फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Varanasi News ›   Varanasi Top News of Nepalese student studying at BHU committed suicide by hanging

वाराणसी की टॉप खबरें: नेपाल के छात्र ने फंदे से लटक कर दी जान, रेस्टोरेंट में शराब पीने से मना करने पर मारपीट

Fri, 19 Sep 2025 05:44 PM IST
प्रगति चंद अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी।
अमर उजाला नेटवर्क, वाराणसी। Published by: प्रगति चंद Updated Fri, 19 Sep 2025 05:44 PM IST
सार

बीएचयू में पढ़ने वाले छात्र ने फंदे से लटककर जान दे दी। मृत छात्र मूलरूप से नेपाल निवासी था। उसके पिता सिलीगुड़ी में नौकरी करते हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। 

विज्ञापन
Varanasi Top News of Nepalese student studying at BHU committed suicide by hanging
Varanasi Top News - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

वाराणसी जिले के चितईपुर थाना क्षेत्र के नासीपुर स्थित मोहनपुरी कॉलोनी में किराये कमरे में बीएचयू एमए इकोनॉमिक्स प्रथम वर्ष के छात्र विधान विश्वकर्मा (23 वर्ष) ने फंदे पर लटककर जान दे दी। मौके पर पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। छात्र बीएचयू से स्नातक के बाद परास्नातक की पढ़ाई कर रहा था।

विज्ञापन


मूलरूप से नेपाल निवासी विधान विश्वकर्मा के पिता टीका विश्वकर्मा सिलीगुड़ी में नौकरी करते हैं। विधान दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। विधान के दोस्तों ने पुलिस को बताया कि हॉस्टल नहीं मिलने के कारण तीन माह से विधान चितईपुर क्षेत्र के किराये के मकान में कमरा लेकर रहता था।
विज्ञापन




बुधवार को बीएचयू कैंपस गया था। रात में मेस में खाना खाने के बाद वापस कमरे पर आया। सुबह 11 बजे मकान मालिक से फोन पर किराये के पैसे को लेकर विधान ने बातचीत की। दोपहर में अपने कमरे में चला गया।
विज्ञापन
विज्ञापन


शाम 4 बजे के बाद विधान के कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर बगल में रहने वाले दोस्तों ने मकान मालिक राज नारायण को सूचना दी। राजनारायण मौके पर पहुंचे और काफी देर तक दरवाजा खटखटाया, कोई उत्तर नहीं मिलने पर अनहोनी की आशंका हुई।

इसे भी पढ़ें; Exclusive: जामनगर से रामनगर के शिप रिपेयरिंग सेंटर का शिलान्यास करेंगे पीएम मोदी, खास नीतियों को देगा गति

इस पर नक्सलबाड़ी सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल में रहने वाले विधान के पिता टीका विश्वकर्मा को सूचना दी। टीका ने विधान के एक दोस्त अमित थापा को फोन करके मौके पर भेजा। अमित ने पुलिस को सूचना दी। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार चितईपुर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और दरवाजा तोड़ा। फॉरेंसिक टीम ने भी छानबीन की।  

रेस्टोरेंट में शराब पीने से मना करने पर मारपीट, केस दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के नगवा अस्सी स्थित कैफ़े में शराब पीने का विरोध करने पर युवक और युवती के खिलाफ मारपीट और तोड़फोड़ मामले में केस दर्ज कराया। रेस्टोरेंट संचालक विष्णु गौड़ ने पुलिस को बताया कि 16 सितंबर की रात लगभग 9 बजे के करीब युवक और युवती पहुंचे और खाने का ऑर्डर दिया। इसके बाद दोनों शराब पीने लगे, वेटर ने मना किया तो उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। लंका इंस्पेक्टर राजकुमार ने बताया कि फुटेज से दोनों की पहचान कराई जा रही है। ब्यूरो

जमीन का प्रलोभन देकर 16 लाख हड़पे, मुकदमा दर्ज
जमीन दिलाने के नाम पर 16 लाख रुपये हड़पने मामले में बृहस्पतिवार को सारनाथ थाने में केस दर्ज किया गया। सारनाथ पहड़िया स्थित अशोक बिहार काॅलोनी की सावित्री जैसवार ने पुलिस को बताया कि पति भृगु नाथ शास्त्री है। सारनाथ खजुही के सूर्यबली त्रिपाठी से पुराना संबंध था। सूर्यबली त्रिपाठी की जमीन खरीद फरोख्त संबंधित इम्पो मल्टी ट्रेड कंपनी है। शिवपुर में जमीन दिलाने का झांसा देकर 16 लाख रुपये लिए। दनियालपुर नक्खीघाट के जयंत सिंह, खजुही के सूर्यबली त्रिपाठी व अज्ञात ने 28 अगस्त 2015 को 21 हजार लेकर कंपनी के नाम रसीद काटे। 1530400 रुपये नकदी बाद में लिए। थाना प्रभारी सारनाथ विवेक कुमार त्रिपाठी बताया कि सूर्यबली और जयंत सिंह समेत अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है। 

मालगाड़ी के सामने कूदकर युवक ने दी जान
सारनाथ थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग के पास बृहस्पतिवार की शाम मालगाड़ी के सामने कूदकर अमित गांधी (40) ने जान दे दी। कोतवाली क्षेत्र निवासी अमित गांधी के क्षत विक्षत शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। थाना प्रभारी विवेक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मालगाड़ी सारनाथ रेलवे स्टेशन से वाराणसी सिटी की तरफ जा रही थी। इस बीच एक व्यक्ति मालगाड़ी ट्रेन के सामने कूद गया।  

जमीन धोखाधड़ी में चार आरोपियों पर केस दर्ज
जमीन धोखाधड़ी मामले में चार आरोपियों आशीष उपाध्याय, संजय सिंह, राज साहू और मक्खनू सिंह के खिलाफ बृहस्पतिवार को शिवपुर थाने में केस दर्ज किया गया। गाजीपुर के शादियाबाद के भदौरा निवासी चंद्रहास चौबे ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने जमीन दिलवाने के बहाने धोखाधड़ी की। शिवपुर इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने बताया कि केस दर्ज किया गया है। 

पुलिस पिकेट से 100 मीटर दूर चेन छिनैती
रामनगर चौराहा पर पिकेट से मात्र 100 मीटर की दूरी पर भांग वाली गली के समीप खड़ी एक महिला का चेन छीनकर बाइक सवार दो बदमाश भाग निकले। बुधवार की घटना के बाबत पुलिस ने केस दर्ज किया है। मिर्जापुर के जमालपुर थाना क्षेत्र के जगदीशपुर निवासी चंदा देवी ने पुलिस को बताया कि वह अपने किसी परिचित को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में देखने आयी थी। शाम को वह घर लौटने के लिए चौक चौराहा पर खड़ी होकर वाहन का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर दो युवक चौराहे की तरफ से आये और छपट्टा मारकर गले की चेन छीनकर भाग निकले। थानाध्यक्ष दुर्गा सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। 

अवसाद ग्रस्त युवक ने फंदे पर लटक दी जान
फूलपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव में बुधवार की रात विंध्य कुमार दुबे 38 वर्ष ने फंदे पर लटक जान दे दी। पत्नी के मायके में रहने से अवसाद में था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। बृहस्पतिवार की सुबह देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजन पहुंचे तो वह फंदे पर लटका था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पत्नी के साथ कुछ विवाद चल रहा था और पत्नी अपने नौ साल की बेटी के साथ मायके में रहती थी। एक साल पहले से दोनों अलग अलग रहते थे। पत्नी के अलग होने से विंध्य अवसाद ग्रस्त था। पिता कुम्भनाथ पिछले साल से लकवाग्रस्त है। विंध्य तीन पुत्रों में सबसे छोटा था। 

ट्रक से भिड़ा डीसीएम, चालक की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के वाराणसी-जौनपुर फोरलेन मार्ग स्थित चुप्पेपुर में बृहस्पतिवार की सुबह 8 बजे चलती ट्रक में सेव लदे डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। इसमें डीसीएम चालक शिवकुमार तिवारी 32 वर्ष की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। प्रतापगढ़ के धनासार सैफाबाद निवासी शिवकुमार तिवारी डीसीएम में सेव लेकर पहड़िया मंडी जा रहा था। तभी उसके आगे चल रही ट्रक में वह पीछे से घुस गया। पुलिस उसे पीएचसी पिंडरा ले गई, जहां से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम चालक अकेले ही था। परिजनों को सूचना देकर आगे की कार्रवाई की गई। 

पुलिस ने बरामद किए 6 मोबाइल फोन
मंडुवाडीह पुलिस ने गायब हुए छह मोबाइल फोन बरामद किए। 1.36 लाख मूल्य के मोबाइल को पुलिस ने बृहस्पतिवार को उनके मालिकों को सौंपा। थानाध्यक्ष अजय राज वर्मा ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से सभी मोबाइल को बरामद किया गया। 

मंगला आरती देखने पहुंची दर्शनार्थी का मंगलसूत्र छीना
दशाश्वमेध थाना क्षेत्र के मुंशी घाट के पास बुधवार की रात मंगला आरती देखने पहुंची हैदराबाद की दर्शनार्थी लक्ष्मी शैलजा के गले से मंगलसूत्र छीनकर युवक भाग निकला। पीड़िता ने बृहस्पतिवार को दशाश्वमेध थाने में केस दर्ज कराया। हैदराबाद के जीडिमेटला थाने क्षेत्र की रहने वाली लक्ष्मी शैलजा ने पुलिस को बताया कि रात 2 बजे मुंशी घाट के पास गली में जा रही थी, तब एक युवक मंगलसूत्र छीनकर भाग निकला। दशाश्वमेध प्रभारी निरीक्षक विजय नाथ शुक्ला ने बताया कि सीसी कैमरों के फुटेज खंगाला जा रहा है। 

पिशाचमोचन कुंड में मरकर उतराईं 21 क्विंटल मछलियां
पितृ पक्ष में पिशाचमोचन कुंड में श्राद्ध, तर्पण और त्रिपिंडी करने देश भर से लोग आ रहे हैं। इस दौरान कुंड में हो रही गंदगी के चलते 21 क्विंटल मछलियां मरकर उतराई हैं। जिसकी जानकारी नगर निगम को दी गई। सफाई कर्मचारियों ने मछलियों को निकालने के साथ उसमें चूना डाला ताकि ऑक्सीजन की मात्रा बढ़े और बाकी मछलियां आसानी से सांस ले सकें।क्षेत्रीय लोगों के अनुसार बाहर से आने वाले यात्री पूजा पाठ के दौरान यहां कुंड में गंदगी कर रहे हैं। जिसके कारण मछलियां मर रही हैं। श्राद्ध कर्म करने के बाद लोग पूजा पाठ का सामान कुंड में प्रवाहित करते हैं। जब इनकी अधिकता हो जाती है तो मछलियों के मरने का क्रम शुरू हो जाता है। नगर निगम के अधिकारी के अनुसार मछलियां हटवाई जा रही हैं। कुंड में चूना डालकर ऑक्सीजन की मात्रा बढ़ाई जा रही है।  

वीडीए ने दो अवैध निर्माण कराए सील
वीडीए ने बृहस्पतिवार को दो अवैध निर्माण को सील कराया। सारनाथ वार्ड के बनियापुर में जगदीश मास्टर की ओर से ग्रीन बेल्ट में अवैध निर्माण कराया गया था। इसे नोटिस देकर सील किया गया। वार्ड सारनाथ के बेनीपुर परशुराम क्षेत्र के राजू गुप्ता ने बिना मानचित्र स्वीकृत कराए निर्माण कार्य कराया। इसे नोटिस देकर सील कराया। जोनल अधिकारी श्रीप्रकाश कुमार और अवर अभियंता विनोद कुमार की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।  

अपर सचिव ने मिनी स्टेडियम का किया निरीक्षण
वीडीए के अपर सचिव डाॅ. गुडाकेश शर्मा ने बृहस्पतिवार को शिवपुर के मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम और जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। स्टेडियम में मल्टी परपज हाॅल, वाॅकिंग ट्रैक, चेंजिंग रूम, कवर्ड योगा पवेलियन, दर्शक पवेलियन, चिल्ड्रेन प्ले एरिया, ओपेन जिम एरिया, हाॅकी, फुटबाॅल फील्ड, वाॅलीबाॅल कोर्ट आदि का निर्माण होगा। अपर सचिव ने निर्देश दिया कि कार्यस्थल पर धीमी प्रगति देख कॉन्ट्रैक्टर को कार्य की गति बढ़ाने को कहा। वहीं जिले में बन रहे आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए जिला पुस्तकालय में मल्टी परपज हाॅल, डिजिटल लाइब्रेरी, रीडिंग हाॅल, रिसेप्शन ऑफिस, हेरिटेज कल्चर स्पेस, क्लॉक रूम का भी निर्माण होगा। यहां कार्य की प्रगति संतोषजनक मिली। अपर सचिव ने जलकल विभाग के निष्प्रोज्य ट्यूबवेल को हटाकर परिसर को टीन शेड से घेरने का कार्य 02 दिन में पूरा कराने को कहा। अधिशासी अभियन्ता से कार्यस्थल पर लगे ट्रांसफाॅर्मर को नियमानुसार हटवाने के लिए कहा। 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed