13.50 लाख रुपये की साइबर ठगी की है। पहाड़िया बेनीपुर के सत्संग नगर निवासी आशीष कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि 28 जनवरी 2026 को उनके व्हाट्सएप पर अज्ञात नंबर से संपर्क किया गया था। जालसाजों ने आकर्षक निवेश योजनाओं में रुपये लगाने की सलाह दी। इसके बदले में पांच फीसदी लाभ मार्जिन देने का वादा किया गया। उन्होंने 11 किस्तों में कुल 13.50 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। यह रकम छह अलग-अलग बैंक खातों में भेजी गई थी। जब धोखाधड़ी का एहसास हुआ तो उन्साहोंने इबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना प्रभारी निरीक्षक उदय वीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। निरीक्षक योगेंद्र प्रसाद को जांच सौंपी गई है। पुलिस अब उन व्हाट्सएप नंबरों का ब्योरा खंगाल रही है। साथ ही, उन बैंक खातों की भी जांच की जा रही है जिनमें ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
पिता की धमकी से डरी नाबालिग ने छोड़ी पढ़ाई, प्राथमिकी दर्ज
जैतपुरा थाना क्षेत्र के ईश्वरगंगी निवासी छात्रा ने पिता की धमकी और गाली-गलौज से परेशान होकर पढ़ाई छोड़ दी। छात्रा ने अपने पिता के खिलाफ जैतपुरा थाने में तहरीर देकर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस को दी तहरीर में छात्रा ने बताया कि वह पिछले कुछ समय से अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रही है। आरोप है कि उसके पिता आए दिन उसकी मां के साथ मारपीट करते हैं। छात्रा का आरोप है कि पिता उसे भी फोन पर गाली-गलौज करने के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हैं। छात्रा के मुताबिक, बीते चार जून को उसके पिता ने मोबाइल फोन पर कॉल कर गाली-गलौज की और धमकी दी। इससे वह काफी डर गई और कोचिंग जाना छोड़ दिया। उसने घटना की जानकारी अपनी मां को दी। छात्रा ने पुलिस को बताया कि फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है। थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
पिता, सौतेली मां समेत चार पर मारपीट कर कमरे में बंद करने का आरोप
बड़ागांव थाना क्षेत्र के बसनी गांव में शनिवार को पारिवारिक विवाद में एक युवक ने अपने पिता, सौतेली मां समेत चार लोगों पर मारपीट कर घायल करने और कमरे में बंद करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। बसनी गांव निवासी अमन पाठक ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपनी पत्नी सुधा पाठक के साथ घर का दरवाजा खुलवाने गया था। आरोप है कि इसी दौरान उसके पिता अनुपम पाठक, सौतेली मां शालिनी पाठक के अलावा धीरज पाठक और साधना पाठक ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में वह घायल हो गया। थाना प्रभारी प्रवीन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
भरण-पोषण के मुकदमे से नाराज बेटे ने माता-पिता को पीटा
बड़ागांव थाना क्षेत्र के विश्वनाथपुर चौधरी के पुरा गांव में शनिवार को भरण-पोषण के मुकदमे से नाराज बेटे और बहू पर माता-पिता से मारपीट करने का आरोप लगा है। गांव निवासी कृपा शंकर सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने और उनकी पत्नी सीमा देवी ने पुत्र जयनायक सिंह के खिलाफ भरण-पोषण का मुकदमा किया है। आरोप है कि इसी से नाराज होकर जयनायक और उसकी पत्नी नितिका उर्फ तन्नु ने दोनों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट कर दी। थाना प्रभारी प्रवीण सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।
ईंट लदे ट्रैक्टर की टक्कर से घायल केंद्रीय विद्यालय की 10वीं की छात्रा की मौत
अमरा खैरा चक चौराहे के पास ट्रैक्टर की टक्कर से घायल केंद्रीय विद्यालय की 10वीं की छात्रा मानवी मिश्रा की उपचार के दौरान शुक्रवार को मौत हो गई। पीड़ित पिता ने आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ शनिवार को रोहनिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। अमरा खैरा चक के मां अन्नपूर्णा नगर कॉलोनी निवासी संजय कुमार मिश्रा की बेटी मानवी मिश्रा (15) केंद्रीय विद्यालय कंचनपुर में कक्षा 10वीं की छात्रा थी। पीड़ित पिता संजय कुमार मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 20 अगस्त को वह स्कूल से साइकिल से घर लौट रही थी। अमरा खैरा चक चौराहे के पास पहुंची ही थी कि तेज रफ्तार ईंट लदे ट्रैक्टर ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। वह सड़क पर गिर गई तो ट्रैक्टर उसे कुचलते हुए भाग निकला। जिसे कुछ लोगों ने पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घायल मानवी को बरेका अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे भिखारीपुर स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान 21 अगस्त की सुबह 9 बजे उसकी मौत हो गई। रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
युवक पर तलवार से जानलेवा हमला, प्राथमिकी दर्ज
राजातालाब थाना क्षेत्र के बीरभानपुर नेशनल हाईवे पर मो. इम्तियाज पर तलवार से जानलेवा हमला किया गया। पीड़ित ने शनिवार की रात राजातालाब थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई। प्रयागराज निवासी मो. इम्तियाज ने पुलिस को बताया कि छह अगस्त की शाम लगभग 6 बजे वह चाय पीने के लिए बीरभानपुर हाइवे पर रुके थे। इसी दौरान डंपर ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। वाहन से उतरे अज्ञात लोगों ने तलवार से उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। भागते समय हमलावर आपस में किसी मुस्तफा अंसारी नाम पुकार रहे थे। राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
नाबालिग को अगवा, नकदी-आभूषण चोरी में दो पर प्राथमिकी
मंडुवाडीह थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने और 17 हजार रुपये नकदी, आभूषण चोरी मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पीड़िता की मां ने पुलिस को बताया कि 15 अगस्त की शाम उनकी बेटी को बनारस स्टेशन पर आरोपी गोविंद के साथ देखा गया था। मां उसे समझाकर घर ले आई थीं। हालांकि, उसी रात करीब 9 बजे घर से लापता हो गई। परिजनों को बाद में पता चला कि गोविंद अपने साथी हिमांशु के साथ उसे बहला-फुसलाकर ले गया है। आरोपियों ने घर से आभूषण भी चोरी की है। मंडुवाडीह इंस्पेक्टर अजय राज वर्मा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज है। नाबालिग लड़की की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
चौबेपुर ग्राम प्रधान समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी का आदेश
विशेष न्यायाधीश एससी-एसटी सुधाकर राय की अदालत ने चौबेपुर थाना क्षेत्र के गौरा उपरवार गांव निवासी रुबी गोड़ के प्रार्थना पत्र पर सुनवाई करते हुए ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल उर्फ गोलू, शिवेंद्र जायसवाल उर्फ शनि, आयुष जायसवाल, अंश जायसवाल, प्रीत जायसवाल, आकाश कुमार गुप्ता उर्फ बिजली समेत 12 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का आदेश दिया। रुबी गोड़ का आरोप है कि उसके पति प्रमोद ने चौबेपुर निवासी यशराज यादव को यूपीआई के जरिए 10 हजार रुपये उधार दिए थे। यशराज ने दो बार में 7,300 रुपये लौटा दिए। शेष 2,700 रुपये मांगने पर विवाद शुरू हुआ।
आरोप है कि यशराज ने प्रमोद को गोशाला पर बुलाकर ग्राम प्रधान से फोन पर धमकी दिलाने का प्रयास किया।आरोप के मुताबिक, 27 जून की सुबह करीब सात बजे ग्राम प्रधान राघवेंद्र जायसवाल उर्फ गोलू और सोनू जायसवाल काले रंग की स्कॉर्पियो से रुबी के घर पहुंचे। दोनों ने असलहा लहराते हुए गाली-गलौज और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। आरोप है कि घर में घुसकर प्रमोद से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पर रुबी, उसकी सास और बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। राघवेंद्र पर रुबी की 12 वर्षीय दिव्यांग बेटी को चारपाई पर पटकने का भी आरोप लगाया गया है। रुबी के अनुसार, घटना के बाद उसने 112 पर सूचना दी।
पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई, जहां थाने के गेट पर भी उसके पति के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। उसने उसी दिन थाने में तहरीर दी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। बाद में पुलिस के उच्चाधिकारियों, महिला आयोग और अनुसूचित जनजाति आयोग को भी शिकायत भेजी गई। कार्रवाई नहीं होने पर उसने अदालत की शरण ली। थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि न्यायालय का आदेश प्राप्त हुआ है। प्राथमिकी दर्ज कर जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
डीआरएम के निरीक्षण में आईआरसीटीसी के बेस किचन में बंद मिली मशीनें
पूर्वोत्तर रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) आशीष जैन ने रविवार को सिगरा स्थित आईआरसीटीसी के बेस किचन और बनारस स्टेशन पर अमृत भारत एक्सप्रेस की पैंट्री कार का निरीक्षण किया। इस दौरान खाना बनाने से लेकर उसे यात्रियों तक पहुंचाने की प्रक्रिया में गुणवत्ता का ख्याल रखने के साथ ही सफाई पर विशेष ध्यान देने को जरूरी बताया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव के साथ डीआरएम सिगरा स्थित आईआरसीटीसी के बेस किचन पहुंचे। यहां भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, खाद्य सामग्री के भंडारण, रखरखाव, पैकेजिंग, साफ-सफाई, स्वच्छता तथा भोजन तैयार करने में उपयोग किए जा रहे पानी की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने कहा कि भोजन तैयार करने से लेकर पैकिंग तक हर चरण में निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।
निरीक्षण के दौरान यहां रखी कुछ जरूरी मशीनें पीएलएम मशीन, डो नीडिंग मशीन और एग्जॉस्ट मशीन क्रियाशील नहीं मिलीं। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों से मशीनों की खराबी तत्काल दूर कराने को कहा। बनारस स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या सात पर खड़ी ट्रेन संख्या 22589 बनारस-हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस की पैंट्री कार का भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पैंट्री कार में साफ-सफाई और खाद्य सामग्री के सुरक्षित तरीके से रखरखाव पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
सरकारी अस्प्पतालों में दूर होगी डॉक्टरों की कमी, जांच की सुविधाएं बढ़ेंगी
यूपी के डीजी हेल्थ मेडिकल केयर डॉ. एसके चौधरी ने रविवार को दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल का निरीक्षण कर मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने वार्ड में भर्ती मरीजों, तीमारदारों से बातकर जांच, दवा वितरण का हाल जाना। उन्होंने कहा कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर कराया जाएगा। साथ ही एमआरआई सहित जांच की अन्य सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की जाएगी।
डीजी हेल्थ वाराणसी दौरे के लिए एक दिन पहले ही पहुंच गए थे। सुबह उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों का हालचाल जाना। चिकित्सकों के साथ संवाद कर ओपीडी में समय से आने के साथ ही वार्ड में भर्ती मरीजों की निगरानी करते रहने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापित करने पर शासन स्तर से चर्चा की जाएगी। अस्पताल में जल्द ही फिजिशियन और रेडियोलाजिस्ट की नियुक्ति की जाएगी। चिकित्सकों की तैनाती के साथ ही जांच की सुविधाओं के बढ़ने से सीधा लाभ मरीजों को होगा। डीजी ने आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत चिकित्सकों और सपोर्ट स्टाफ के बीच लंबित धनराशि का जल्द वितरण कराएं जाने की बात कही। यह भी कहा कि मरीजों को बाहर की दवा नहीं लिखी जानी है। इस तरह की शिकायत मिलने पर संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सीएमएस डाॅ. एपी मिश्रा, पूर्व सीएमएस डॉ. आरएस राम, चिकित्साधीक्षक डॉ. प्रेमप्रकाश, डॉ. एके मौर्या आदि मौजूद रहे।
रक्षाबंधन पर वाराणसी के 3,850 रसोइयों को योगी सरकार की सौगात, बढ़ा मानदेय और मिली स्वास्थ्य सुरक्षा
रक्षाबंधन से पहले योगी सरकार ने जिले के करीब 3,850 मिड-डे-मील पकाने वाले रसोइयों को बड़ी सौगात दी। सरकार ने रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के साथ उनके परिवार को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का लाभ देने की घोषणा की है। रविवार को इस उपलक्ष्य में कमिश्नरी सभागार में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान 5 रसोइयों को डमी चेक और 5 को डमी कैशलेस चिकित्सा कार्ड दिया गया।
कमिश्नरी सभागार में हुए कार्यक्रम में सबसे पहले लखनऊ में हुए कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा गया। रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि, किसी दुर्घटना या घटना की स्थिति में 2 लाख तक की सहायता, प्रतिवर्ष वस्त्र के लिए दी जाने वाली राशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 करना और 5 लाख रुपये तक के कैशलेस उपचार की सुविधा शामिल है। इन घोषणाओं से रसोइयों में खुशी का माहौल रहा।
मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के स्टांप एवं पंजीयन मंत्री रवींद्र जायसवाल, आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष राम सकल पटेल ने रसोइयों को योजना का लाभ दिया। इसमें चिरौंजी देवी, अमरावती, रीता श्रीवास्तव, प्रभावती देवी, अनीता, लक्ष्मी देवी समेत कुल 10 रसोइयों को सम्मान स्वरूप साड़ी, प्रतीकात्मक चेक एवं प्रतीकात्मक कैशलेस कार्ड भेंट किया गया। यह सम्मान समारोह जिले की सभी विधानसभाओं और नगर क्षेत्र में एक साथ आयोजित हुआ। बीआरसी चिरईगांव, बीआरसी सेवापुरी, बीआरसी आराजीलाईन, ब्लॉक बड़ागांव, बीआरसी काशी विद्यापीठ तथा यूआरसी नगर क्षेत्र में रसोइया बहनों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
रसोइयों से बातचीत
सरकार की इस पहल से हम बेहद खुश हैं। मानदेय बढ़ने से महीने की आमदनी बढ़ गई। अब बीमार होने पर इलाज के लिए सोचना नहीं पड़ेगा। महिलाओं को सम्मान के साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर भी मिला। - रसोइया संतरा देवी, प्राथमिक
विद्यालय, ग्राम लेढ़ूपुर, विकासखंड चिरईगांव
पहले बीमारी के दौरान इलाज पर काफी पैसा खर्च हो जाता था। अब सरकार की ओर से बिना पैसे खर्च किए इलाज की सुविधा मिलने से परिवार को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही मानदेय बढ़ाकर 3,000 रुपये कर दिया गया। -रसोइया बबुनी देवी, प्राथमिक विद्यालय मंडुवाडीह, विकास खंड काशी विद्यापीठ
प्रकृति को केंद्र में रखकर पर्यटन को बढ़ावा दे रही हिमाचल प्रदेश की सरकार : सुखविंदर
हिमाचल के लिए पहाड़ और प्रकृति कोई बाधा नहीं बल्कि राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार प्रकृति को केंद्र में रखकर पर्यटन को बढ़ावा दे रही है ताकि देश-दुनिया से आने वाले पर्यटक हिमालय की स्वच्छ आबोहवा में खुद को तरोताजा और स्वस्थ महसूस कर सकें। ये कहना है हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का। वह रविवार को होटल ताज में फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के 56वें तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने वैश्विक और राष्ट्रीय होटल उद्योगपतियों को निवेश के लिए आमंत्रित किया। साथ ही कहा कि राज्य में रहने योग्य भूमि 30 फीसदी ही उपलब्ध है, फिर भी सरकार ने बड़े होटल और रेस्टोरेंट चेन्स के लिए सिंगल विंडो सिस्टम के जरिये जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी कर रही है। एयर कनेक्टिविटी को सुगम बनाने के लिए धर्मशाला में एयरोसिटी का निर्माण कराया जा रहा है। इसका काम अंतिम चरण में है। सम्मेलन में एफएचआरएआई के अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल और आयोजन सचिव गरिश ओबेरॉय ने मुख्यमंत्री को गुलाबी मीनाकारी का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
नशे में मिले पर्यटक तो उन्हें थाने की जगह होटल पहुंचाएं
हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने राज्य को देश की पर्यटन राजधानी बनाने का विजन साझा किया। कहा कि पर्यटकों की सुविधा के लिए रेस्तरां और बार 24 घंटे खुले रखने की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही नशे में सड़क पर मिलने वाले पर्यटकों को थाने की जगह सुरक्षित होटल पहुंचाया जाए। हिमाचल में अगले वर्ष तक सभी जिला मुख्यालय हेलिपैड से जुड़ जाएंगे। धर्मशाला एयरपोर्ट का विस्तार और हेलिकॉप्टर की सेवाओं पर 3,000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कांगड़ा को मुख्य पर्यटन केंद्र बनाया जा रहा है। सरकार की कार्ययोजना पर्यटकों के प्रवास को न्यूनतम सात दिन तक बढ़ाने की है। वर्ष 2025 में 3.11 करोड़ और जुलाई 2026 तक 1.06 करोड़ पर्यटक पहुंचे। महिला पर्यटकों की सुरक्षा में शिमला पहले और मनाली दूसरे स्थान पर है। राज्य में स्विट्जरलैंड से अधिक बर्फीले क्षेत्र हैं जहां 24 स्थानों पर जून-जुलाई में भी बर्फ रहती है। 40 किमी झीलों के दायरे में क्रूज व स्टार होटल चलाने की योजना है।
22 राज्यों और 20 देशों के 1500 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के 56वें तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का समापन रविवार को नदेसर स्थित होटल में हुआ। सम्मेलन के तीसरे व अंतिम दिन पर्यटन क्षेत्र की असीम संभावनाओं, जीडीपी में इसकी हिस्सेदारी बढ़ाने, कनेक्टिविटी सुधारने और वैश्विक निवेश को आकर्षित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें भारत के 22 राज्यों और दुनिया के 20 देशों के 1500 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के उद्घाटन और समापन सत्रों में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, ओडिशा के डिप्टी सीएम प्रविता परिदा और केएन सिंह देव, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के प्रमुख सलाहकार अवनीश अवस्थी समेत कई हस्तियां शामिल हुईं।
हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री देश का ग्रोथ इंजन : शेखावत
समापन सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी केवल एक सामान्य व्यवसाय नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण और आर्थिक विकास का प्रमुख ग्रोथ इंजन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार का लक्ष्य आगामी वर्षों में देश की जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करना है। इस लक्ष्य के हासिल होते ही यह क्षेत्र कृषि के बाद देश की अर्थव्यवस्था में दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता बन जाएगा।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विगत एक दशक में केंद्र सरकार की नीतियों से होटल और आतिथ्य क्षेत्र में अभूतपूर्व संभावनाएं बनी हैं। उन्होंने उद्योगपतियों को आश्वस्त किया कि सरकार ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत केवल जिम्मेदारियां तय नहीं करेगी बल्कि उपयुक्त माहौल और संसाधन भी मुहैया कराएगी।
डेस्टिनेशन वेडिंग की शुरूआत मेवाड़ राजघराने से हुई: महाराजा लक्ष्यराज सिंह
सत्र में विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित मेवाड़ राजघराने के महाराजा लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि आज भारत में डेस्टिनेशन वेडिंग का चलन तेजी से बढ़ा है। यह इटली जैसे अंतरराष्ट्रीय स्थलों से भी आगे निकल चुका है। देश में डेस्टिनेशन वेडिंग की इस परंपरा की शुरुआत उनके परिवार ने ही शुरू की थी।
साल में 2.80 लाख श्रीलंकाई नागरिक भारत
भारत में श्रीलंका की उच्चायुक्त महिशिनी कोलोन ने दोनों देशों के बीच पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में प्रतिवर्ष करीब 2.80 लाख श्रीलंकाई नागरिक भारत आते हैं। 5 लाख भारतीय पर्यटक श्रीलंका जाते हैं। उन्होंने इस आंकड़े को आगामी वर्षों में दोगुना करने और पर्यटन क्षेत्र में परस्पर निवेश बढ़ाने का आह्वान किया। इस विषय पर सस्टेनेबल एवं रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म की प्रमुख अंकिता जायसवाल ने उनके साथ सार्थक संवाद किया।
अंग्रेजी संवाद पर रिपोर्ट जारी व प्रतिभाओं का सम्मान
हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में संवाद क्षमता को मजबूत करने के उद्देश्य से ईटीएस और एफएचआरएआई ने संयुक्त रूप से जॉब रिलेवेंट इंग्लिश कम्युनिकेशन नीड्स फॉर हॉस्पिटैलिटी रोल्स इन इंडिया नामक रिपोर्ट जारी की गई। सम्मेलन के दौरान देशभर के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट के 56 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया। एफएचआरएआई अध्यक्ष सुरेंद्र जायसवाल ने बताया कि काशी में आयोजित यह सम्मेलन ऐतिहासिक रहा। कार्यक्रम का समापन आयोजन सचिव गरिश ओबेरॉय के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
मुख्यमंत्री ने लिया बनारसी स्वाद का आनंद, काशी विश्वनाथ के किए दर्शन
सम्मेलन के दौरान होटल परिसर में लगे एक्सपो का निरीक्षण करते हुए हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओडीओपी के तहत सजे स्टॉल पर रुककर मशहूर बनारसी मीठे पान का स्वाद लिया। इस दौरान मध्य प्रदेश टूरिज्म के स्टॉल पर एसोसिएशन ऑफ बुद्धिस्ट टूर ऑपरेटर्स के अध्यक्ष कौलेश कुमार ने उन्हें पारंपरिक खतक भेंट कर उनका स्वागत किया। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, कालभैरव मंदिर में दर्शन किए हैं।
देश में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 170 हुई
सम्मेलन के विशिष्ट अतिथि व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुख्य सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र में देशभर में सबसे तेज वृद्धि उत्तर प्रदेश ने दर्ज की है। काशी और अयोध्या विश्व के शीर्ष पर्यटन स्थलों के रूप में उभरे हैं। उद्यमियों की सुविधा के लिए टूरिज्म गाइडलाइंस को काफी सरल बनाया गया है और अब वेलनेस टूरिज्म को प्राथमिकता दी जा रही है। वहीं, केंद्रीय पर्यटन सचिव भुवनेश कुमार ने इंफ्रास्ट्रक्चर की प्रगति साझा करते हुए कहा कि एक दशक में हवाई अड्डों की संख्या 74 से बढ़कर 170 हो चुकी है। यदि देश की जीडीपी में पर्यटन की हिस्सेदारी 5-6% से बढ़कर 30-35% तक पहुंच जाए, तो भारत विश्व की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। सम्मेलन में अतिरिक्त मुख्य सचिव (पर्यटन) अमृत अभिजात ने राज्य के पर्यटन विकास पर पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन पेश किया।